Thursday, 18 September 2014

Pak police registers murder case against Sharif, ministers

पाकिस्तान में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों की हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, उनके मंत्रियों और अन्य शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी।

दरअसल यह मामला मंगलवार की रात एक जिला जज के आदेश पर दर्ज किया गया। जज ने प्रदर्शनकारियों के मारे जाने को लेकर शरीफ और अन्य के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। संकटग्रस्त प्रधानमंत्री के खिलाफ दर्ज हुआ यह दूसरा आपराधिक केस है। इसके लिए मौलवी ताहिर-उल-कादरी की पाकिस्तान अवामी तहरीक (पीएटी) ने अदालत से मामला दर्ज करने का आग्रह किया था।

सचिवालय पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिला और सत्र न्यायाधीश ने सोमवार को कादरी की याचिका का निपटारा करते हुए हमें मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।

लगायी गई धारा 302

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान पैनल कोड की धारा 302 (इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें आतंकवाद निरोधक अधिनियम की धारा सात को भी शामिल किया गया है।

30 अगस्त का है मामला

कादरी और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) के प्रमुख इमरान खान ने अपने समर्थकों से शरीफ के आधिकारिक आवास की तरह कूच करने को कहा था। इस दौरान 30 अगस्त को पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़पें हुई। इसमें तीन लोग मारे गए और 500 से ज्यादा घायल हुए थे। उन्होंने शरीफ को सत्ता से बेदखल करने की मांग को लेकर 14 अगस्त से आंदोलन चलाया था।

शरीफ पर दूसरा केस

प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ हत्या का यह दूसरा मामला दर्ज किया गया है। पिछले महीने लाहौर में एक मामला दर्ज कराया गया है जो गत जून में पुलिस के साथ झड़प में कादरी के 14 कार्यकर्ताओं के मारे जाने को लेकर है।

No comments:

Post a Comment