Showing posts with label Tata Motors. Show all posts
Showing posts with label Tata Motors. Show all posts

Friday, 29 November 2013

May launch Nano in Indonesia and bring back to India: Tata

Nano
सिंगापुर। रतन टाटा के सपनों की कार नैनो को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिलने से वह निराश हैं। टाटा समूह के मानद चेयरमैन ने कहा है कि यह अब नए अवतार में आएगी। इसका नया मॉडल इंडोनेशिया के रास्ते भारत आएगा। यानी इसे पहले विदेश में पेश किया जाएगा। वहां यह सस्ती नहीं रह जाएगी। इसके बाद घरेलू बाजार में नई छवि के साथ इसके सफर की नई शुरुआत होगी।

एक इंटरव्यू में टाटा ने इस कार की असफलता पर अफसोस जताते हुए स्वीकार किया कि हमने इसकी मार्केटिंग में गलती कर दी। यह उन दोपहिया वालों के लिए बनाई गई थी, जो परिवार के साथ सभी मौसम में सुरक्षित एवं सस्ती यात्रा करना चाहते हैं। हमें नैनो को दोपहिया के विकल्प के तौर पर उतारना था न कि सबसे सस्ती कार के रूप में। इस तरह की मार्केटिंग के चलते नैनो की क्षमताओं को कम कर आंका गया। इसकी ब्रांडिंग भारतीय बाजार में बेहद सस्ती कार के तौर पर हो गई, जिससे नुकसान हुआ। इसी धब्बे को धोने के लिए अब हम इसे इंडोनेशिया जैसे देश में उतारेंगे। विदेशी बाजार में इसे लेकर बहुत उत्सुकता है। यूरोपीय बाजारों के लिए भी नैनो को तैयार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इसकी रीलॉन्चिंग की तैयारी चल रही है। नई नैनो में अलग तरह के फीचर होंगे। हालांकि, उन्होंने इसके समय के बारे में कुछ नहीं बताया। पिछले साल भी टाटा ने कहा था कि अब नैनो को दोबारा उतारने का वक्त आ गया है। इस कार में बेहतर करने का माद्दा है। हम अपनी गलतियों से इसका पूरा फायदा नहीं उठा पाए। इस साल अप्रैल-अक्टूबर अवधि में इसकी बिक्री 71.7 फीसद घटकर 12,322 इकाई रह गई है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी ने 43,627 कारें बेची थीं। अक्टूबर में टाटा मोटर्स ने नैनो का सीएनजी वर्जन भी पेश किया मगर इससे भी बिक्री में ज्यादा फर्क पड़ता नहीं दिखाई दे रहा। दिल्ली में फिलहाल इसकी एक्स शोरूम कीमत 1.45 लाख से 2.65 लाख रुपये के बीच है।

Wednesday, 20 November 2013

Tata Motors Line Up to Launch Two New Cars in 2014

Tata Motors
नई दिल्ली। एक लंबे अर्से बाद भारतीय ऑटो निर्माता टाटा मोटर्स बाजार में नये प्रोडक्ट्स के साथ आने वाली है। इसके साथ ही एक बार फिर ऑटो बाजार में प्रतिस्पर्धा का दौर शुरू हो जाएगा। माना जा रहा है कि इस टाटा ने मारुति की स्विफ्ट को टक्कर देने की योजना बनाई है।

टाटा मोटर्स जिन दो कारों को उतारने की तैयारी में है, वे मारुति सुजुकी की लोकप्रिय कारों स्विफ्ट और डिजायर को टक्कर देंगी। अपनी डीजल कारों के लिए मशहूर टाटा मोटर्स इस बार बेहतर पेट्रोल कारें पेश करने की तैयारी में है और इसके लिए वह एक नया इंजन भी तैयार कर रही है। यह 1.2 लीटर टर्बो इंजन काफी किफायती होगा। अगले साल फरवरी में होने वाले ऑटो एक्सपो के दौरान ये कारें बाजार में उतरेंगी। कंपनी ने फिलहाल इन्हें कोड नेम फेल्कॉन दिया है।

टाटा मोटर्स ने करीब तीन साल से कोई नई कार नहीं उतारी है। इससे पहले कंपनी ने आरिया पेश की थी। अब कंपनी के लिए जरूरी हो गया है कि वह कोई नई कार उतारे। ये कारें टाटा की विस्टा कार के प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगी। इन्हें फिलहाल फेल्कॉन 4 और फेल्कॉन 5 का कोड नाम दिया गया है। इनकी कीमत 4.75 लाख रुपये और 7.50 लाख रुपये होगी।

कंपनी ने चार मीटर से कम लंबाई वाली सेडान मांजा सीएस में बदलाव करके उसे नया नाम देने का फैसला किया है। यह कार मारुति की डिजायर, होंडा अमेज और हुंडई की आने वाली कार को टक्कर देगी। टाटा मोटर्स के लिए नई कार लाना बेहद जरूरी है। भारतीय ऑटो संगठन सियाम द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अक्टूबर अवधि के दौरान टाटा मोटर्स की बिक्री में 35 फीसद की गिरावट आई है। 

Thursday, 7 November 2013

Sensex Extends Losses for 3rd Day

Sensex
मुंबई। रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स (एसएंडपी) की चेतावनी बृहस्पतिवार को दलाल स्ट्रीट की तेजी पर भारी पड़ गई। बंबई शेयर बाजार के सूचकांक सेंसेक्स ने न सिर्फ 248 अंक की शुरुआती बढ़त गंवाई, बल्कि 72 अंक गिरकर 20,822.77 अंक के एक सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुआ। एसएंडपी ने कहा है कि यदि आम चुनाव के बाद नई सरकार विकास का बेहतर एजेंडा पेश करने में विफल रही तो देश की रेटिंग में कमी की जाएगी। रेटिंग एजेंसी की इस चेतावनी के बाद शेयर बाजार में भारी बिकवाली शुरू हो गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 27.90 अंक गिरकर 6,187.25 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले बुधवार को भी शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक बढ़त के साथ खुला और जल्दी ही 21,142.85 अंक के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। लेकिन कारोबार के आखिरी दो घंटों में बाजार 20,797.06 अंक के स्तर तक लुढ़क गया और 20,822.77 अंक पर बंद हुआ। रुपये में गिरावट और अमेरिकी विकास दर के आंकड़ों से पहले कमजोर विदेशी संकेतों के चलते बाजार पर दबाव और बढ़ गया। बीएसई पर रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल, बैंकिंग, ऊर्जा, पीएसयू, कैपिटल गुड्स और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई। जबकि आइटी और धातु शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स 417 अंक की बढ़त गंवा चुका है। इससे पहले रविवार को दीवाली पर विशेष कारोबारी सत्र में सेंसेक्स ने 21,239.36 अंक का अब तक का सर्वोच्च स्तर छुआ था। सेंसेक्स में शामिल आरआइएल, एसबीआइ, आइसीआइसीआइ बैंक, भेल, भारती एयरटेल और टाटा मोटर्स सहित 17 शेयरों में बिकवाली हुई। जबकि निवेशकों ने टीसीएस, इंफोसिस, आइटीसी, एचयूएल और सन फार्मा की खरीददारी में दिलचस्पी दिखाई।