Showing posts with label Tacloban. Show all posts
Showing posts with label Tacloban. Show all posts

Tuesday, 12 November 2013

United Nations launches US300 million dollar aid appeal for typhoon-hit Philippines

cyclone
टेक्लोबान, एएफपी। चक्रवाती तूफान हेयान से सही सलामत बचे लोगों की मदद की अपील के बीच फिलीपींस में मंगलवार को अमेरिका और ब्रिटेन के युद्धपोत तैनात किए गए। तूफान में अब तक 10 हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं। लोगों को भोजन, पानी व दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं। प्रशासन ने अभी तक महज 1774 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। हालांकि, अधिकारियों ने यह स्वीकार किया है कि मलबे के नीचे दबे शवों और समुद्र की लहरों में बह कर चले गए लोगों की गिनती अभी नहीं की गई है।
तूफान द्वारा तटीय क्षेत्रों को तबाह कर गुजर जाने के चार दिन बाद बचाव कार्य जारी है। संयुक्त राष्ट्र मानवता अभियान के निदेशक जॉन गिंग ने कहा, 'तबाही का मंजर लोगों की आंखों में साफ नजर आता है। हम जैसे-जैसे तूफान प्रभावित इलाकों की ओर बढ़ रहे हैं, विनाश की भयावह तस्वीर सामने आ रही है।'
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक, फिलीपींस के सिर्फ एक शहर टेक्लोबान में ही 10 हजार लोग मारे गए हैं। समुद्र में उठी पांच मीटर की लहरों ने लेयटे प्रांत को तबाह कर दिया है। रास्ते में आने वाली हर चीज को लहरें नष्ट करती चली गई। तूफान से फिलीपींस में करीब एक करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 6.60 लाख लोगों के घर नष्ट हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने राहत कार्य के लिए 30.1 करोड़ डॉलर (करीब 19 अरब रुपये) की राशि जुटाने की अपील की है। 

पीएम ने की मदद की पेशकश
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने तूफान प्रभावित फिलीपींस में राहत व पुनर्वास कार्यो में मदद की पेशकश की है। उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति बेनिगनो एक्विनो से तूफान में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई है। एक्विनो को भेजे संदेश में सिंह ने कहा, 'तूफान से हुई तबाही को लेकर हम बहुत दुखी हैं। हम राहत व पुनर्वास कार्य में आपकी सरकार को मदद करने को तैयार हैं।'

Source- News in Hindi

Sunday, 10 November 2013

Typhoon Haiyan kills at Least 10000 in Philippines

cyclone

मनीला। फिलीपींस में इस साल के दुनिया के सबसे शक्तिशाली तूफान हेयान से अब तक दस हजार लोगों के मरने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह तूफान साल 2012 में आए बोफा तूफान जितना विनाशकारी हो सकता है। हेयान के चलते तटीय क्षेत्र व गांव पूरी तरह तबाह हो चुके है। तबाही का मंजर किसी के भी रोंगटे खड़े करने वाला है। भूखे लोग प्रेतात्मा की तरह खाने की तलाश में भटक रहे हैं और जो भी मिल रहा है उसे लूट ले रहे हैं। अमेरिका ने राहत और बचाव कार्य के लिए रविवार को 90 नौसैनिकों और नाविकों को रवाना फिलीपींस के लिए रवाना किया है। साथ ही और सैन्य सहायता देने का वादा किया है।
फिलीपींस के टेक्लोबान में जहां तूफान से तबाही मची हुई है, वहीं कइयों ने शरणार्थी बनकर घरों में लूटपाट की। इतना ही नहीं इन लोगों ने शरणार्थियों के लिए लाया गया खाना और अन्य जरूरी सामान भी लूट लिया। सिटी एडमिनिस्ट्रेटर टेकसन जॉन लिम के मुताबिक ये लोग किसी भी तरह की चीज को छोड़ना नहीं चाह रहे थे, फिर चाहे वह टीवी सेट हो या और कोई सामान। उन्होंने खाने पीने की चीजें भी लूट लीं। उन्होंने कहा कि उनके पास महज दो हजार कर्मचारी है, इसमें भी केवल सौ कर्मी ही काम पर लगे हुए हैं। ऐसे में वह इस तरह की लूटमार को रोकने में नाकाम हैं। 

पुलिस महानिरीक्षक एलमेर सोरिया ने बताया कि हेयान ने लेयटे प्रांत से गुजरने के दौरान रास्ते में आने वाली हर चीज को तहस नहस कर दिया। इसका 70 से 80 प्रतिशत क्षेत्र पूरी तरह से तबाह हो चुका है। तटीय इलाकों के गांवों में बचाव कार्य जारी है। लेकिन मरने वालों की संख्या का अभी तक सही सही पता नहीं चल पाया है। हेयान की मार से बच गए लोग अपने परिवार वाले खाने की तलाश में इधर उधर घूम रहे हैं। लेयत की मेडिकल की छात्रा जेनी शु ने बताया, 'लोग खाने की तलाश में जांबीज की तरह घूम रहे हैं। ऐसा मैंने पहले फिल्मों में देखा था।' 

ज्यादातर मौतें समुद्र में आई ऊंची ऊंची लहरों के कारण हुई हैं। समुद्र का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिसमें लोग डूब गए। सड़कों पर चारों तरफ मलबा दिखाई दे रहा है। सरकार और आपदा विभाग ने अभी तक मृतकों का नया आंकड़ा जारी नहीं किया है। हालांकि तूफ़ान के कमजोर पड़ने और रास्ता बदलने के कारण उन लोगों को अपने घरों में जाने की इजाजत दी जा रही है, जिन्हें मध्य तटीय क्षेत्रों से हटाया गया था।
लेयटे द्वीप स्थित टेकलोबान शहर में एयरपोर्ट को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल सिर्फ सैन्य विमान ही उड़ पा रहे हैं। शक्तिशाली तूफान हेयान गत शुक्रवार सुबह फिलीपींस के तटों से टकराया था। उस समय हवाएं 380 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। समुंद्र में 15 मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही थी। करीब 400 मिमी बारिश दर्ज की गई। तूफान के रास्ते में वे इलाके भी आए, जो पिछले महीने आए 7.3 की तीव्रता के भूकंप के प्रभाव से अब तक संघर्ष कर रहे थे। इनमें बोलोह शहर भी शामिल है, जहां अभी भी पांच हजार लोग शिविरों में रह रहे हैं।

17 लाख बच्चे प्रभावित
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के मुताबिक, हेयान के कारण पिछले तीन दिनों में 17 लाख बच्चों के प्रभावित होने की आशंका है। फिलीपींस में यूनिसेफ के प्रतिनिधि टोमू होजुमी ने कहा, यूनिसेफ की पहली प्राथमिकता बच्चों और उनके परिवारों की जीवन रक्षा उपायों जैसे आवश्यक दवाओं, पोषक आहार और साफ पानी की आपूर्ति करने पर ध्यान देना है। 

सहायता का भरोसा दिया
अमेरिका ने फिलीपींस को हर तरह की मदद का भरोसा दिया है। रेड क्रांस और सेना बड़े पैमाने पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने तूफान प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए हेलीकॉप्टर, विमान और नौसैनिक संसाधनों से मदद पहुंचाने की बात कही है। रक्षा मंत्री चक हेगल ने अमेरिकी सेना के प्रशांत महासागरीय कमान को तलाशी और बचाव अभियानों में सहायता करने और विमानों व हेलीकॉप्टरों के जरिये सहायता मुहैया कराने का आदेश दिया है। इसके बाद जापान के ओकिनावा स्थित अमेरिकी अड्डे से अपने नौसैनिक बिग्रेड को रवाना किया है। इसमें जहाज पर दो परिवहन विमान भी हैं। कई अन्य देशों ने भी फिलीपींस की मदद की पेशकश की है।


Source- News in Hindi