Showing posts with label Shrines and temple. Show all posts
Showing posts with label Shrines and temple. Show all posts

Tuesday, 7 January 2014

Krdmeshwar temple Arga recovered, two suspects arrested...

वाराणसी। कंदवा (मंडुवाडीह) स्थित पौराणिक पुरातात्विक महत्व के कर्दमेश्वर मंदिर से एक सप्ताह पूर्व चोरी गए शिवलिंग के पीतल व अष्टधातु से निर्मित अरघे का टुकड़ा पुलिस ने सोमवार को बरामद करने का दावा किया है। इस बाबत खोजवां क्षेत्र निवासी रोहित विश्वकर्मा उर्फ शेरू व निराला नगर सिगरा के शंभू उफ सुनील को गिरफ्तार किया गया है।

मंडुवाडीह पुलिस के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व चोर पंचकोशी मार्ग पर पड़ने वाले कर्दमेश्वर मंदिर स्थित शिवलिंग के अरघे का करीब तीन फीट हिस्सा काट ले गए थे। चोरी की जानकारी होने पर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया था। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीण अरघा बनवाने के लिए चंदा भी जुटा रहे थे। इसी बीच मंडुवाडीह थाने के उपनिरीक्षक संतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दो चोर अरघे का कुछ हिस्सा बेचने के लिए उत्तरी ककरमत्ता में आने वाले हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मुखबिर के इशारे पर दो चोरों को धर दबोचा। उनके पास से अरघे का टुकड़ा बरामद किया गया। 

अरघे का कुछ हिस्सा चोरों ने गला कर बेच भी दिया है। पकड़े गए रोहित उर्फ शेरू व शंभू पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।

एक सप्ताह तक की थी रेकी- चोरों ने अरघा काटने के लिए एक सप्ताह तक कर्दमेश्वर मंदिर की रेकी भी की थी। पुलिस के मुताबिक पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद चोरों ने अरघा काटा था। वहीं ग्रामीणों के मुताबिक अरघा बरामद करने के मामले में पुलिस की कहानी में छेद है। फिलहाल पुलिस इस चोरी में और भी लोगों का हाथ होने की छानबीन कर रही है।

Wednesday, 1 January 2014

Popular visiting shrines and temple during the New Year season

नई दिल्ली। नया साल का शुरुआत हर कोई अपने-अपने ढंग से करता है। कुछ दोस्तों के साथ पार्टी मनाकर तो परिवार के साथ घर से दूर जाकर नए का सेलिब्रेशन करते हैं। नया साल का जश्न मनाने के लिए अधिकांश लोग देश-विदेश भ्रमण पर जाते हैं, पर कुछ लोग धार्मिक स्थलों या मंदिरों में मत्था टेककर नए साल की शुरुआत करते हैं। तो हम आपको बताते हैं कि नए साल में आप इन धार्मिक स्थलों पर जाएं। 

शिरडी साई बाबा मंदिर
शिरडी के साई बाबा का मंदिर विश्व भर में प्रसिद्ध तीर्थस्थल है। शिरडी अहमदनगर जिले के कोपरगांव तालुका में है। शिरडी में साई बाबा की सफेद संगमरमर की समाधि और एक बड़ी मूर्ति स्थित है। मंदिर में चार बार आरती होती है। गुरु पूर्णिमा, दशहरा और राम नवमी के समय साई मंदिर 24 घंटे के लिए खुला रहता है। शिरडी के सबसे नजदीकी एयरपोर्ट औरंगाबाद है। एयरपोर्ट से शिरडी टैक्सी या बस द्वारा जाया जा सकता है। शिरडी के सबसे नजदीक रेलवे स्टेशन मनमाड है। यह मुंबई और नासिक से सीधी रेलमार्ग द्वारा जुड़ा है। शिरडी के लिए महाराष्ट्र के प्रमुख शहर जैसे पुणे, नासिक, मुंबई, औरंगाबाद से सड़क मार्ग जुड़ा है। 

वैष्णो देवी मंदिर
जम्मू राज्य में कटरा के नजदीक वैष्णो देवी मंदिर पहाड़ियों पर स्थित है। कटरा से लगभग 12 किमी की दूरी पर वैष्णो देवी मंदिर है। त्रिकूट पर्वत पर गुफा में विराजित माता वैष्णो देवी का स्थान हिंदुओं का एक प्रमुख तीर्थ स्थल है, जहां दूर-दूर से लाखों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए आते हैं। वैष्णो देवी भवन की यात्रा की शुरुआत कटरा से होता है। जम्मू से बस या टैक्सी द्वारा कटरा पहुंचा जा सकता है। जम्मू तक बस, टैक्सी, ट्रेन या फिर हवाई जहाज से पहुंचा जा सकता है।

तिरुपति बालाजी मंदिर
भगवान विष्णु का प्रसिद्ध तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के तिरुपति में स्थित है। बालाजी को भगवान वेंकटेश्वर के नाम से जाना जाता है। वेंकटेश्वर या बालाजी को भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है। तिरुमला के सात पर्वतों में से एक पर बना श्री वेंकटेश्वर मंदिर यहां का सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र है। तिरुपति मंदिर भारत का सबसे ज्यादा अमीर मंदिर है। तिरुपति भारत के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक है। प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में दर्शनार्थी यहां आते हैं। श्री वेंकटेश्वर मंदिर समुद्र तल से 3200 फीट ऊंचाई पर स्थित है। तिरुपति से निकट का अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा चैन्नई है और घरेलू हवाई अड्डा तिरुपति है। तिरुपति रेल और सड़क मार्ग से भी जुड़ा है। 

सिद्धिविनायक मंदिर
मुंबई के प्रभादेवी में स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर देश में स्थित सबसे पूजनीय मंदिरों में से एक है। यह मंदिर भगवान गणेश को समर्पित है। इस मंदिर में गणपति का दर्शन करने सभी धर्म और जाति के लोग आते हैं। भगवान गणेश की पूजा करने हर साल यहां लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। सिद्धिविनायक की महिमा अपरंपार है, वे भक्तों की मनोकामना को तुरंत पूरा करते हैं। हर साल गणपति पूजा महोत्सव यहां भाद्रपद की चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक मनाया जाता है। मुंबई सड़क, रेल और हवाई जहाज से आसानी से पहुंचा जा सकता है। 

स्वर्ण मंदिर
स्वर्ण मंदिर अमृतसर का सबसे बड़ा आकर्षण है। इसका पूरा नाम हरमंदिर साहब है, लेकिन यह स्वर्ण मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है। पूरा अमृतसर शहर स्वर्ण मंदिर के चारों तरफ बसा हुआ है। स्वर्ण मंदिर में प्रतिदिन हजारों पर्यटक आते हैं। स्वर्ण मंदिर बहुत ही खूबसूरत है। स्वर्ण मंदिर अमृतसर का दिल माना जाता है। अमृतसर का इतिहास गौरवमयी है। यह अपनी संस्कृति और लड़ाइयों के लिए बहुत प्रसिद्ध रहा है। अमृतसर पंजाब का सबसे महत्त्वपूर्ण और पवित्र शहर माना जाता है। पवित्र इसलिए माना जाता है क्योंकि सिखों का सबसे बड़ा गुरुद्वारा स्वर्ण मंदिर अमृतसर में ही है। अमृतसर हवाई, रेल और सड़क मार्ग से जुड़ा है। अमृतसर से नजदीकी एयरपोर्ट राजा सांसी और अमृतसर रेलवे स्टेशन है।