Showing posts with label Guru Gobind Singh. Show all posts
Showing posts with label Guru Gobind Singh. Show all posts

Wednesday, 8 January 2014

The tenth Guru Gobind Singh celebrating the 347 th Sriguru Lights

अमृतसर। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा गुरु नानक सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी में शुरू किए गए श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। गुरु चरणों में सुख शांति व सरबत की भलाई के लिए के लिए अरदास की गई। रागी जत्थे ने कीर्तन से संगत को गुरबाणी से जोड़ा। मौके पर हलका दक्षिण के पूर्व विधायक व पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हरजिंदर सिंह ठेकेदार उपस्थित हुए व गुरुद्वारा कमेटी की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। 

मौके पर ठेकेदार हरजिंदर सिंह ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी न सिर्फ आध्यात्मिक गुरु बल्कि बेमिसाल कवि व समर्पित भगत भी थे। वह महान योद्धा भी थे, जिन्होंने गरीबों की रक्षा के लिए अपना परिवार कुर्बान कर दिया। उनकी धर्म के प्रति बेमिसाल कुर्बानियां कभी भुलाई नहीं जा सकती है। सभी को उनके बताए हुए मार्ग पर चलना चाहिए। 

वहीं दूसरी ओर खालसा कॉलेज गवर्निग कौंसिल द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश दिवस पर खालसा कालेज में स्थित गुरुद्वारा साहिब में उत्साह व श्रद्धा से मनाया गया। इस दौरान श्री अखंड पाठ साहिब जी के भोग के बाद खालसा कालेज के विद्यार्थियों ने शबद कीर्तन करके संगत को निहाल किया। सिख इतिहास व खोज विभाग के मुखी इंद्रजीत सिंह गोगोयानी ने गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन संबंधी जानकारी दी। इस दौरान कौंसिल के संयुक्त सचिव सुखदेव सिंह अब्दाल ने कीर्तन गायन करने वाले विद्यार्थियों को सिरोपा भेंट करके सम्मानित किया। इसके बाद लंगर बांटा गया। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर मंगलवार को आनंद फैशन हाउस (रेमंड) की ओर से जीटी रोड पर लंगर वितरित किया गया। इस अवसर पर आनंद फैशन हाउस के मालिक राजीव सोढी ने शहरवासियों को गुरु पर्व की बधाई दी। 

वहीं गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव के पावन अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा बाजार बाबा बोहड़ी वाला में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला गया। रागी जत्थों ने कीर्तन किया। मौके पर जरूरतमंदों को कंबल, शाल व जुराबें भेंट की गईं। गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश दिवस पर वार्ड-42 से पार्षद व महासचिव अकाली जत्था शहरी मनमोहन सिंह टीटू ने मंडी फतेह सिंह में लंगर लगाया। जत्थेदार पूर्ण सिंह मत्तेवाल ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर समूह सिख संगत को उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रण लेना चाहिए। 


वहीं दूसरी ओर श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में तरनतारन रोड पर स्थित इलाका कोट मित्त सिंह से नगर कीर्तन निकाला गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में निकला नगर कीर्तन कोट मित्त सिंह से गुरु अजरुन देव नगर, दशमेश नगर, गुरु नानक कालोनी, ईश्वर नगर, गुरवेल नगर, सर्बजीत सिंह नगर और अन्य इलाकों से होते हुए शाम को वापस कोट मित्त सिंह पहुंचकर संपन्न हुआ। 

वाराणसी- धर्मसंरक्षक, महादानी व सिख धर्म के दसवें गुरु श्रीगुरु गोविंद सिंहजी महाराज का 347वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को शहर के गुरुद्वारों में मनाया गया। उन्हें याद किया गया, उनसे आशीष लिया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गुरुबाग एवं गुरुद्वारा बड़ी संगत नीचीबाग में बड़े उल्लास के साथ गुरु महाराज का प्रकाशोत्सव मनाया गया। अल सुबह पौने चार बजे गुरु का नाम सुमिरन हुआ। इसी कड़ी में सुहाना स्वागत भी किया गया। 1इसके बाद दिनभर सबद कीर्तन चला जिसमें सैकड़ों गुरुभक्तों ने आनंद के साथ गुरु गोविंदजी को भजा। भक्तों ने बड़े जोश के साथ गुरुद्वारों में वाहे गुरु, वाहे गुरु एवं बोलो सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे लगाए। 

गुरुग्रंथ साहिब की फूलों से सजी पालकी की तमाम भक्तों ने परिक्रमा कर पुण्य बटोरा। मत्था टेक कर अपने जीवन को धन्य बनाया। अखंड पाठ का समापन हुआ। मुख्यग्रंथी भाई सुखदेव सिंह ने दीवान समाप्ति अरदास किए व प्रसाद वितरण हुआ। दोपहर से अटूट लंगर चला। इस अवसर पर गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कालेज एवं गुरुनानक इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने भी शबद कीर्तन गाया। भाई जगतार सिंह अमृतसरवाले व भाई रणधीर सिंह की संगत ने सबको निहाल कर दिया।

गुरुग्रंथ साहिब की फूलों से सजी पालकी की तमाम भक्तों ने परिक्रमा कर पुण्य बटोरा। मत्था टेक कर अपने जीवन को धन्य बनाया। अखंड पाठ का समापन हुआ। दोपहर से अटूट लंगर चला। इस अवसर पर गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कालेज एवं गुरुनानक इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने भी शबद कीर्तन गाया। भाई जगतार सिंह अमृतसरवाले व भाई रणधीर सिंह की संगत ने सबको निहाल कर दिया।

'जऊ तऊ प्रेम खेलण का चाओ सिर धरि गलि मेरी आओ'-
'जऊ तऊ प्रेम खेलण का चाओ, सिर धरि गलि मेरी आओ''देह शिवा वर मोहि एहे शुभ करमण ते कबहुं न टरों,न डरों अरि सो जब जाइ लरों, निशचै कर अपनी जीत करो' 

दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की यह बाणी हर इन्सान को उनके चरणों से जोड़ने का जज्बा भरती है। उनके प्रकाश पर्व पर महानगर के गुरुद्वारों में श्रद्धा से मनाया गया। दशम पिता सरबंस दानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व पर मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल श्री हरिमंदिर साहिब में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हाड़ कंपाती सर्दी में संगत ने पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई। श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य भवन में पवित्र जलौ सजाए हुए थे। जलौ को देखने के लिए देश-विदेश की संगत श्री हरिमंदिर साहिब पहुंची। मुख्य भवन में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे संगत नतमस्तक हुई। भारी भीड़ उमड़ने के कारण संगत को दर्शनों के लिए बारी का इंतजार करना पड़ा। संगत ने इस पावन अवसर पर गुरु साहिबान के आगे अरदास की। श्री हरिमंदिर साहिब की पहली मंजिल में बैठकर संगत ने श्री जपुजी साहिब व श्री सुखमणी साहिब के पाठ किए। श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य भवन को फूलों से सजाया हुआ था। रात को आतिशबाजी का नजारा भी देखने वाला था। संगत ने परिक्रमा में दीप माला कर मन्नत मांगी। श्री हरिमंदिर साहिब परिसर स्थित सभी सराय संगत से भरी पड़ी थीं। इस अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब के हुजूरी रागी जत्थों ने कीर्तन कर संगत को गुरु घर के साथ जोड़ा। 

तख्त श्री पटना साहिब में टकराव-

पटना- श्री गुरु गोबिंद सिंह की 347वीं जयंती पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में दस्तारबंदी के दौरान मंगलवार को दो गुटों में तलवारें खिंच गईं। विश्व में सिखों के दूसरे तख्त पटना साहिब में वर्ष 2017 में आयोजित होने वाले 350वें प्रकाशोत्सव की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी ज्ञानी प्रताप सिंह की दस्तारबंदी रस्म निभाई जा रही थी। जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया, जिसमें तलबारबाजी व लाठी चलने से जत्थेदार व उनके पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरू गोविंद सिंह की जयंती पर राज्यवासियों विशेषकर सिख-भाई बहनों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गुरू गोविंद सिंह का जीवन त्याग, बलिदान और मानव सेवा को समर्पित था। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू गोविंद सिंह के संदेशों को अपनाकर समाज में प्रेम, आदर व सद्भाव के रिश्तों को मजबूत करें। 

सिख पंथ के दसवें गुरु केवल सिख धर्म के धर्म गुरु नहीं बल्कि विश्व के महान लोकनायक और युग प्रवर्तक महापुरुष थे। उन्होंने भटके लोगों को सही मार्ग दिखलाने के लिये धर्म, जाति, देश व भाषा का भेद मिटाकर भावनात्मक एकता स्थापित करने के उद्देश्य से 'मानस जात' की स्थापना की। उक्त बातें तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के भव्य पंडाल में सजे विशेष दीवान में दशमेश गुरु के 347 वें प्रकाशोत्सव पर विद्वानों ने मंगलवार को देश-विदेश से आये संगतों के बीच कहीं। जयंती समारोह में विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता नंद किशोर यादव, हिंदी साहित्य सम्मलेन के अध्यक्ष अनिल सुलभ व अन्य को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। हंगामा के कारण कार्यक्त्रम में व्यवधान पड़ा। शाम के कार्यक्त्रम में जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह की देखरेख में कथा प्रवचन हुए। उधर सुबह में पौषसुदी सप्तमी को ले गुरु का बाग में श्रद्धालुओं ने सरोवर में डुबकी लगा मनोवांछित फल मांगा।

कीर्तन-प्रवचन से निहाल संगत- पंडाल में सजे विशेष दरबार की कार्रवाई अहले सुबह हजूरी रागी जत्था भाई इंद्रजीत सिंह के कीर्तन से हुयी। अरदास, हुकुमनामा व कड़ाह प्रसाद के बाद जगाधरी के भाई सत्येंद्र पाल सिंह रागी जत्था ने शब्द-कीर्तन प्रस्तुत किया। लुधियाना के शिरोमणि कथावाचक ज्ञानी पिंदरपाल सिंह ने प्रवचन में गुरु गोविन्द सिंह महाराज के जीवनी पर प्रकाश डाला। भजन-कीर्तन-प्रवचन से गूंजा दरबार- सुबह 9 बजकर 10 मिनट से प्रारंभ हुये शब्द कीर्तन में अमृतसर के भाई गुर इकबाल सिंह ने शब्द कीर्तन किया। हजूरी रागी जत्था के भाई देविंदर सिंह ने 'हर जिओ निमानियां तू मान.' हजूरी रागी जत्था पटना साहिब के भाई इंदरजीत सिंह ने 'आन के वधेया दूध पुत के देवेया.' श्रीनगर के भाई हरजिंदर सिंह ने 'वाहो-वाहो गोविंद सिंह आपे गुरु चेला.,' पटना साहिब हजूरी रागी जत्था के भाई जोगिंदर सिंह ने 'तही प्रकाश हमारा भयो, पटना शहर विखे भव लयो.' से संगत निहाल हुई। संगतों के 'बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' के नारों से पंडाल गूंजता रहा।

संतों ने डाला जीवनी पर प्रकाश- कथावाचकों में गौहर-ए-मस्कीन सिख प्रचारक ज्ञानी रंजीत सिंह ने दशमेश गुरु की जीवनी पर प्रकाश डालते कहा कि गुरु गोविंद सिंह सिख धर्म के गुरु नहीं बल्कि खालसा पंथ के संस्थापक शस्त्र के महारथी और शास्त्र के भी धनी थे। वक्ताओं ने शहीदों के पिता व शहीदों का बेटा गुरु गोविंद सिंह को बार-बार शत-शत नमन किया। मुख्य ग्रंथी भाई राजेन्द्र सिंह ने अरदास किया। 'बोले सो निहाल, संत श्री अकाल' के नारे से पंडाल गूंजता रहा। 

Tuesday, 7 January 2014

Arm - the brachial Gobind Singh, disciple's mind tricks

शमेश पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी सर्ववंश दानी, संत सिपाही, महान योद्धा, सफल नेतृत्वकर्ता, सामाजिक आध्यात्मिक-राजनीतिक चिंतक, श्रेष्ठ साहित्यकार, बहुभाषी विद्वान, दया-क्षमा-प्रेम-विनम्रता परोपकार आदि उच्च मानवीय गुणों के मूर्तरूप, शरणदाता आदि सद्गुणों से विभूषित एक संपूर्ण व आदर्श व्यक्तित्व थे। 

इनके 'विद्या दरबार' में शामिल 52 कवियों एवं 34 विद्वानों ने गुरु जी के इस अद्वितीय व्यक्तित्व को बड़े ही प्रामाणिक ढंग से उजागर करते हुए अपनी-अपनी काव्य रचनाओं को सफल किया है। ये दरबारी कवि स्वाभाविक रूप से गुरु जी के योद्धा रूप से ज्यादा प्रभावित थे। इन में से कुछ कवियों ने गुरु जी के गुणों को अपनी कविताओं में कुछ यूं प्रस्तुत किया- दशमेश दरबार के एक ढाडी मीर मुश्की ने अपनी एक वार में गुरु साहिब की शूरवीरता का वर्णन करते हुए कहा-

'तजयो महेश धयान कौ, न रंग भासमान कौ, परयो जु कम प्रान कौ, दसों दिसैं गजिंद जी।।

परी पुकार आन कै, चलयो सुठाठ ठान कै, सनधबध जवान कै, चढ़यो गुरु गोबिंद जी।।' दशमेश पिता गरीबों की दरिद्रता हर लेने वाले भी थे। कवि हीर बहुत निर्धन था। उसने सुना था कि गुरु जी दीनबंधु हैं और दीन-हीन का दुख-दरिद्रता मिटा देते हैं। वह अपनी किस्मत आजमाने गुरु जी के दरबार में आ पहुंचा और गुरु जी के सम्मुख खड़े हो कर एक कविता कही जिसका अर्थ था- 'वह पास खड़ा झगड़ रहा है। न दर पे झुकने देता है और न वीर गुरु गोबिंद सिंह से बात ही करने देता है। मेरा यह विकट शत्रु रात-दिन मुझे घेरे रखता है। हे मेरे दुश्मन, दारिद्रय आज तेरी मृत्यु निश्चित है तू कवि हीर को सलाम करके विदा हो जा, नहीं तो गुरु गोबिंद सिंह तेरे टुकड़े-टुकड़े कर डालेंगे।' दशमेश पिता की इस गरीब नवाजी से कवि सुदामा के लगता कि वह दीन-हीन सुदामा है और गुरु गोबिंद सिंह जी पलक झपकते ही समस्त निधियां प्रदान करने वाले भगवान कृष्ण हैं- प्रीती कर जानै गुरु गोबिंद को मानै तांतै, वही तूं गोबिंद वही बामन सुदामा मैं.' इसी प्रकार एक अन्य दरबारी कवि शारदा गुरु जी की सांसारिक व आध्यात्मिक नवाजिशें देख कर कहते हैं कि उनके हाथ की छड़ी देख कर भी प्रतीत होता है मानो वह श्री कृष्ण की बांसुरी है- 'कान्ह हवै औतरयो तो मुख ही रहति लागी, गोबिंद हवै औतरयो तो हाथ ही रहत है।' कवि चंदा को दशमेश नौ गुरु साहिबान की 'सांझी जोत' दिखते हैं- 'कलि में भयो एक मरद नानक है नाम जाको, ता ते भये नौ एक ज्योति सुहायो है। बहुर गुरु गोबिंद सिंह कलगी अवतार होइ, खड़गधारी होय महल दसवां कहायो है।' कवि सुंदर गुरु जी के विषय में लिखता है कि गुरु जी शरणागतों की सिद्धि, युद्ध के समुद्र, कुल के शिरोमणि, कामनापूर्ण करने वाले कल्प वृक्ष और क्रोध में काल-रूप हैं। गुरु जी की तेग सच्ची है, देग सच्ची है. इसी लिए आपको 'सच्चे पातशाह' कहा जाता है- 'तेग साचो, देग साचो, सूरमा सरन साचो, साचो पातिसाहु गुरु गोबिंद सिंह कहायो है।' कवि हुसैन अली को दशमेश पिता खुदा ही लगते हैं- 'दीदार-ए-खुदा गर तुमने नहीं देखा, गोबिंद को देखो वही हू-ब-हू है।' इसी प्रकार कवि कुवरेश गुरु साहिब के साहित्य प्रेम का वर्णन करते हुए कहते हैं-'गुरु गोबिंद नरिंद हैं, तेग बहादुर नंद, जिन ते जीवन है सकल, भूतलकवि बुधब्रिंद।' गुरु जी ने खालसे की सिरजना की. अमृत का दान बख्शकर चिड़ियों को बाजों से भी अधिक शक्तिशाली बना दिया.। उस पर विनम्रता की परिकाष्ठा यह कि स्वयं हाथ जोड़कर पांच प्यारों से 'अमृत' का दान मांगा। कवि गुरदास सिंह बयान करते हैं- गुरु सिमर मनाई कालका खंडे की वेला। पीओ पाहुल खंडेधार हुई जनम सुहेला। गुर संगत कीनी खालसा मनमुखी दुहेला। वाहु वाहु गोबिंद सिंह आपे गुर चेला। दशमेश पिता की शख्सियत के लौकिक एवं पारलौकिक चमत्कार को देखकर भाई नंद लाल ने लिखा-

नासिर-ओ-मनसूर गुर गोबिंद सिंघ। ईज़द-ए-मनजूर गुर गोबिंद सिंघ। हक-हक अंदेश गुर गोबिंद सिंघ। बादशाह दरवेश गुर गोबिंद सिंघ। यह साहिब-ए-कमाल श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के विलक्षण व्यक्तित्व की ही महानता है कि 'निमाणो' दरबारी कवि उस विशाल समुद्र की एक एक बूंद मात्र का चित्रण करके स्वयं और अपने काव्य को अमर बना गए। 

Grand Gala at the Metropolitan faith in Guru inundation

अमृतसर। सरबंसदानी दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को समर्पित एक विशाल नगर कीर्तन सोमवार दोपहर श्री अकाल तख्त साहिब से पांच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में खालसाई उत्साह व जयकारों के बीच निकला। फूलों से सजी पवित्र पालकी में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शनों के लिए श्री हरिमंदिर साहिब की परिक्रमा में श्रद्धालुओं का अथाह समुद्र उमड़ आया। 

श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर पुष्प वर्षा की। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की ताबिया में ज्ञानी रवेल सिंह बैठे थे। वह चौर साहिब की सेवा निभा रहे थे। इससे पहले श्री हरिमंदिर साहिब के ग्रंथी रवेल सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को शीश पर रख कर पालकी साहिब में विराजमान किया। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

सतनाम वाहेगुरु के जयकारों के बीच मनमोहक पालकी साहिब के साथ ही नगर कीर्तन के शुभारंभ की घोषणा का शंखनाद किया। पांच प्यारे परंपरागत वेशभूषा में थे। नगर कीर्तन में विभिन्न गतका पार्टियों के सदस्यों ने कला के जौहर दिखाए। एक सिंह ने हवा में तीर चला कर दमखम का प्रदर्शन किया। गतका पार्टी के जौहर को देखने के लिए देश विदेश से आए श्रद्धालु गुरु नगरी के विभिन्न बाजारों में खड़े थे। नगर कीर्तन विभिन्न बाजारों से गुजर रहा था तो स्थानीय लोगों ने नगर कीर्तन में शामिल संगत के लिए चाय, काफी, बिस्कुट व अन्य मीठे पदार्थो का लंगर लगाया हुआ था। 

नगर कीर्तन के रास्तों को संगत ने फूलों से सजाया हुआ था। नगर कीर्तन गुरु रामदास से ब्रह्म बूटा मार्केट, माहना सिंह रोड, चौक घंटा घर, बाजार माई सेवा, दर्शनी डयोढ़ी, गुरु बाजार, चौकचौरस्ती अटारी, मजीठ मंडी, चौक मन्ना सिंह, बाजार मिश्री, बाजार बांसा, चौक छत्ती खुई, बाजार चावल मंडी, बाजार कनक मंडी, ढाब बस्ती राम, चौक चिंतपूर्णी, जौड़ा पीपल, चौक चबूतरा, बाजार लोहारा, चौक लक्ष्मणसर, चौक मोनी, चौक करोड़ी, चौक बाबा साहिब व चौक परागदास से होते हुए गुरुद्वारा मंजी साहिब दीवान हाल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एसजीपीसी सदस्य भाई राम सिंह, बावा सिंह गुमानपुरा, रूप सिंह, मंजीत सिंह, बाबा दलजीत सिंह बेदी, बलविंदर सिंह जौडा सिंहा, गुरु सिंह सभा से अनूप सिंह विरदी आदि मौजूद थे। एसजीपीसी के अतिरिक्त सचिव दिलजीत सिंह बेदी ने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब के गुरुद्वारा बाबा अटल राय जी में सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक संगत के दर्शनों के लिए सुंदर जलौ सजाए जाएंगे। शाम को दीपमाला की जाएगी। श्री रहिरास साहिब के पाठ के बाद मनमोहक आतिशबाजी चलाई जाएगी। शाम सात बजे से रात नौ बजे तक गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में महान कीर्तन समारोह होगा। इसमें प्रसिद्ध रागी जत्थे इलाही बाणी के कीर्तन द्वारा संगत को निहाल करेंगे। रात को नौ बजे कवि दरबार होगा। एसजीपीसी के अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ ने गुरु पर्व पर संगत को बधाई दी। 

उन्होंने कहा कि सिखी के वेश में कुछ भीतरी व बाहरी शक्तियां सिखों के शानदार इतिहास को कमजोर करने की ताक में है। संगत को एकजुट होकर इन ताकतों के विरुद्ध दृढ़ता से मुकाबला करना चाहिए। दशम पिता के जीवन दर्शन से अगुवाई लेकर निरंतर कार्यशील रहना जरूरी है। सिखों का फर्ज है कि दशम पिता जी के प्रकाश पर्व पर स्वयं निरीक्षण करें। सिखी की शान स्थापित रखने के लिए वचनबद्ध हो। सिख परिवार अपने बच्चों को नशे से दूर रखें। दशम पिता द्वारा बख्शीश खंडे बाटे की पाहुल छक कर गुरु के साथ जुड़ें।

Monday, 6 January 2014

Guru Gobind Singh Ji festival of lights

गुरु गोविंद सिंह जी का मानना था कि समाज की उन्नति उच्च आदर्शो से ही संभव है, इसीलिए उन्होंने मनुष्य के परिष्कार के लिए साहित्य को प्रश्रय दिया। गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व (7 जनवरी) पर विशेष.. 

सिखों के दसवें गुरु श्री गोविंद सिंह जी का मानना था कि परिष्कृत जीवन से ही सफलता मिल सकती है। इसके लिए व्यक्ति को स्वयं का परिष्कार करना होगा। किंतु यह परिष्कार तभी संभव हो पाएगा, जब सबसे पहले मानसिकता का परिष्कार हो। इसीलिए गुरु गोविंद सिंह जी ने साहित्य और साहित्यकारों को प्रश्रय दिया और लोगों की मानसिकता को एक नया आयाम देने के लिए साहित्य का सृजन कराया। गुरु जी स्वयं एक साहित्यकार, दार्शनिक, चिंतक, भाषाविद और आदर्श सेनानायक थे। मात्र 42 वर्ष का उनका जीवन-काल इतना उदात्त है, जिससे प्रेरित होकर मनुष्य जीवन के उच्चतम आदर्शो को प्राप्त कर सकता है।

गुरु गोविंद सिंह जी ने शोषित-पीड़ित लोगों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने अन्याय से त्रस्त जनता को एकत्र कर 'खालसा पंथ' का सृजन किया और शक्तिशाली सेना तैयार की। इस सेना ने अपने समय की बड़ी सैन्य शक्तियों को परास्त किया। गुरुजी ने शक्तिहीन आम जनता को राजनीतिक शक्ति सम्पन्न बना दिया। खालसा पंथ ने जाति-पाति, ऊंच-नीच आदि की दीवारें भी तोड़ दीं। गुरु जी का संदेश था कि सभी में मनुष्य समान हैं और सामाजिक-राजनीतिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी का अधिकार भी समान है।

गुरु जी ने मानवता की रक्षा के लिए अपने सारे वंश का बलिदान दिया। गुरु जी के परदादा पांचवें गुरु श्री अर्जुन देव, नौवें गुरु श्री तेग बहादुर एवं चारों पुत्रों ने शहादत दी। गुरु जी ने स्थापित किया कि सत्य एवं मानवता की रक्षा के लिए सर्वस्व भी बलिदान करना पड़े तो भी पीछे नहीं हटना चाहिए।

गुरु गोविंद सिंह जी न सिर्फ स्वयं भी साहित्यकार थे, बल्कि वे कलम के धनी विद्वानों एवं कवियों के आश्रयदाता भी थे। सिख परंपरा के अनुसार, गुरु जी के पाऊंटा साहिब, आनंदपुर साहिब एवं लखी जंगल के विद्या दरबारों में 52 कवि एवं 34 विद्वान थे। ये कवि एवं विद्वान विभिन्न क्षेत्रों में संबंध रखते थे। कवि नंदलाल गजनी से, कवि सुदामा और कवि कुंवरेश बुंदेलखंड से, कवि ईश्वर दास आगरा से, कवि सुखदेव राय बरेली से, कवि गोपाल गोकुल से, कवि कांशी राम बनारस से और कवि वृंद मेड़ता से दशमेश दरबार में प्रवाहित ज्ञान सरिता में स्नान करने आए थे। धर्म और जाति की दृष्टि से भी इन कवियों की पृष्ठभूमि भिन्न-भिन्न थी। गुरु दरबार में बिना किसी भेदभाव के मात्र कला, विद्वता और प्रतिभा को ही सम्मान दिया जाता था। भाषा की दृष्टि से भी दशमेश दरबार में कोई संकीर्णता नहीं थी। गुरु जी स्वयं ब्रज, फारसी, सघुक्कड़ी, संस्कृत आदि कई भाषाओं के विद्वान थे। 

गुरु दरबार के कवि एवं विद्वान नित्य ही धर्म, संस्कृति, इतिहास, सामाज, राजनीति, काव्य आदि विषयों पर निरंतर अध्ययन-मनन और सृजन करते रहते थे। गुरु जी का मानना था कि समाज की उन्नति मनुष्य की मानसिकता में परिष्कार से ही हो सकती है और यह साहित्य के माध्यम से ही संभव है। अत: उन्होंने साहित्य सृजन को प्रोत्साहित किया। उन्होंने रामायण, महाभारत सरीखे प्राचीन सांस्कृतिक ग्रंथों का जनभाषा में अनुवाद भी कराया।

सत्य, मानवता, समानता, सर्वधर्म समभाव, स्वाभिमान की रक्षा आदि ऐसे जीवन मूल्य है,ं जो गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन से प्राप्त होते हैं। इनके अभाव में समाज और राष्ट्र की उन्नति संभव नहीं।

डॉ. राजेन्द्र साहिल