Showing posts with label tennis news. Show all posts
Showing posts with label tennis news. Show all posts

Tuesday, 7 January 2014

Hope of father makes Ankush a cricketer

[राजीव शर्मा)] नई दिल्ली। शारजाह में अंडर-19 एशिया कप खिताब जीतने वाली टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज व टूर्नामेंट के हीरो रहे अंकुश बैंस का अगला लक्ष्य यूएई में 14 फरवरी से होने वाले अंडर-19 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना है। अंकुश आज जिस राह पर खड़े हैं, वो बिल्कुल मुमकिन नहीं होती अगर उनके पिता को अपने बेटे पर भरोसा ना होता और एक जिद ना होती उसे खिलाड़ी बनाने की। टेनिस के कोर्ट से नजरअंदाज किए जाने के बाद कैसे एक युवा देखते-देखते शानदार क्रिकेटर बन गया, ये एक दिलचस्प कहानी रही।

अंकुश की कहानी काफी दिलचस्प रही है। उनके पिता करतार बैंस अपने बेटे को टेनिस खिलाड़ी बनाना चाहते थे। जब उनका बेटा 10 साल का था तो उन्होंने उसका दाखिला टेनिस अकादमी में करा दिया था, लेकिन कोच ने उनका सपना ये कहकर तोड़ दिया कि अंकुश के पैर चौड़े हैं और कद भी छोटा है। हालांकि खुद वॉलीबॉल खिलाड़ी रह चुके करतार ने अपने बेटे को भी एक खिलाड़ी बनाने की जिद ठान रखी थी। उन्होंने उसे माउंट आबू पब्लिक स्कूल रोहिणी सेक्टर-पांच की क्रिकेट अकादमी में दाखिला दिलाया। उसके बाद जो हुआ वह अब इतिहास का हिस्सा है। अब करतार की हसरत अपने बेटे को टीम इंडिया की कैप पहने हुए देखने की है। दिल्ली के रोहिणी इलाके में रहने वाले लेकिन मूल रूप से हिमाचल के खतरबाड़ निवासी करतार कहते हैं, 'पहले लोग अंकुश को मेरे बेटे के रूप में जानते थे, लेकिन मैं अब क्रिकेटर अंकुश के पिता के नाम से पहचाना जाता हूं। इससे बड़ी खुशी एक पिता के लिए और क्या हो सकती है। मुझे पता है कि अभी तो ये शुरुआत है, उसे अभी काफी लंबा सफर तय करना है। अब उसका अगला लक्ष्य अंडर-19 विश्व कप खेलना है। उसके बाद अगले रणजी सीजन में कम से कम एक हजार रन बनाने होंगे। ऐसा कर वो चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में जरूर कामयाब होगा।'

टीम इंडिया के धमाकेदार बल्लेबाज विराट कोहली को अपना आदर्श मानने वाले अंकुश 219 रन बनाकर अंडर-19 एशिया कप के सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने, जिस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक आए। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने टीम को अच्छी शुरुआत दी जो बाद में आने वाले बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित हुई और अंत में भारत को जीत मिली। रणजी ट्रॉफी में हिमाचल की ओर से खेलने वाले इस युवा बल्लेबाज का अगला लक्ष्य अच्छा प्रदर्शन करके राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को प्रभावित करना है। अंकुश कहते हैं, 'मुझे पता है यह आसान नहीं है, लेकिन मैं कड़ी मेहनत कर एक दिन अपना लक्ष्य जरूर हासिल करूंगा।' 

Monday, 6 January 2014

Sania Mirza, Cara Black begin 2014 with defeat

सिडनी । सानिया मिर्जा और कारा ब्लैक ने 2014 के अपने अभियान की शुरुआत शिकस्त के साथ की। इस जोड़ी को डब्ल्यूटीए आपिया इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में सोमवार को जार्मिला गाजदोसोवा और अजलात टामजानोविच की वाइल्ड कार्ड धारक जोड़ी के हाथों उलटफेर का शिकार होना पड़ा। 

भारत और जिंबाब्वे की जोड़ी को एक घंटे से भी कम समय में ऑस्ट्रेलिया और क्रोएशिया की जोड़ी के खिलाफ 3-6, 2-6 से शिकस्त झेलनी पड़ी। 2013 का अंत जापान और चीन में लगातार दो खिताबी जीत के साथ करने वाली सानिया-कारा की जोड़ी छह में से सिर्फ एक ब्रेक प्वाइंट का फायदा उठा सकी, जबकि दोनों सेटों में दो़-दो बार अपनी सर्विस गंवाई। सानिया और कारा अब सोमवार से साल के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियाई ओपेन में चुनौती पेश करेंगी।

Sunday, 5 January 2014

Somdev defeat in 2nd round

सिडनी। भारत के सोमदेव देववर्मन एटीपी एपिया इंटरनेशनल टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने में असफल रहे। रविवार को सोमदेव को क्वालीफायर चरण के दूसरे दौर में जर्मनी के जेन लेनार्ड स्ट्रफ ने 2-6, 6-2, 6-3 से शिकस्त दी। स्ट्रफ ने पहले दौर में शीर्ष वरीय रूसी खिलाड़ी मिखाइल कुकुशकिन को हराया था। 

टूर्नामेंट के डबल्स वर्ग में लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना मुख्य ड्रॉ में भारतीय चुनौती पेश करेंगे। पेस और चेक गणराज्य के राडेक स्टीपानेक की जोड़ी को दूसरी वरीयता दी गई है। पहले दौर में पेस और स्टीपानेक की जोड़ी का सामना जूलियन बेनेटू और एुडआर्ड रोजर वेस्लीन की फ्रांसीसी जोड़ी से होगा। बोपन्ना और पाकिस्तान के ऐसाम उल हक कुरैशी की जोड़ी को तीसरी वरीयता दी गई है। इंडो-पाक एक्सप्रेस के नाम से मशहूर बोपन्ना-कुरैशी की जोड़ी पहले दौर में नीदरलैंड्स के जीन जूलियन रोजर और रोमानिया के होरिया टेकाऊ की जोड़ी से भिड़ेगी। ऑस्ट्रेलियन ओपेन से पहले यह आखिरी एटीपी टूर्नामेंट है।

Nadal win qatar open title

दोहा। विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में फ्रांस के गाइल मोंफिल्स को हराकर कतर ओपेन का खिताब जीत लिया है। यह नडाल के करियर का 61वां और इस साल का पहला खिताब है। 

स्पेनिश स्टार नडाल ने खिताबी मुकाबले में मोंफिल्स को कड़े संघर्ष के बाद 6-1, 6-7 (5-7), 6-2 से हराया। यह मैच दो घंटे चला। दोहा में मोंफिल्स के खिलाफ नडाल की यह पहली जीत है। इससे पहले दोनों के बीच दो मुकाबले हुए थे, जिनमें मोंफिल्स ने बाजी मारी थी। फ्रांसीसी खिलाड़ी ने 2012 के सेमीफाइनल और 2009 के क्वार्टर फाइनल में नडाल को पराजित किया था। दोहा के अलावा मोंफिल्स किसी और जगह नडाल को हरा नहीं सके हैं। इस जीत ने नडाल को 13 जनवरी से मेलबर्न में शुरू हो रहे साल के पहले ग्रैंडस्लैम को लेकर आत्मविश्वास से भर दिया है। 

Thursday, 2 January 2014

Brisbane international tennis tournament

ब्रिस्बेन। विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स और रूस की मारिया शारापोवा ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपेन से पूर्व अभ्यास टूर्नामेंट माने जाने वाले ब्रिसबेन इंटरनेशनल में सेरेना और शारापोवा ने गुरुवार को अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

तीसरी वरीयता प्राप्त शारापोवा ने दो घंटे तक चले मुकाबले में वर्ष 2012 की चैंपियन एस्टोनिया की काइया कनेपी को तीन सेट तक चले मुकाबले में 4-6, 6-3, 6-2 से हराया। एक अन्य क्वार्टर फाइनल मैच में शीर्ष वरीयता प्राप्त सेरेना ने नौवीं वरीय स्लोवाकिया की डोमिनिका सिबुलकोवा को लगातार सेटों में 6-3, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। शारापोवा के लिए जहां मुकाबला कुछ कड़ा रहा वहीं सेरेना ने बिना कोई अंक गंवाए अपना मुकाबला जीता। सेरेना का शारापोवा के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 14-2 का है। वर्ष 2005 में हुए ऑस्ट्रेलियन ओपेन के बाद से उन्होंने रूसी खिलाड़ी के खिलाफ 13 मैच जीते हैं। हाल ही में अमेरिकी खिलाड़ी ने फ्रेंच ओपेन 2013 के फाइनल में शारापोवा को हराया था।