Showing posts with label Chennai Open. Show all posts
Showing posts with label Chennai Open. Show all posts

Sunday, 5 January 2014

Wawrinka won Chennai open for second time

चेन्नई। शीर्ष वरीयता प्राप्त स्टानिस्लास वावरिंका ने फ्रांस के एडुआर्ड रोजर वेसेलिन को हराकर दूसरी बार चेन्नई ओपेन में पुरुष सिंगल्स का खिताब जीत लिया है। स्विस खिलाड़ी का यह पांचवां एटीपी टूर खिताब है।

पिछले साल अमेरिकी ओपेन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले विश्व के नंबर आठ खिलाड़ी वावरिंका ने अपना 500वां एटीपी टूर मैच खेलते हुए एक घंटा, 35 मिनट तक चले मुकाबले में वेस्लीन को सीधे सेटों में 7-5, 6-2 से हराया। इससे पहले वावरिंका ने 2011 में चेन्नई ओपेन का खिताब जीता था। टूर्नामेंट के सातवीं वरीयता प्राप्त रोजर वेसेलिन ने अपना पहला एटीपी खिताब जीतने के लिए काफी कोशिश की, लेकिन पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले 28 वर्षीय वावरिंका से पार पाना उनके लिए आसान नहीं रहा। अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे वावरिंका ने खुद को अव्वल खिलाड़ी साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने अपने दमदार रिटर्न और ग्राउंड स्ट्रोक्स के दम पर वेसेलिन को उन्नीस साबित किया। यह दूसरा मौका था जब वेस्लीन किसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने फरवरी 2013 में डेलरे बीच ओपेन के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी, जहां उन्हें लातविया के एर्नेस्ट गुलबिस ने हराया था।

वावरिंका के लिए यह टूर्नामेंट काफी अच्छा रहा। उन्होंने तीसरे दौर में स्लोवेनिया के एलिज बेडेन को हराकर करियर की 300वीं जीत दर्ज की थी। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह चौथे स्विस खिलाड़ी हैं। उनसे पहले रोजर फेडरर (926), मार्क रोसेट (433) और जैकब हलास्के (432) यह कारनामा कर चुके हैं। हालांकि इस साल चेन्नई ओपेन से कई शीर्ष खिलाड़ियों के हटने से इसकी चमक थोड़ी फीकी पड़ी। चोट के कारण पिछले साल के चैंपियन जानको टिप्सारेविक, दूसरी वरीयता प्राप्त रूस के मिखाइल यूझनी और तीसरी वरीयता प्राप्त इटली के फाबियो फोगनिनी ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था। इस बीच, कनाडा के पांचवीं वरीयता प्राप्त वासेक पोसपिसली भी चोट के कारण वावरिंका के खिलाफ सेमीफाइनल मैच पूरा नहीं कर सके थे। 

Thursday, 2 January 2014

Yuki Bhambri reach chennai open quarterfinal

चेन्नई। भारत के वाइल्डकार्ड धारक युकी भांबरी ने चेन्नई ओपेन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जबकि पहले दौर में सोमदेव को हराने वाले रामकुमार रामनाथन की चुनौती दूसरे दौर में थम गई। 

गुरुवार को हुए दूसरे दौर के मुकाबले में इटली के फाबियो फोगनिनी के रिटायर्ड होने के बाद भांबरी अगले दौर में पहुंच गए। इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले भांबरी तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। युकी के करियर की यह सबसे बड़ी कामयाबी है। फोगनिनी जब रिटायर्ड हुए तब वह पहला सेट 6-1 से जीत चुके थे, जबकि दूसरे सेट में 5-5 से बराबरी पर थे। तीसरी वरीयता प्राप्त फोगनिनी बायें पैर की चोट के कारण पुरुष डबल्स से भी नाम वापस ले चुके थे, जहां उन्हें भारत के लिएंडर पेस के साथ खेलना था। युकी से पहले सोमदेव और पेस ही सिंगल्स वर्ग के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। सोमदेव 2009 में उपविजेता रहे थे, जबकि पेस ने 1998 में अंतिम आठ में जगह बनाई थी। 

क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद युकी ने कहा, 'घरेलू दर्शकों के सामने एटीपी टूर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचना शानदार है। आपको विश्व के 16वें नंबर के खिलाड़ी के खिलाफ रोज-रोज मैच खेलने को नहीं मिलते हैं। मैं शुक्रवार को होने वाले मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। फोगनिनी ने शानदार प्रदर्शन किया और दिखा दिया कि वह क्यों शीर्ष-20 खिलाड़ियों में शामिल हैं। मैं उनके जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं।' 

अगले दौर में युकी का सामना कनाडा के वासेक पोसपिसली से होगा, जिन्होंने एक अन्य मुकाबले में चीनी ताइपे के येन सुन लू को पराजित किया। चोट के कारण सुन लू मैच खेलने ही नहीं उतरे, जिससे पोसपिसली को वॉकओवर मिला। उधर, रामकुमार को स्पेन के मार्सेल ग्रानोलर्स ने सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से मात दी। रामकुमार ने क्वालीफाइंग दौर के जरिये मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई थी, जिसके बाद उन्होंने सभी को चौंकाते हुए पहले ही दौर में सोमदेव को मात दी थी। 

Sunday, 29 December 2013

Somdev to face Qualifier in first round

चेन्नई। भारत के शीर्ष खिलाड़ी सोमदेव देववर्मन को सोमवार से शुरू हो रहे चेन्नई ओपेन के पहले दौर में क्वालीफायर खिलाड़ी से भिड़ना होगा, जबकि वाइल्डकार्ड धारक युकी भांबरी और जीवन नेंदुचेझियन को पहले दौर में कठिन ड्रॉ मिला है। शनिवार को टूर्नामेंट के ड्रॉ घोषित किए गए। 


विश्व में 195वीं रैंकिंग के खिलाड़ी भांबरी को पहले दौर में विश्व के 64वें नंबर के खिलाड़ी स्पेन के पाबलो कारेनो बुस्टा से भिड़ना है, जबकि जीवन को विश्व के 84वें नंबर के खिलाड़ी चेक गणराज्य के जीरी वेस्ले की चुनौती का सामना करना होगा। ड्रॉ के बारे में बारे में सोमदेव ने कहा, 'मैं अपने प्रतिद्वंद्वी को नहीं जानता, लेकिन मुझे इतना पता है कि वह कुछ मैच जीतकर मुख्य ड्रॉ में आएगा, लिहाजा मुकाबला काफी मुश्किल होगा।' सोमदेव ने पिछले साल वाइल्ड कार्ड के जरिये मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई थी। पहले दौर में उन्होंने चेक गणराज्य के जान हाजेक को मात दी थी, लेकिन दूसरे दौर में उन्हें शीर्ष वरीय टॉमस बर्डिक के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

इस बीच, शीर्ष वरीय स्टानिस्लास वावरिंका, दूसरी वरीयता प्राप्त मिखाइल यूझनी, तीसरी वरीय इटली के फाबियो फोगनिनी और चौथी वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी खिलाड़ी बेनोइत पाएर को पहले दौर में बाई दी गई है। डबल्स वर्ग में भारत के रोहन बोपन्ना और पाकिस्तान के ऐसाम उल हक कुरैशी की शीर्ष वरीय जोड़ी को पहले दौर में मौजूदा चैंपियन वावरिंका और पाएर की जोड़ी से भिड़ना होगा, जबकि भारत के लिएंडर पेस और फोगनिनी की दूसरी वरीय जोड़ी को मारिन ड्रागांजा और माए पाविक की क्रोएशियाई जोड़ी की चुनौती का सामना करना है।