Showing posts with label Rafael Nadal. Show all posts
Showing posts with label Rafael Nadal. Show all posts

Tuesday, 12 November 2013

Djokovic denies Nadal last word in the World Tour Finals

ATP World Tour Finals
लंदन। अमेरिकी ओपेन की हार और फिर नंबर वन का ताज छीनने वाले स्पेन के राफेल नडाल को सत्र की सबसे दर्दनाक हार देकर विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने तीसरी बार वर्ष का आखिरी एटीपी व‌र्ल्ड टूर फाइनल्स खिताब अपने नाम कर लिया है।

लंदन के ओटू एरिना में दूसरी वरीयता प्राप्त जोकोविक ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नडाल को एक घंटे 36 मिनट तक चले हाईवोल्टेज मैच में लगातार सेटों में 6-3, 6-4 से परास्त कर दिया। इसी के साथ सर्बियाई खिलाड़ी ने न सिर्फ अपने खिताब का बचाव किया बल्कि तीसरी बार वर्ष के आखिरी एटीपी टूर्नामेंट में जीत दर्ज करने की उपलब्धि भी हासिल कर ली जबकि नडाल अभी तक एक बार भी यह टूर्नामेंट नहीं जीत सके हैं। यह जोकोविक की लगातार 22वीं जीत थी। उन्होंने नडाल के हाथों अमेरिकी ओपेन का खिताबी मुकाबला हारने के बाद से कोई भी मैच नहीं हारा है। इसी के साथ वह उस एलीट ग्रुप के सातवें खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने वर्ष का आखिरी एटीपी टूर्नामेंट कम से कम तीन बार जीता है। थेम्स नदी के किनारे खुबसूरत एरिना में दुनिया के टॉप-2 खिलाड़ियों के बीच मैच को देखने के लिए स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था। यह दोनों 39वीं बार आमने-सामने थे। दोनों खिलाड़ियों ने इससे पहले अपने अपने ग्रुप के राउंड रॉबिन मैचों के सभी मुकाबले जीतकर फाइनल तक प्रवेश किया था।

चोट के कारण कोर्ट से करीब सात महीने तक दूर रहने के बाद फरवरी में टेनिस इतिहास की सबसे यादगार वापसी करने वाले नडाल ने अब तक केवल सत्र के आखिरी एटीपी टूर में ही जीत दर्ज नहीं की है। इस हार के साथ नडाल, आंद्रे अगासी की बराबरी करने से भी चूक गए हैं जिन्होंने करियर में चारों ग्रैंड स्लैम, ओलंपिक स्वर्ण पदक, डेविस कप और सत्र का आखिरी एटीपी टूर्नामेंट जीता है।

नडाल ने मैच के बाद कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह हार मेरे करियर को बदलने वाली है। मैं दुखी नहीं हूं। मुझे पहले से पता था कि इस टूर्नामेंट में मैं पसंदीदा खिलाड़ी नहीं था। मुझे लगता है कि मैंने शुरुआत से ही अच्छी कोशिश की और सही दिशा में प्रयास भी किया भले ही फिर मैच मेरे अनुसार नहीं चला।

जोकोविक ने 19 फाइनल्स में नडाल को 10 बार हराया है। जोकोविक ने मैच के बाद कहा कि यूएस ओपन में हार के बाद मैंने धीरे-धीरे चीजों को समझना शुरू किया है। मैंने इसकी समीक्षा की कि कहां मुझसे नडाल के खिलाफ खेलने में गलती हुई। मुझे नडाल के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए उसी अनुसार खेलना था और इस परिणाम से साफ है कि पिछले दो महीने में मैंने खेल में काफी सुधार किया है।