Showing posts with label Fog. Show all posts
Showing posts with label Fog. Show all posts

Sunday, 5 January 2014

Season worst fog in Delhi




नई दिल्ली [जेएनएन]। देश का उत्तरी हिस्सा रविवार एक बार फिर कोहरे की घनी चादर में लिपट गया। तेज बर्फीली हवाओं के प्रकोप के बीच ज्यादातर शहरों में तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। कई इलाकों में हुई बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी। दिल्ली-एनसीआर में वर्ष 2010 के बाद सबसे भयानक कोहरा पड़ा। शून्य दृश्यता की वजह से पालम एयरपोर्ट रात आठ बजे ही बंद कर देना पड़ा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से जनजीवन ठप सा पड़ गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली समेत अन्य मैदानी राज्यों में कोहरे का कहर सोमवार को भी जारी रह सकता है।

इससे पहले दिन में करीब 206 उड़ानों में विलंब हुआ और छह रद करनी पड़ी। यात्री घंटों एयरपोर्ट पर परेशान रहे। सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा। महानंदा एक्सप्रेस तो 36 घंटे की देरी से चल रही थी। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कुहासे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर रविवार की रह-रहकर हुई बारिश ने लोगों को बिस्तर न छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। 

पहाड़ों पर भारी बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी राज्यों में मौसम अचानक से बदल गया। उत्तराखंड में चारधाम समेत गढ़वाल मंडल की ऊंची पहाड़ियों पर जमकर हिमपात हुआ। पौड़ी समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। हेमकुंड साहिब, गौरसों बुग्याल, उत्तरकाशी, धनोल्टी और नई टिहरी समेत विभिन्न स्थानों पर शाम तक रुक-रुककर बर्फबारी चलती रही। हिमाचल प्रदेश की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर हिमपात का दौर जारी है।
कोकसर में एक तो रोहतांग में चार फुट बर्फ गिरी। केलंग में 11, कल्पा में 2 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रा अगले चार महीनों तक शेष दुनिया से कट गया। जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग, टंगडार, केरन, करनाह, जोजिला, पवित्र गुफा, शेषनाग, पहलगाम और जवाहर सुरंग पर भीषण हिमपात हुआ। श्रीनगर में करीब दो इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। 

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के दोबारा वाहनों के आगमन के लिए बंद होने के साथ एक बार फिर कश्मीर का शेष देश से जमीनी संपर्क कट गया। कारगिल सबसे ठंडा रहा। यहां पारा शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

ठंड, कोहरे ने ली 21 की जान
कोहरे के कारण कहीं-कहीं दृश्यता 10 मीटर तक सिमट गई। इस वजह से हरियाणा में कई सड़क हादसे हुए, जिनमें सात लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड ने छह की जान ले ली। वहीं कश्मीर में शीतलहर के चलते एक बुजुर्ग और सात बच्चे काल के गाल में समा गए।

Source : Hindi News

Sunday, 29 December 2013

North India in grip of cold



नई दिल्ली। समूचा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिन में धूप निकलने के बावजूद कई जगहों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पंजाब के जालंधर और हरियाणा के हिसार में तापमान शून्य से नीचे चला गया। कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों सोमवार, मंगलवार और बुधवार को बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। हरियाणा और राजस्थान में ठंड से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

दिल्ली में 1.9 डिग्री पहुंचा तापमान
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। ऐसा लग रहा है कि जनवरी कहीं दिल्लीवासियों को जमा न दे। तापमान में दिनोंदिन जिस तरह से गिरावट दर्ज की जा रही है, उससे दिल्ली वालों के बीच में ठंड को लेकर होने वाली चर्चा आम हो गई है। दिसंबर के जाते-जाते रविवार को दिल्ली के पश्चिमी-बाहरी जिले के जाफरपुर इलाके में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट जारी रहने की बात कही है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम यानी 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट का असर पूरी तरह से जनजीवन पर दिखाई दिया। छुट्टी के दिन दिल्ली के तकरीबन सभी पिकनिक स्पॉट तथा बाजार वीरान नजर आए। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार व मंगलवार को भी दिल्ली में सर्द हवाएं चलेंगी और तापमान में कमी आएगी।

जालंधर में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान

जालंधर, जागरण प्रतिनिधि। लगातार दूसरा दिन, पारा माइनस में और तेज धूप भी ठंडी लग रही थी। रविवार छुट्टी वाले दिन धूप सेंकने के इरादे से घरों की छतों पर पहुंचे लोग कुछ ही देर में वापस कमरों में दुबक गए, क्योंकि दोपहर के समय भी चल रही शीतलहर ने बैठने ही नहीं दिया।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान -0.5 और अधिकतम 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दो तीन दिनों में बारिश हो सकती है। नए साल पर बारिश होने की संभावना मौसम विशेषज्ञ जता रहे हैं।

नारनौल जमाव बिंदु पर, हिसार में तापमान -0.8 डिग्री
पानीपत, जागरण न्यूज नेटवर्क। समूचा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिन में धूप निकलने के बावजूद प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड से सिरसा के ओढ़ा में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

रविवार को हिसार में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जोकि इस सीजन का दिसंबर माह में अब तक का सबसे कम तापमान है। उधर, नारनौल में पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया। यहां न्यूनतम तापमान 0 डिग्री दर्ज किया गया और सुबह खेतों में फसलों पर बर्फ जमी दिखाई दी। इसके अलावा रेवाड़ी में न्यूनतम तापमान एक और सिरसा में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहीं नहीं, प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम पारा भी 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास मंडराता रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी दिनों में तापमान और गिरेगा, क्योंकि 30 और 31 दिसंबर को मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 

जयपुर में पांच साल का रिकॉर्ड टूटा
जयपुर। जयपुर में रविवार को मौसम साफ और गुनगुनी धूप होने के बावजूद यहां पर सर्दी ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राजधानी में शनिवार रात का पारा 2.2 डिग्री से लुढ़ककर 4.5 डिग्री से. पहुंच गया, जो पांच साल में सबसे कम और इस मौसम का न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग ने सोमवार या मंगलवार को जयपुर सहित पूर्वी राजस्थान में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। राजस्थान में ठंड से एक व्यक्ति के मरने की सूचना है।

आगरा में ठंड की दस्तक
आगरा। आगरा शहर में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। यहां रविवार रात पारा 1.4 डिग्री रहा, जोकि यहां के सामान्य तापमान से 6 डिग्री कम था। यहां का अधिकतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग ने नए साल की पूर्व संध्या पर यहां हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

पहली जनवरी को साफ रहेगा मौसम
पटना, जागरण संवाददाता। मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन में अच्छी धूप निकल रही लेकिन, शाम ढलते ही पारा अचानक खासा गिर जा रहा है। राजधानी के अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में भी काफी अंतर देखा जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहली जनवरी को आकाश साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी। लोग विभिन्न स्थलों पर पिकनिक मनाएंगे।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एके सेन का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जबकि रात में पारा गिरकर 10 तक पहुंच सकता है। 

जमने लगे कश्मीर के जलस्रोत
श्रीनगर, जागरण ब्यूरो। बर्फ की सफेद चादर और बर्फ से अटी चोटियों के दामन में अगर कोई नववर्ष का स्वागत करना चाहता है तो उसे कश्मीर आना चाहिए। सूखी ठंड की मार झेल रही वादी को 31 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होकर नए साल पर हिमपात का तोहफा देने के मूड में है। इस बीच, कड़ाके की ठंड झेल रही वादी में दिन व रात के अधिकतम और न्यूनतम तापमान के सामान्य से नीचे चले जाने के कारण अधिकांश जलस्रोत जमना शुरू हो गए हैं। लगातार तीव्र होती जा रही शीतलहर ने अब आम लोगों की दिनचर्या को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

ठंड का अदांजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार रात लेह में मौजूदा सर्दियों के दौरान अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान -17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कारगिल में -16.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। बेशक लेह पूरे राज्य में सबसे ठंडा है, लेकिन कश्मीर में गुलमर्ग न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -9.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा ठंडा है। गुलमर्ग भी बीती रात ही मौजूदा सर्दियों की सबसे ठंडी रात थी। पहलगाम में इसी दौरान न्यूनतम तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में -3.7, कोकरनाग में -5.2, काजीगुंड में -4.0 और श्रीनगर में -3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान के सामान्य से कम होने के कारण अधिकांश जलस्त्रोत जमने लगे हैं। डल झील के किनारों और अंदरुनी इलाकों में पानी की ऊपरी सतर पर बर्फ की बिछ रही चादर भी मोटी होने लगी है। कई इलाकों में जलापूर्ति की पाइपें फट गई हैं। 

बर्फीली हवा ने बढ़ाई ठिठुरन
जम्मू, जागरण संवाददाता। ऊंचाई वाले क्षेत्रों और पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते शीतलहर की चपेट में आए जम्मू के मैदानी इलाकों में ठिठुरन ने झकझोर कर रख दिया है। लगातार गिर रहे तापमान ने रातों की नींद हराम होने लगी है। रविवार की छुट्टी होने के चलते अधिकतर लोगों ने घरों में ही दुबके रहना बेहतर समझा। दोपहर को निकली धूप ने हालांकि राहत प्रदान की, लेकिन शाम होते ही कड़ाके की सर्दी ने फिर दस्तक दे दी। रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम में भी गिरकर 18.1 डिग्री सेल्सियस पर रहा। 

शिमला से भी ठंडे हुए ऊना व सुंदरनगर
शिमला, जागरण संवाद केंद्र। हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं से पूरा हिमाचल कांप उठा है। आधे हिमाचल का तापमान जमाव बिंदु और उससे नीचे चला गया है, वहीं कई क्षेत्रों का तापमान एक और दो डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के सबसे गर्म जिले ऊना का न्यूनतम तापमान रविवार को जमाव बिंदु पर बना रहा, जो शिमला के न्यूनतम तापमान से भी कम दर्ज किया गया। ऊना का न्यूनतम तापमान दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी तरह हमीरपुर, सोलन और सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान भी रविवार को शून्य डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि मनाली, चंबा, केलंग, कल्पा और भुंतर का तापमान माइनस रहा। राजधानी शिमला का तापमान दो डिग्री रिकार्ड किया गया है।

प्रदेश का न्यूनतम तापमान सामान्य से औसत तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को मौसम करवट बदलेगा, क्योंकि अफगानिस्तान से आने वाली पश्चिमी हवाएं प्रदेश के मौसम पर असर दिखाएंगी। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को देखकर प्रदेश में घूमने आए पर्यटकों में बर्फ देखने की हसरत फिर से हिलोरे मारने लगी हैं। पर्यटन स्थलों में स्थित होटलों की आक्यूपेंसी दर शत प्रतिशत चल रही है। होटल व्यवसायी पर्यटकों को लुभाने के लिए अनेक तरह के पैकेज लांच कर रहे हैं।

Read more : Top Hindi News

Thursday, 26 December 2013

Rain in Delhi, Grip of severe cold




नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश होने की वजह से पारे में गिरावट दर्ज की गई। आज सुबह करीब 7 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की फुहारों के साथ शुरू हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मालूम हो कि हिमाचल प्रदेश समेत अन्य पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिर गया है। इससे पहले मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि मौसम में अधिक कोहरा और नमी की मौजूदगी से हल्की बारिश के आसार बने हैं। बारिश होने से वातावरण में छाया कोहरा छंटेगा। इसके साथ ही तापमान में गिरावट भी होगी। 

Read more : News Headline