Showing posts with label Modi wave. Show all posts
Showing posts with label Modi wave. Show all posts

Thursday, 26 December 2013

AAP slams BJP for changing stand on Delhi govt formation



नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी आप के दिल्ली में सरकार बनाने के फैसले के बाद सुर बदलने वाली भाजपा पर गुरुवार को आप के नेता योगेंद्र यादव ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने को लेकर भाजपा ने सबसे पहले उन्हें जनता के प्रति विश्वासघात करने वाला और जिम्मेदारियों से पीछे हटने वाली पार्टी बताया था। लेकिन जैसे ही उन्होंने सरकार बनाने का फैसला लिया तो अब भाजपा उसका कांग्रेस से तालमेल होने का दुष्प्रचार कर रही है। 

यादव ने कहा कि दरअसल भाजपा को यह डर सताने लगा है कि जिस तरह से आप ने कुछ समय में दिल्ली की सत्ता से कांग्रेस को बेदखल कर दिया है वही हाल वह उनके पीएम प्रत्याशी और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब मोदी की गाड़ी पिंक्चर होने का डर सता रहा है, तभी वह अनर्गल बातें कर रही है। 

आप नेता के मुताबिक भाजपा आप की लोकप्रियता से घबराकर इस तरह की बयानबाजी कर रही है। वह समझ गई है कि आप मोदी की गाड़ी को आसानी से बेपटरी कर मोदी की लहर को बर्बाद कर सकती है। योगेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा मोदी को एक लहर बताती रही है। यदि वह सचमुच एक लहर हैं तो भाजपा को कुछ दिन पुरानी पार्टी से नहीं घबराना चाहिए। 

यादव ने माना कि मोदी को एक लहर की संज्ञा देना अभी बहुत जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा नेता अरुण जेटली और शाहनवाज हुसैन हर जगह कह रहे थे कि आप को अपनी जिम्मेदारी दिखाते हुए सरकार बनानी चाहिए। लेकिन सरकार बनाने की बात के तीन दिन बाद भाजपा आप के इस कदम को गैर मर्यादित बताते हुए उसे ही भ्रष्ट बताने पर तुली है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि आखिर दस दिन के अंदर उसके रुख में इस तरह का बदलाव कैसे आ गया है।

यादव ने साफ किया कि आप ने कांग्रेस से किसी तरह का कोई भी गठबंधन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि आप अपने ही 28 विधायकों के साथ सरकार बनाने जा रही है। यह भी फैसला जनता की राय जानने के बाद लिया गया है। योगेंद्र ने कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है अब उसको पूरा किया जाएगा।