Thursday, 18 September 2014

Umpire stops Dhoni from changing bowler

चैंपियंस लीग टी20 का पहला मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। जहां चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम पिच के हिसाब से एक अच्छे स्कोर का बचाव नहीं कर सकी, वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के आंद्रे रसेल ने अपनी टीम की खराब शुरुआत के बावजूद अंत में जानदार अर्धशतक (58) जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई। वैसे, टी20 मैच हो और कुछ दिलचस्प चीजें ना हों ये भला कैसे हो सकता है। इस मैच में भी कुछ ऐसा ही हुआ। जब कप्तान से लेकर अंपायर तक और फैंस से लेकर गेंदबाज तक, सबका चेहरा देखने लायक था।

दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स को शुरुआत में ही आशीष नेहरा ने दो गेंदों पर लगातार दो झटके दे दिए थे। चेन्नई सुपरकिंग्स के गेंदबाजों ने बेहतरीन शुरुआत की थी और धौनी कोई चूक नहीं करना चाहते थे। इसी बीच मोहित शर्मा पारी का तीसरा ओवर फेंकने आए। मोहित ने गेंद फेंकने के लिए दौड़ लगाई लेकिन अचानक पता नहीं धौनी के दिमाग में क्या आया कि उन्होंने बीच में ही मोहित को रोक दिया और गेंद इश्वर पांडे को देने के लिए कहा। ना जाने इसके पीछे माही की क्या रणनीति थी लेकिन अंपायर इससे खुश नहीं दिखे और अंपायर ने कहा कि नियमों के हिसाब से अब मोहित को ही ये ओवर फेंकना होगा क्योंकि वो अपना रन-अप ले चुके थे। अब धौनी भी क्या करते, नियमों के आगे तो मजबूर थे ही....लेकिन फिर जो हुआ, उसने सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। मोहित ने अपनी उस पहली ही गेंद पर धुआंधार बल्लेबाज यूसुफ पठान का विकेट ले लिया। पठान ने एक खराब शॉट खेलते हुए गेंद कीपर के हाथों में थमा दी। जाहिर है कि इस ओवर के बाद धौनी ने अंपायर को किसी न किसी अंदाज में शुक्रिया कहा ही होगा, क्योंकि गेंदबाज न बदलना ही चेन्नई के पक्ष में साबित हुआ।

No comments:

Post a Comment