Showing posts with label Aam Adami Party. Show all posts
Showing posts with label Aam Adami Party. Show all posts

Monday, 13 January 2014

Modi nervous from AAP rise: Shakeel Ahmed

नई दिल्ली। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि आम आदमी पार्टी [आप] के उदय से मोदी नर्वस हो गए हैं। शकील अहमद ने कहा कि कांग्रेस पर भाजपा का हमला तो समझ में आता है मगर आप पर मोदी के हमले से यह स्पष्ट हो गया है कि वो उनसे डर गये हैं। 

इससे पहले गोवा में भाजपा की विजय संकल्प रैली के दौरान कल नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में न सिर्फ कांग्रेस, बल्कि पहली बार खुल कर आप को भी निशाने पर लिया था। नरेंद्र मोदी के बयानों पर कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोदी कांग्रेस की आलोचना करते हैं यह बात समझ में आती है, लेकिन वह अब आम आदमी पार्टी की भी आलोचना करने लगे हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि क्या मोदी आम आदमी पार्टी के उदय से नर्वस हो गए हैं? 

उल्लेखनीय है कि गोवा में भाजपा की रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर नरेंद्र मोदी ने कहा था कि देश अनुभव से चलेगा, सादगी के ड्रामे से नहीं। उन्होंने कहा कि अब देश को तय करना है कि टेलीविजन पर दिखने से देश का भला होगा या फिर धरती पर विजन देखने से भला होगा। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में देश के सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, देश में पिछले दस सालों से कांग्रेस की सरकार रही है। इस वक्त का लेखा-जोखा लें तो देश ने अभी तक के सबसे बुरे दिन देखे हैं।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि मीडिया वालों को दिल्ली के बाहर कुछ दिखता नहीं है। देश में कई ऐसे नवरत्न है जो देश के लिए जीते हैं। उन्होंने आगे कहा, मैं 12 साल से गुजरात की सेवा कर रहा हूं। टीवी की स्क्रीन पर और अखबार के पन्ने पर न जगह बना पाया, न उनको जीत पाया। लेकिन जनता के दिलों से मैं कभी नहीं हारा। 

Source: Hindi News

Delhi jal board issued notices to install faulty water meter

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जल बोर्ड की ओर से पानी के पुराने मीटर को लगाने के लिए भेजे जा रहे नोटिस को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को जांच के आदेश दे दिए है। इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं उनकी टीम ने पिछले साल 28 अप्रैल को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करके पानी के पुराने मीटर को फॉल्टी बताया था। आप की टीम ने इसपर सवाल उठाते हुए कहा था कि इस मीटर में पानी के साथ हवा का भी बिल आता है। 

हालांकि अब दिल्ली में आप की सरकार बनने और जल बोर्ड खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास होने के बावजूद इसी फॉल्टी मीटर को लगाया जा रहा है। जल बोर्ड की ओर से पुराने मीटर को ही फिर से लगाए जाने के लिए जारी किए गए नोटिस को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह इस मामले की जांच करायेंगे। उन्होंने कहा कि मीडिया के जरिये उन्हें इस नोटिस के बारे में जानकारी मिली है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने जल बोर्ड की बैठक भी बुलाई है। 

उल्लेखनीय है कि एक समाचार पत्र में छपी खबर के मुताबिक राजधानी में कई आरडब्ल्यूए को जल बोर्ड की तरफ से और पानी के पुराने मीटर लगाने वाली कंपनी की तरफ से नोटिस आ रहे हैं। उत्तरी दिल्ली के एक आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि की मानें तो उन्हें कंपनी की तरफ से 4 जनवरी को मीटर बदलने का नोटिस मिला। इसके साथ ही जल बोर्ड की तरफ से 2 जनवरी को जारी नोटिस की कॉपी भी लगी है। इसमें पुराने मीटर को बदले जाने में मदद करने की अपील की गई है। जल बोर्ड सभी मीटरों को चेंज करने का काम पिछले साल से ही कर रहा है। पिछले साल भी इसी तरह के नोटिस जारी किए गए थे।

अब नई सरकार बनने के बाद वैसा ही नोटिस फिर आया है। इस नोटिस में कहा गया है कि जल बोर्ड प्रभावी व्यवस्था बनाने के लिए सभी मीटरों को बदलने के फैसले पर अमल कर रहा है ताकि नॉन रेवेन्यू वॉटर [ऐसा पानी, जिसका पैसा नहीं देना होता] कम किया जा सके। यह भी कहा गया है कि मीटर बदलना अनिवार्य है। नोटिस में लिखा है कि मीटर लगाने का खर्चा जल बोर्ड उठाएगा। कंपनी ही सात साल तक इनकी देखरेख का जिम्मा देखेगी। 

Source: Hindi News