Showing posts with label coach. Show all posts
Showing posts with label coach. Show all posts

Tuesday, 7 January 2014

Coach of Bolt to train this Indian Athelete

मुंबई। पिछले साल सितंबर में रांची में आयोजित राष्ट्रीय ओपेन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 200 मीटर दौड़ जीतने वाले ओडिशा के धावक अमिय मल्लिक अब विश्व के सबसे तेज व चैंपियन फर्राटा धावक उसैन बोल्ट को प्रशिक्षण देने वाले कोच ग्लेन मिल्स से ट्रेनिंग लेंगे। 

मल्लिक इस साल होने वाली बड़ी स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, '200 मीटर में मैंने रांची में 21.22 सेकेंड का समय निकाला था। मैं इस साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों को ध्यान में रखकर तैयारी करना चाहता हूं। इस महीने की 12 तारीख को मैं जमैका जा रहा हूं, जहां चार महीनों तक मैं उसैन बोल्ट के कोच से प्रशिक्षण लूंगा।' 21 वर्षीय अमियने कहा, 'मेरा इरादा 200 मीटर में और भी बेहतर करना है। यदि मैं अपने समय में सेकेंड के कुछ हिस्सों का भी सुधार करने में सफल होता हूं तो मैं एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में क्वालीफाई कर जाऊंगा। मैं कोच के साथ अपनी फिटनेस पर भी काम करूंगा। मैं राष्ट्रीय रिकॉर्ड (20.73 सेकेंड) तोड़ना चाहता हूं।'

मल्लिक ने बताया कि वह राज्य संघ की तरफ से ट्रेनिंग के लिए जमैका जा रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स संघ से इसकी इजाजत ले ली है, उन्होंने कहा, 'फिलहाल हमारा कोई कैंप नहीं लगने वाला है। वैसे मुझे लगता है कि राज्य संघ ने इसकी इजाजत ले ली होगी।' मिल्स ओलंपिक खेलों में छह स्वर्ण पदक जीत चुके बोल्ट को 2004 से प्रशिक्षण दे रहे हैं। बोल्ट के हमवतन और पूर्व विश्व चैंपियन योहान ब्लेक भी मिल्स के रेसर्स ट्रैक क्लब की देन हैं।