Showing posts with label Yuki Bhambri. Show all posts
Showing posts with label Yuki Bhambri. Show all posts

Thursday, 2 January 2014

Yuki Bhambri reach chennai open quarterfinal

चेन्नई। भारत के वाइल्डकार्ड धारक युकी भांबरी ने चेन्नई ओपेन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जबकि पहले दौर में सोमदेव को हराने वाले रामकुमार रामनाथन की चुनौती दूसरे दौर में थम गई। 

गुरुवार को हुए दूसरे दौर के मुकाबले में इटली के फाबियो फोगनिनी के रिटायर्ड होने के बाद भांबरी अगले दौर में पहुंच गए। इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले भांबरी तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। युकी के करियर की यह सबसे बड़ी कामयाबी है। फोगनिनी जब रिटायर्ड हुए तब वह पहला सेट 6-1 से जीत चुके थे, जबकि दूसरे सेट में 5-5 से बराबरी पर थे। तीसरी वरीयता प्राप्त फोगनिनी बायें पैर की चोट के कारण पुरुष डबल्स से भी नाम वापस ले चुके थे, जहां उन्हें भारत के लिएंडर पेस के साथ खेलना था। युकी से पहले सोमदेव और पेस ही सिंगल्स वर्ग के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। सोमदेव 2009 में उपविजेता रहे थे, जबकि पेस ने 1998 में अंतिम आठ में जगह बनाई थी। 

क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद युकी ने कहा, 'घरेलू दर्शकों के सामने एटीपी टूर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचना शानदार है। आपको विश्व के 16वें नंबर के खिलाड़ी के खिलाफ रोज-रोज मैच खेलने को नहीं मिलते हैं। मैं शुक्रवार को होने वाले मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। फोगनिनी ने शानदार प्रदर्शन किया और दिखा दिया कि वह क्यों शीर्ष-20 खिलाड़ियों में शामिल हैं। मैं उनके जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं।' 

अगले दौर में युकी का सामना कनाडा के वासेक पोसपिसली से होगा, जिन्होंने एक अन्य मुकाबले में चीनी ताइपे के येन सुन लू को पराजित किया। चोट के कारण सुन लू मैच खेलने ही नहीं उतरे, जिससे पोसपिसली को वॉकओवर मिला। उधर, रामकुमार को स्पेन के मार्सेल ग्रानोलर्स ने सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से मात दी। रामकुमार ने क्वालीफाइंग दौर के जरिये मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई थी, जिसके बाद उन्होंने सभी को चौंकाते हुए पहले ही दौर में सोमदेव को मात दी थी। 

Thursday, 31 October 2013

Saketh-Somdev Enter in Second Round

saketh myneni

नई दिल्ली। भारत के साकेत मयनेनी ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए चार्लोट्सविले एटीपी चैलेंजर टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली है। साकेत ने पहले दौर में विश्व के 83वें नंबर के खिलाड़ी टिम शमिक को हराया। भारत के सोमदेव देववर्मन ने भी पहले दौर की बाधा पार कर ली।
विश्व के 313वें नंबर के खिलाड़ी साकेत ने स्थानीय खिलाड़ी को एक घंटा 55 मिनट चले मुकाबले में 6-4, 4-6, 7-5 से मात दी। दूसरी वरीयता प्राप्त सोमदेव ने ऑस्ट्रेलिया के सैमुअल ग्रोथ के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बावजूद 3-6, 6-3, 6-4 से पराजित किया। सोमदेव को यह मुकाबला जीतने के लिए तकरीबन दो घंटे का समय लगा। इसके साथ ही सोमदेव ने ग्रोथ के खिलाफ 2009 में मिली हार का हिसाब पूरा कर लिया। सोमदेव इस टूर्नामेंट के डबल्स वर्ग में भी जोड़ीदार सनम सिंह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। पहले दौर में भारतीय जोड़ी का सामना वाइल्डकार्ड धारक मिशेल फ्रेंक और माक स्टाइलिंगर की जोड़ी से होगा।

जोकोविक- फेरर दूसरे दौर में
 
पेरिस। दुनिया के नंबर दो टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक और स्पेन के डेविड फेरर ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। 

बुधवार को खेले गए दूसरे दौर के मैच में दूसरी वरीयता प्राप्त जोकोविक ने फ्रांस के पीटर हर्बट को सीधे सेटों में 7-6, 6-3 से शिकस्त दी। अगले दौर में जोकोविक का सामना अमेरिका के जॉन इस्नेर से होगा। 13वीं वरीयता प्राप्त इस्नेर ने दूसरे दौर में पोलैंड के माइकल परजिसेनजी को 7-6, 4-6, 6-3 से पराजित किया। तीसरी वरीयता प्राप्त फेरर ने चेक गणराज्य के लुकास रोसोल को 6-0, 2-6, 6-3 से पराजित किया। अब फेरर का सामना फ्रांस के निकोलस माहूत और गाइल्स सिमोन के खिलाफ होने वाले मैच के विजेता से होगा। 

स्पेन के निकोलस अलमाग्रो भी तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। अलमाग्रो ने क्रोएशिया के इवान डोडिग को 6-4, 6-3 से मात दी।