Showing posts with label Agra. Show all posts
Showing posts with label Agra. Show all posts

Monday, 6 January 2014

Be the brotherhood of man by man, that's the message we

आगरा। प्रेम और सद्भावना की बातें। संकीर्ण मनोवृत्ति को त्याग मानवता के कल्याण की प्रेरणा। इन्हीं विषयों पर आधारित था निरंकारी संत बाबा हरदेव सिंह का प्रवचन, जिन्हें सुनने और ग्रहण करने के लिए रविवार को हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। 

कोठी मीना बाजार में हुए निरंकारी संत समागम की शुरुआत तो सुबह 11 बजे ही हो गई थी। तभी से जन सैलाब उमड़ने लगा था। सभी के मन बाबा के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास था। वहां गूंज रहा था- 'इंसान का इंसान से हो भाईचारा, यही पैगाम हमारा'। दोपहर तीन बजे प्रवचन देते हुए बाबा ने कहा कि देश को संकीर्ण मनोवृत्ति से काफी नुकसान हो रहा है। यहां भाईचारे और प्रेम की जरूरत है। जिसे सभी को अपनाना चाहिए। क्योंकि यह धरती ऐसे महापुरुषों की है, जिन्होंने अपना सर्वस्व त्याग कर समाज को ताकत दी है। बाबा के दर्शन के लिए मेयर इंद्रजीत आर्य, पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया, विधायक योगेंद्र उपाध्याय आदि भी पहुंचे थे।

पांच हजार स्वयंसेवक-आयोजन की व्यवस्था को खाकी यूनिफॉर्म और सफेद टोपी पहने स्वयंसेवक तैनात थे। वे पूरे क्षेत्र में यातायात संचालन रहे थे। इसके अलावा अन्य स्थलों पर भी उनकी तैनाती थी। जिनकी संख्या पांच हजार से अधिक थी। ये आगरा के अलावा मैनपुरी, ग्वालियर से भी आए थे, जिनका नेतृत्व पुष्पेंद्र ओबराय, महेश चौहान और अजय कर रहे थे। अन्य व्यवस्थाएं सचिन ओबराय, रवि मल्होत्र आदि ने संभालीं।

लोगों ने कहा कि व्यक्ति हिमालय, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारों में प्रभु की तलाश करता है। बाबा हरदेव सिंह उस परमेश्वर से रूबरू कराते हैं। बाबा सबके कष्टों को दूर कर सभी के मन को सुख, शांति देते हैं। जिसकी सभी को तलाश रहती है। बाबा हमें उस शक्ति का अहसास कराते हैं, जो हमें अल्लाह के याद करने पर होती है। इसलिए वे हमारी ताकत बने हुए हैं। 

Sunday, 5 January 2014

Now enjoy parasailing in agra



लखनऊ। देश तथा विदेशी पर्यटकों की उत्तर प्रदेश में पैरासेलिंग की मुराद दस दिन बाद पूरी हो सकती है। सभी को लुभाने के लिए ताजनगरी में मेहताब के समीप पैरासेलिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। 

इससे पर्यटकों को सैर सपाटे के और अधिक विकल्प मिल जाएंगे। इसके लिए सदर बाजार को नाइट बाजार के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि मेहताब बाग के समीप स्थित राजकीय आस्थान की जमीन पर पर्यटक स्थल बनाने का प्रयास है। डीएम जुहेर बिन सगीर का कहना है कि दस दिनों के भीतर शौकीन पैरासेलिंग का मजा ले सकेंगे। यह स्थल ताजमहल से 500 मीटर की दूरी पर है, किसी तरीके के नियम का उल्लंघन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि स्थल को शानदार बनाने का प्रयास होगा। पर्यटकों के लिए अच्छा आकर्षण होगा और फिल्मों की शूटिंग के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।

जमीन का निरीक्षण
डीएम जुहेर बिन सगीर ने कल मेहताब के समीप स्थित राजकीय आस्थान की जमीन का निरीक्षण किया। करीब 40 बीघा में दर्जनभर के करीब पट्टेधारक जमीन पर कब्जा जमाए हुए हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नागरिक एवं आपूर्ति राजकुमार, एफमेक संस्था के अध्यक्ष पूरन डाबर, डॉ. रंजना बंसल, अशोक जैन सीए, एनसी शर्मा के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। 

चार साल पहले निरस्त हुए पट्टे

उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2010 में पट्टेधारकों के पट्टे निरस्त हो चुके हैं। जल्द ही अवैध जमीन को मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।


Source: Top Hindi News

Sunday, 29 December 2013

North India in grip of cold



नई दिल्ली। समूचा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिन में धूप निकलने के बावजूद कई जगहों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पंजाब के जालंधर और हरियाणा के हिसार में तापमान शून्य से नीचे चला गया। कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों सोमवार, मंगलवार और बुधवार को बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। हरियाणा और राजस्थान में ठंड से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

दिल्ली में 1.9 डिग्री पहुंचा तापमान
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। ऐसा लग रहा है कि जनवरी कहीं दिल्लीवासियों को जमा न दे। तापमान में दिनोंदिन जिस तरह से गिरावट दर्ज की जा रही है, उससे दिल्ली वालों के बीच में ठंड को लेकर होने वाली चर्चा आम हो गई है। दिसंबर के जाते-जाते रविवार को दिल्ली के पश्चिमी-बाहरी जिले के जाफरपुर इलाके में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट जारी रहने की बात कही है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम यानी 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट का असर पूरी तरह से जनजीवन पर दिखाई दिया। छुट्टी के दिन दिल्ली के तकरीबन सभी पिकनिक स्पॉट तथा बाजार वीरान नजर आए। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार व मंगलवार को भी दिल्ली में सर्द हवाएं चलेंगी और तापमान में कमी आएगी।

जालंधर में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान

जालंधर, जागरण प्रतिनिधि। लगातार दूसरा दिन, पारा माइनस में और तेज धूप भी ठंडी लग रही थी। रविवार छुट्टी वाले दिन धूप सेंकने के इरादे से घरों की छतों पर पहुंचे लोग कुछ ही देर में वापस कमरों में दुबक गए, क्योंकि दोपहर के समय भी चल रही शीतलहर ने बैठने ही नहीं दिया।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान -0.5 और अधिकतम 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दो तीन दिनों में बारिश हो सकती है। नए साल पर बारिश होने की संभावना मौसम विशेषज्ञ जता रहे हैं।

नारनौल जमाव बिंदु पर, हिसार में तापमान -0.8 डिग्री
पानीपत, जागरण न्यूज नेटवर्क। समूचा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिन में धूप निकलने के बावजूद प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड से सिरसा के ओढ़ा में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

रविवार को हिसार में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जोकि इस सीजन का दिसंबर माह में अब तक का सबसे कम तापमान है। उधर, नारनौल में पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया। यहां न्यूनतम तापमान 0 डिग्री दर्ज किया गया और सुबह खेतों में फसलों पर बर्फ जमी दिखाई दी। इसके अलावा रेवाड़ी में न्यूनतम तापमान एक और सिरसा में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहीं नहीं, प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम पारा भी 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास मंडराता रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी दिनों में तापमान और गिरेगा, क्योंकि 30 और 31 दिसंबर को मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 

जयपुर में पांच साल का रिकॉर्ड टूटा
जयपुर। जयपुर में रविवार को मौसम साफ और गुनगुनी धूप होने के बावजूद यहां पर सर्दी ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राजधानी में शनिवार रात का पारा 2.2 डिग्री से लुढ़ककर 4.5 डिग्री से. पहुंच गया, जो पांच साल में सबसे कम और इस मौसम का न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग ने सोमवार या मंगलवार को जयपुर सहित पूर्वी राजस्थान में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। राजस्थान में ठंड से एक व्यक्ति के मरने की सूचना है।

आगरा में ठंड की दस्तक
आगरा। आगरा शहर में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। यहां रविवार रात पारा 1.4 डिग्री रहा, जोकि यहां के सामान्य तापमान से 6 डिग्री कम था। यहां का अधिकतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग ने नए साल की पूर्व संध्या पर यहां हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

पहली जनवरी को साफ रहेगा मौसम
पटना, जागरण संवाददाता। मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन में अच्छी धूप निकल रही लेकिन, शाम ढलते ही पारा अचानक खासा गिर जा रहा है। राजधानी के अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में भी काफी अंतर देखा जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहली जनवरी को आकाश साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी। लोग विभिन्न स्थलों पर पिकनिक मनाएंगे।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एके सेन का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जबकि रात में पारा गिरकर 10 तक पहुंच सकता है। 

जमने लगे कश्मीर के जलस्रोत
श्रीनगर, जागरण ब्यूरो। बर्फ की सफेद चादर और बर्फ से अटी चोटियों के दामन में अगर कोई नववर्ष का स्वागत करना चाहता है तो उसे कश्मीर आना चाहिए। सूखी ठंड की मार झेल रही वादी को 31 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होकर नए साल पर हिमपात का तोहफा देने के मूड में है। इस बीच, कड़ाके की ठंड झेल रही वादी में दिन व रात के अधिकतम और न्यूनतम तापमान के सामान्य से नीचे चले जाने के कारण अधिकांश जलस्रोत जमना शुरू हो गए हैं। लगातार तीव्र होती जा रही शीतलहर ने अब आम लोगों की दिनचर्या को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

ठंड का अदांजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार रात लेह में मौजूदा सर्दियों के दौरान अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान -17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कारगिल में -16.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। बेशक लेह पूरे राज्य में सबसे ठंडा है, लेकिन कश्मीर में गुलमर्ग न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -9.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा ठंडा है। गुलमर्ग भी बीती रात ही मौजूदा सर्दियों की सबसे ठंडी रात थी। पहलगाम में इसी दौरान न्यूनतम तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में -3.7, कोकरनाग में -5.2, काजीगुंड में -4.0 और श्रीनगर में -3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान के सामान्य से कम होने के कारण अधिकांश जलस्त्रोत जमने लगे हैं। डल झील के किनारों और अंदरुनी इलाकों में पानी की ऊपरी सतर पर बर्फ की बिछ रही चादर भी मोटी होने लगी है। कई इलाकों में जलापूर्ति की पाइपें फट गई हैं। 

बर्फीली हवा ने बढ़ाई ठिठुरन
जम्मू, जागरण संवाददाता। ऊंचाई वाले क्षेत्रों और पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते शीतलहर की चपेट में आए जम्मू के मैदानी इलाकों में ठिठुरन ने झकझोर कर रख दिया है। लगातार गिर रहे तापमान ने रातों की नींद हराम होने लगी है। रविवार की छुट्टी होने के चलते अधिकतर लोगों ने घरों में ही दुबके रहना बेहतर समझा। दोपहर को निकली धूप ने हालांकि राहत प्रदान की, लेकिन शाम होते ही कड़ाके की सर्दी ने फिर दस्तक दे दी। रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम में भी गिरकर 18.1 डिग्री सेल्सियस पर रहा। 

शिमला से भी ठंडे हुए ऊना व सुंदरनगर
शिमला, जागरण संवाद केंद्र। हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं से पूरा हिमाचल कांप उठा है। आधे हिमाचल का तापमान जमाव बिंदु और उससे नीचे चला गया है, वहीं कई क्षेत्रों का तापमान एक और दो डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के सबसे गर्म जिले ऊना का न्यूनतम तापमान रविवार को जमाव बिंदु पर बना रहा, जो शिमला के न्यूनतम तापमान से भी कम दर्ज किया गया। ऊना का न्यूनतम तापमान दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी तरह हमीरपुर, सोलन और सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान भी रविवार को शून्य डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि मनाली, चंबा, केलंग, कल्पा और भुंतर का तापमान माइनस रहा। राजधानी शिमला का तापमान दो डिग्री रिकार्ड किया गया है।

प्रदेश का न्यूनतम तापमान सामान्य से औसत तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को मौसम करवट बदलेगा, क्योंकि अफगानिस्तान से आने वाली पश्चिमी हवाएं प्रदेश के मौसम पर असर दिखाएंगी। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को देखकर प्रदेश में घूमने आए पर्यटकों में बर्फ देखने की हसरत फिर से हिलोरे मारने लगी हैं। पर्यटन स्थलों में स्थित होटलों की आक्यूपेंसी दर शत प्रतिशत चल रही है। होटल व्यवसायी पर्यटकों को लुभाने के लिए अनेक तरह के पैकेज लांच कर रहे हैं।

Read more : Top Hindi News

Thursday, 26 December 2013

Saina Nehwal became obsessed with Taj Mahal




जागरण संवाददाता, आगरा। एक तरफ सौंदर्य का प्रतिमान विश्व का सातवां अजूबा ताज था, तो दूसरी ओर देश की नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल। बगैर किसी प्रोग्राम के अचानक ताजमहल देखने की इच्छा पूरी होने की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी। गुरुवार को एक घंटे तक ताज की खूबसूरती निहारने के बाद वह सैफई रवाना हो गई।

सैफई महोत्सव में प्रदेश सरकार द्वारा ओलंपिक के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए देश की नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल बुधवार देर रात आगरा पहुंची थीं। रात को वह होटल आइटीसी मुगल में रुकीं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे ताजमहल देखने पहुंचीं। स्मारक में प्रवेश करने के बाद वह ताज के सौंदर्य से अभिभूत नजर आई। करीब एक घंटे तक ताज के इतिहास और उसकी पच्चीकारी में दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने डायना बेंच और कई अन्य जगहों से ताज के साथ फोटो भी खिंचाए।

ताज के भ्रमण के बाद साइना ने कहा कि लंबे समय से ताजमहल देखने की उनकी इच्छा थी, लेकिन व्यस्तताओं के चलते वह यहां नहीं आ पा रही थीं। उन्होंने तो सोचा भी नहीं था कि बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के इस तरह ताज देखने की हसरत पूरी होगी। भ्रमण के दौरान उन्हें देसी-विदेशी पर्यटकों से परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षाकर्मी उनके साथ चल रहे थे। हालांकि बहुत से पर्यटकों ने उन्हें पहचान लिया और साथ में फोटो कराने और ऑटोग्राफ देने की मांग की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों के चलते उन्हें निराशा हाथ लगी। ताज में उत्तार प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडे उनके साथ रहे।

Gita macroscopic Kalpvriksh



आगरा। राधे-राधे जपे चले आएंगे बिहारी., मेरो प्यारो वृंदावन धाम, जगत में न्यारो वृंदावन धाम. की धुन झूमते श्रद्धालु। मार्ग में बिखरती पीतांबरी छटा और कलश धारण कर चलती महिला श्रद्धालु।

बुधवार को बल्केश्वर के गंगे गौरी बाग स्थित शिवनगर मंदिर से श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर निकाली गई कलश यात्रा में यही नजारा था। मानव सेवा संस्थान द्वारा कराई जा रही श्रीमद्भागवत की कलश यात्रा में 101 महिलाओं ने कलश धारण किए। गंगे गौरी बाग होते हुए कलश यात्रा बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर पहुंची। यहां कलशों में जल भरने के बाद यात्रा पुन: शिवनगर मंदिर पहुंची। कथाव्यास पं. राममूर्ति दीक्षित ने विधि-विधानपूर्वक कलशों की स्थापना कराई। 

भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पं. राममूर्ति ने कहा कि इसे भगवान का स्वरूप माना जाता है। यह साक्षात कल्पवृक्ष है। यह कथा संसार को माया-मोह के अंधकार से निकालकर प्रकाश की ओर ले जानी वाली और हृदय में भक्ति को जगाने वाली है। 31 दिसंबर तक दोपहर एक से पांच बजे तक प्रवचन होंगे। तेरा साईं तुझमें, जाग सके तो जाग.ज्यों तिल माहि तेल है, च्यों चकमक में आग। तेरा साईं तुझमें, जाग सके तो जाग.। हमारा परमात्मा हमारे अंदर है। ईश्वर ने हमें सुंदर सृष्टि, विभिन्न ऋतुएं और फल-फूल दिए हैं, मगर वह हमसे कुछ नहीं लेते, हमारे कष्ट की वजह हमारी अपनी इच्छा और लालसाएं हैं। ज्ञान यज्ञ का बुधवार को शुभारंभ किया गया। ईश्वर की महिमा बताते हुए संत श्रीनिवास जी महाराज ने ईश्वर भक्ति करने वाला ईष्र्या और घृणा से दूर रहता है। गुरु को उन्होंने साक्षात परब्रह्म बताया। इससे पूर्व संत श्रीनिवास जी का तिलक केशव दीक्षित द्वारा किया गया। हवन में आहूतियां देकर विश्व कल्याण की कामना की गई। यहां 29 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक प्रवचन होंगे। 

गायत्री शांति पीठ शास्त्रीपुरम में बुधवार शाम दीप झिलमिला उठे। कॉलोनी के ए ब्लॉक स्थित पार्क में जब दीपों से स्वास्तिक, ओम और नववर्ष का स्वागत करतीं आकृतियों ने मोहक दृश्य प्रस्तुत किया। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में शास्त्रीपुरम स्थित सिद्धि पीठ मंदिर में नौ कुंडीय यज्ञ बुधवार को आयोजित किया गया। इसमें आंवलखेड़ा से आए टोली नायक बालकदास, सावित्री देवी, दीनदयाल ने गुरुदेव श्रीराम शर्मा आचार्य के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। जिससे समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार से निजात मिले। दोपहर में हुई बाल संस्कार शाला में शांतिकुंज हरिद्वार की प्रतिनिधि रूही माहेश्वरी ने संस्कारवान बनने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से माता-पिता, परिवार के अन्य सदस्यों, बुजुर्गो और बड़ों से सद्व्यवहार करने और उनकी बात मानने की सीख दी। बच्चों ने माता-पिता की आज्ञा मानने का संकल्प लिया। 


Source : Religion News in Hindi

Places to Visit in Agra and Tourist Destinations



नई दिल्ली। यमुना नदी के तट पर स्थित आगरा शहर को ताज नगरी भी कहा जाता है। दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल आगरा की पहचान है। आगरा उत्तर प्रदेश का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। आगरा एक ऐतिहासिक नगर है। आगरा का इतिहास मुख्य रूप से मुगल काल से जाना जाता है। आगरा शहर को सिकंदर लोदी ने सन् 1506 ई. में बसाया था। आगरा मुगल साम्राजय की चहेती जगह थी। आगरा 1526 से 1658 तक मुगल साम्राज्य की राजधानी रहा। आज भी आगरा मुगलकालीन इमारतों जैसे ताज महल, लाल किला, फतेहपुर सीकरी आदि की वजह से एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। 

ताजमहल
ताजमहल शाहजहां की प्रिय बेगम मुमताज महल का मकबरा है। ताजमहल विश्व के सात अजूबे में से एक है। मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज महल की याद में बनवाया था। इस स्मारक को बनाने में पूरे बाइस साल (1630-1652) लगे। सफेद संगमरमर से बना यह मकबरा वर्गाकार नींव पर आधारित है। यह खूबसूरत महल प्यार का प्रतीक माना जाता है। हर शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है।

फतेहपुर सीकरी
ताजमहल से लगभग 36 कि.मी दूर स्थित है फतेहपुर सीकरी। मुगल सम्राट अकबर ने फतेहपुर सीकरी बसाई थी। फतेहपुर सीकरी में अकबर ने सबसे ऊंची इमारत बुलंद दरवाजा बनवाया था जिसकी ऊंचाई भूमि से 280 फुट है। 52 सीढि़यों पर चढ़ने के बाद दरवाजे के अंदर पहुंचा जा सकता है। यह लाल और बलुआ पत्थर से बना है। सूफी संत शेख सलीम चिश्ती की समाधि यहां है। यूनेस्को की विश्व विरासत स्थल में शामिल फतेहपुर सीकरी मुगल संस्कृति और सभ्यता के प्रतीक है। 

आगरा किला
आगरा का एक अन्य विश्व धरोहर स्थल है आगरा का किला। आगरा का किला अकबर द्वारा 1565 में बनवाया गया था। बाद में उनके पौत्र शाहजहां ने इस किले का पुनरोद्धार लाल बलुआ पत्थर से करवाया। इस किले की मुख्य इमारतों में मोती मस्जिद, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, जहांगीर महल, खास महल, शीश महल एवं मुसम्मन बुर्ज आते हैं। जिसके प्राचीन वास्तुशिल्प को देखने हजारों पर्यटक देश-विदेश से आते हैं।

जामा मस्जिद
आगरा का जामा मस्जिद शाहजंहा की बेटी जहांआरा बेगम को समर्पित है। इस विशाल मस्जिद का निर्माण 1648 में हुआ था। लाल बलुआ पत्थर और छोटे सफेद संगमरमर से बना जामा मस्जिद बहुत सुंदर है। जामा मस्जिद से सूफी शेख सलीम चिश्ती की मजार पर नजर पड़ती है जो कलाकारी का अद्भुत नमूना है। जामा मस्जिद की नक्काशी बेहद खूबसूरत है। बुलंद दरवाजे से होते हुए जामा मस्जिद तक पहुंचा जा सकता है।

Wednesday, 20 November 2013

Modi's Rally in Agra Today

BJP's
जागरण संवाददाता, आगरा। केंद्र की सत्ता पाने को दनादन रैलियां कर रहे नरेंद्र मोदी गुरुवार को उस ताजनगरी में गरजेंगे, जो कभी मुगलों की राजधानी रह चुकी है। भाजपा मान रही है कि रैली में 40 विधानसभा (आठ लोकसभा) क्षेत्रों से लाखों लोगों की भीड़ मोदी को सुनने के लिए उमड़ेगी। रैली के लिए बुधवार देर रात तक तैयारी चलती रही। रैली के चलते दिल्ली और कानपुर से आने वाले वाहनों के लिए रूट का डायवर्जन किया गया है।

कोठी मीना बाजार पर हो रही भाजपा ब्रजक्षेत्र की रैली गुरुवार सुबह 11 बजे शुरू होगी। रैली के लिए भव्य मंच बनाया है। मुख्य मंच पर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह सहित अन्य प्रमुख नेता रहेंगे। इसके पास ही दो विशेष मंच बने हैं। इनमें से एक पर ब्रजक्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि और स्वागत समिति सदस्य होंगे। दूसरे पर ब्रज क्षेत्र के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियोंको जगह दी जाएगी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह दोपहर करीब 12 बजे खेरिया हवाई अड्डे पहुंचेंगे, वहां से सड़क मार्ग के जरिए रैली स्थल तक आएंगे।
बुधवार को रैली स्थल पर पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि रैली में बैठने के लिए मैदान को 16 ब्लॉक में बांटा है। हर ब्लॉक में सुरक्षाकर्मियों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की तैनाती होगी। भीड़ के लिए पेयजल का इंतजाम ब्लॉक के अंदर ही होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने प्रशासन और पुलिस से अनुरोध किया है कि रैली में आने वालों को सुरक्षा के नाम पर न रोका जाए। यदि ऐसा हुआ तो जहां रोका जाएगा, भाजपा वहीं सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी।
लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि प्रदेश में रैलियों के हिसाब से यह चौथी रैली है, लेकिन क्षेत्र के हिसाब यह प्रदेश की सबसे बड़ी रैली है और इसमें रिकार्ड भीड़ उमड़ेगी।

Modi's Agra Rally : BJP to Felicitate Som and Other Two

narendra modi
आगरा, जागरण संवाददाता। मुजफ्फरनगर हिंसा में जेल जाने वाले दो भाजपा विधायकों समेत तीन लोगों का गुरुवार को मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में सम्मानित किया जाएगा। ये तीनों 'थ्री एस' हैं। तीनों का नाम 'स' से शुरू होता है। तीसरा नाम संजीव बालियान का जुड़ा है। मुजफ्फरनगर दंगे में आरोपी भाजपा विधायकों सुरेश राणा व संगीत सोम की गिरफ्तारी से बहुसंख्यक वर्ग के गुस्से को भाजपा भुनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है।

एडवाइजरी बोर्ड में भाजपा के दोनों विधायकों पर रासुका खारिज होने के बाद भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक भूमिका में भी है। रैली में भाजपा विधायकों सुरेश राणा व संगीत सोम को सम्मानित करने की घोषणा से विपक्षी खेमों में हलचल बढ़ गई है। पहले ठाकुर बिरादरी के दोनों विधायकों को मंच पर सम्मानित करने की घोषणा थी, इससे विपक्षियों के साथ पार्टी की अंदरूनी सियासत गरमा गई।

इस बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बुधवार को भाजपा नेता डा. संजीव बालियान को भी विधायकों के साथ सम्मान देने का एलान कर न सिर्फ पार्टी के अंदर की हलचल शांत कर दी है, बल्कि जाट मतदाताओं को आश्वस्त भी कर दिया है कि भाजपा उनका पूरा ध्यान रख रही है। अब नरेंद्र मोदी की रैली में सुरेश राणा, संगीत सोम व संजीव बालियान को सम्मानित किया जाएगा।

Source- News in Hindi