Friday, 19 September 2014

Prtihvi Shaw signs deal of 36 lakh with sportswear company

पिछले साल नवंबर में स्कूल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के पुराने दिनों की याद दिलाने वाले व 546 रनों की पारी खेलकर दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने वाले मुंबई के 14 वर्षीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ को अब एक और खुशी हाथ लगी है। उन्हें अब क्रिकेट से जुड़े खर्चों को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें मेरठ की एक मशहूर क्रिकेट से जुड़ा सामान बनाने वाली कंपनी ने स्पॉन्सर करने का बीड़ा उठाया है। इस कंपनी ने पृथ्वी के साथ 36 लाख रुपये का करार किया है। जाहिर तौर इतनी कम उम्र में इतना बड़ा करार किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए ना सिर्फ प्रोत्साहित करने वाला पल है बल्कि ये करार उनकी मुश्किलें भी काफी हद तक आसान कर देगा।

- 546 रनों की वो यादगार रिकॉर्ड पारीः

मुंबई के पृथ्वी शॉ ने पिछले साल नवंबर में प्रतिष्ठित हैरिस शील्ड ट्रॉफी में 546 रनों की पारी खेलते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। पृथ्वी की शानदार पारी से फैंस को उनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की झलक दिखाई देने लगी थी, सचिन को भी हैरिस शील्ड मैच से ही पहली बार लोकप्रियता मिली थी। सचिन ने नाबाद 326 रन बनाते हुए विनोद कांबली (341) के साथ 664 रन की विश्व रिकॉर्ड साझेदारी की थी। यह रिकॉर्ड भी कुछ समय पहले ही टूटा है। मुंबई के इस उभरते हुए बल्लेबाज और मुंबई अंडर-16 टीम के कप्तान पृथ्वी ने आजाद मैदान पर सेंट फ्रांसिस डि एसिसी बोरीवली के खिलाफ खेले गए उस यादगार मैच में रिज्वी स्प्रिंगफील्ड की ओर से खेलते हुए 330 गेंदों की अपनी पारी में 85 चौके और पांच छक्के मारे। इसके साथ ही पृथ्वी आधिकारिक इंटर स्कूल मैच में 500 से अधिक का स्कोर करने वाले पहले स्कूली क्रिकेटर भी बने थे।

- इंग्लैंड में भी मचाई धूमः

पृथ्वी शॉ ने हाल में मुश्किल परिस्थितियों में खेलते हुए इंग्लैंड में भी धूम मचाई थी। उन्होंने यहां पहली बार 50 के स्कोर को पार किया था। क्लीथॉर्प के घरेलू दर्शकों के सामने धीमी विकेट पर 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विकेटों के पतझड़ के बीच पृथ्वी ने एक छोर संभाले रखा था। वैसे, इससे पहले इंग्लैंड में हुए अपने पहले मैच में भी उन्होंने प्रतिष्ठित स्कैरबर्ग क्रिकेट क्लब के खिलाफ 42 रनों की नाबाद पारी खेली थी। हारोगेट क्रिकेट क्लब के खिलाफ उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल किया था और पांच विकेट लिए थे। पृथ्वी ने लिंकनशर माइनर काउंटी द्वितीय एकादश और अंडर-25 टीम की ओर से खेलते हुए भी अच्छा प्रदर्शन किया था।

No comments:

Post a Comment