माकपा के महासचिव प्रकाश करात के आप के पक्ष में दिए बयान के बावजूद पार्टी के सूत्र दोनों के बीच किसी चुनावी तालमेल की संभावना से इन्कार कर रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक यह गर्मजोशी चुनाव बाद की किसी स्थिति में जरूर उपयोगी हो सकती है। कुछ समय पहले तक वामपंथी दल सपा नेता मुलायम सिंह की अगुआई में तीसरे विकल्प की संभावना तलाशने में जोर-शोर से जुटे थे। दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद से पार्टी इन प्रयासों को तवज्जो नहीं दे रही। करात ने कहा कि आप ने वह कर दिखाया है, जो उनकी पार्टी करना चाहती थी। इससे पहले भी करात आप की तारीफ कर चुके हैं। वामदलों को अच्छी तरह पता है कि उनकी ओर से इस नई पार्टी की बार-बार की जा रही तारीफ सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव सहित दूसरे क्षत्रपों को रास आने वाली नहीं है। इससे चुनाव बाद गैर-कांग्रेस और गैर-भाजपा गठबंधन की संभावनाओं को भी नुकसान होगा।
Source: News in Hindi