जागरण न्यूज नेटवर्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 10वीं मुहर्रम के जुलूस के दौरान कई जिलों में हुए उपद्रव में बीस लोग घायल हो गए। मुरादाबाद के सिरसा इनायतपुर उर्फ दौड़बाग गांव में दो पक्षों के बीच मामूली बात पर विवाद ने विकराल रूप धारण कर लिया। एक धार्मिक स्थल के सामने मातम करने और एक ताजियेदार के कपड़ों पर कीचड़ की छींटें पड़ जाने से बवाल हो गया। उपद्रव में दर्जनभर घर फूंक दिए गए। फायरिंग भी हुई जिसमें एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। दर्जन भर परिवार गांव से पलायन कर गए हैं। भारी पुलिस फोर्स तैनात कर धारा 144 लगा दी गई है। उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए गए हैं।
आइजी कानून-व्यवस्था राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि एक दो छिटपुट मामलों को छोड़कर सभी जगह सकुशल जुलूस निकला। लखनऊ में इस बार सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए थे। कानपुर के चकेरी में दो वर्गो के लोग जुलूस के रास्ते को लेकर आमने-सामने आकर पथराव करने लगे। बलरामपुर जिले में कई स्थानों पर ताजिया जुलूस के दौरान उपद्रव हुआ जिसमें करीब दस लोग जख्मी हो गए हैं। उधर, गोंडा के कटरा क्षेत्र के पहाड़ापुर गांव में ताजिया निकालते वक्त दो पक्षों में विवाद हो गया। उपद्रवियों ने तीन घर जला दिए। यहां तीन लोगों के जख्मी हो गए। सीतापुर में कमलापुर के ताजियेदारों का कर्बला को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। एक व्यक्ति घायल हो गया जिसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। बहराइच के रुपईडीहा क्षेत्र एक धार्मिक स्थल को लेकर पथराव हो गया। वहीं बाराबंकी और अमेठी में जुलूस के दौरान दीवार गिराने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
फायरिंग व पथराव में नौ घायल
हरिद्वार : जैनपुर झंझेडी गांव में मातमी जुलूस निकालने को लेकर शिया-सुन्नी गुटों के बीच फायरिंग व जमकर पथराव हुआ। पथराव में दो पुलिसकर्मियों समेत नौ लोग घायल हो गए। इस दौरान भीड़ ने दो घरों में जमकर तोड़फोड़ की। बवाल की सूचना पर डीआईजी मौके पर पहुंचे। तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात की गई है। पुलिस के अनुसार जैनपुर झंझेड़ी गांव में शिया समूह मोहर्रम की सात व नौ तारीख की रात को मातमी जुलूस निकलता है। गुरुवार देर रात जुलूस मल्हू हसन, बाकर, जाकिर, गुलाम साबिर के घर अलम उठाने जा रहा था। इससे पहले भी तीन-चार लोग अलम उठाते रहे हैं, लेकिन जुलूस को देख सुन्नी समूह के लोग भड़क गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से पथराव हो गया।
मेदिनीपुर में उपद्रवियों ने मचाया तांडव
खड़गपुर : एक धार्मिक जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की पुलिस प्रशासन की कोशिशों को गुरुवार रात तब गहरा धक्का लगा, जब उपद्रवियों के समूह ने खड़गपुर एवं पश्चिमी मेदिनीपुर में तांडव मचाया। एक ओर जहां गोल बाजार में कई दुकानों पर हमले कर उनके शटर व ग्लोसाइन बोर्ड को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, वहीं मेदिनीपुर में भी जमकर उपद्रव हुआ। गोल बाजार में घटना से नाराज दुकानदारों ने 24 घंटे दुकान बंद कर नुकसान की भरपाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसे लेकर इलाके में तनाव है।
Source- Hindi News
Source- Hindi News