Showing posts with label Recreation and Sports. Show all posts
Showing posts with label Recreation and Sports. Show all posts

Wednesday, 27 November 2013

Ishant Sharma needs to stop focusing on his image: Fanie de Villiers

Ishant Sharma
क्लेटन मुर्जेलो (मिड-डे) मुंबई। कुछ लोगों का मानना है कि इशांत शर्मा भाग्यशाली हैं कि उनको दक्षिण अफ्रीका जाने वाली भारत की वनडे और टेस्ट टीम में शामिल किया गया। जबकि कुछ का कहना है कि तेज गेंदबाजों की मददगार विकेट पर भारत को उनके छह साल के अंतरराष्ट्रीय अनुभव की जरूरत थी। वास्तविकता यह है कि इशांत को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में नहीं रखा गया था। इससे पहले कैरेबियाई टीम के साथ खेली गई दो टेस्ट की सीरीज में भी उनको बाहर बैठना पड़ा था।

राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने रोशनारा क्लब की मददगार विकेट पर रणजी ट्रॉफी मैच में हरियाणा के खिलाफ उनके नौ विकेट झटकने के प्रदर्शन को गंभीरता से लिया। इस मैच में दिल्ली ने 105 रन से जीत दर्ज की और इशांत का दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम में आने का रास्ता खुल गया। टीम से निकाले जाने से पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों में दो विकेट के लिए 24 ओवर में 189 रन लुटाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने सात विकेट लिए थे।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डीविलियर्स इस बात से हैरान नहीं हैं कि आखिर क्यों इशांत विश्व रैंकिंग (टेस्ट में 31 और वनडे में 66) में ऊंचा स्थान हासिल नहीं कर सके। डीविलियर्स इसके लिए इशांत के व्यक्तित्व को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने 2010-11 में भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे में मिड-डे से कहा था, 'सबसे पहले उसे अपने बाल कटाने चाहिए। वह मुझे खिलाड़ी नहीं लगता है।'

बुधवार को वह और ज्यादा मुखर थे। उन्होंने कहा, 'मैंने ऐसे कई खिलाड़ियों को देखा है, जो अपने बाहरी कारकों की वजह से शीर्ष स्तर पर नहीं पहुंच सके। कांबली (विनोद) इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। अंगूठी, कान की बालियां, चेन वगैहरा। इन चीजों से उनका फोकस खत्म हो गया। छवि उनकी सबसे बड़ी समस्या थी। यह खेल बेहद समर्पण की मांग करता है। इशांत जैसी शख्सियत लोगों को कुछ सिखा नहीं सकतीं। ऐसे खिलाड़ी आमतौर पर अच्छे टीम मैन भी नहीं होते हैं। ऐसे खिलाड़ियों की वजह से टीम की छंवि खराब होती है। वह मेरे बच्चे के लिए भी अच्छा उदाहरण नहीं हो सकता। वह शायद अपना ही सबसे बड़ा दुश्मन है।'

डीविलियर्स चाहते हैं कि इशांत सामान्य रहकर अपनी प्रतिभा के साथ न्याय करें। उनके समर्थक और आलोचक यह कभी नहीं भूल पाएंगे कि उन्होंने 2007-08 के विवादित ऑस्ट्रेलियाई दौरे में रिकी पोंटिंग एंड कंपनी के खिलाफ कितनी शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने कहा, 'इस समय आपकी छवि खेल से ज्यादा महत्वपूर्ण है। दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों को देखिए, वे सामान्य लोग हैं। दुनिया के सर्वकालिक महान टेनिस खिलाड़ियों फेडरर, संप्रास को देखिए। इशांत ने 2010-11 के दक्षिण अफ्रीका दौरे में केपटाउन में तीसरे और अंतिम टेस्ट (2/77) में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। उनके पास अपने आलोचकों को गलत साबित करने के लिए इस बार बेहतर मौका है।


Source- Cricket News in Hindi

Thursday, 14 November 2013

India 157/2 at stumps on day 1 of 2nd Test

Mumbai
मुंबई। प्रज्ञान ओझा की जादुई फिरकी की बदौलत सचिन तेंदुलकर के विदाई टेस्ट मैच के पहले दिन बृहस्पतिवार को वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज को 182 रनों पर समेटने के बाद भारतीय टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 157 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अपना 200वां और आखिरी टेस्ट खेल रहे तेंदुलकर 38 और चेतेश्वर पुजारा 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत अभी भी वेस्टइंडीज से 25 रन पीछे है, जबकि उसके आठ विकेट अभी शेष हैं।

दर्शकों को भारतीय गेंदबाजी ने तो अभिभूत किया ही, पहले ही दिन तेंदुलकर को बल्लेबाजी करते देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। तेंदुलकर के क्रीज पर आने के बाद से मैच समाप्त होने तक लगातार दर्शक सचिन की हौसलाअफजाई में झूमते दिखे। निश्चित ही मैच के दूसरे दिन भी सभी की निगाहें तेंदुलकर पर ही टिकी रहेंगी। ओझा को कोलकाता टेस्ट में आशातीत सफलता नहीं मिली थी, लेकिन इस मैच में उन्होंने इसकी भरपाई करते हुए 11.2 ओवर में 40 रन देकर पांच विकेट झटके और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम किया। ओझा ने छठी बार पारी में पांच विकेट लिए। अश्विन ने ओझा का पूरा साथ देते हुए 15 ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट झटके।

पहले दिन दूसरे सत्र में ही वेस्टइंडीज की पारी समेटने के बाद भारतीय टीम ने सधी हुई शुरुआत की और पहले विकेट की साझेदारी में शिखर धवन (33) और मुरली विजय (43) ने 77 रन बनाए। धवन को शिलिंगफोर्ड ने चंद्रपॉल के हाथों आउट कराया। धवन ने 28 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके लगाए। धवन के बाद विजय भी उसी ओवर में डेरेन सैमी को कैच थमा बैठे। विजय ने 55 गेंदों में आठ चौके लगाए।

टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण चुनने के अपने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के निर्णय को सही साबित करते हुए प्रज्ञान ओझा और रविचंद्रन अश्विन ने वेस्टइंडीज की पहली पारी सस्ते में समेट दी। वेस्टइंडीज के लिए कीरेन पॉवेल (48) ने सर्वाधिक रन बनाए, जबकि अपना 150वां टेस्ट मैच खेल रहे शिवनारायण चंद्रपॉल 25 रन पर आउट हुए। वेस्टइंडीज के लिए शुरुआत में सब ठीक लग रहा था क्योंकि पॉवेल और क्रिस गेल लय में दिख रहे थे। लेकिन समी ने कोलकाता के अपने शानदार सफर को जारी रखते हुए 25 के कुल योग पर गेल को अपने जाल में फंसा लिया। गेल 11 रन के निजी योग पर स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों लपके गए। वेस्टइंडीज के लिए यह बड़ा झटका था, लेकिन डेरेन ब्रावो (29) और पॉवेल ने दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी करते हुए इसकी भरपाई करने की कोशिश की। दोनों काफी अच्छा खेल रहे थे, लेकिन अश्विन की फिरकी पर ब्रावो बल्ला लगा बैठे और धौनी ने उन्हें लपकने में कोई कोताही नहीं बरती। ब्रावो ने 63 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट 86 के कुल योग पर गिरा।
लंच तक दो विकेट गंवाने वाले वेस्टइंडीज ने दिन के दूसरे सत्र में आठ विकेट गंवा दिए। पॉवेल ने 80 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाया। चंद्रपॉल और सैमुअल्स के बीच दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी हुई। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। सैमुअल्स के जाने के बाद तो जैसे वेस्टइंडीज की पारी ताश के पत्तों का महल साबित हुई और आखिरी छह बल्लेबाज मिलकर 42 रन और जोड़ सके। वेस्टइंडीज के आखिरी चार बल्लेबाजों में तो तीन बिना खाता खोले लौट गए। भुवनेश्वर कुमार और मुहम्मद शमी को एक-एक विकेट हासिल हुए। दो मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है।
दूसरा टेस्ट : पहला दिन
वेस्टइंडीज (पहली पारी) : 182 रन, ऑलआउट
कीरेन पॉवेल 48 रन
प्रज्ञान ओझा 5/40
भारत (पहली पारी) : 157/2
मुरली विजय 43
सचिन तेंदुलकर 38*

Tuesday, 12 November 2013

Borde and Milkha want Sachin Became Sport Minister

Sachin Tendulkar
जागरण न्यूज नेटवर्क, नोएडा। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर चंदू बोर्डे और उड़नसिख मिल्खा सिंह चाहते हैं कि दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को खेल मंत्री नियुक्त कर देना चाहिए क्योंकि वह खिलाड़ियों की परेशानियों से वाकिफ हैं और पूरे स्तर में सुधार ला सकते हैं।

राष्ट्रीय चयनसमिति के पूर्व अध्यक्ष रहे बोर्डे ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मुझे नहीं लगता कि सचिन खुद को खेलों से दूर रख पाएंगे। यह उनके खून में है। मैं चाहता हूं कि वह भविष्य में भारत के खेल मंत्री बने और जिस तरह से उन्होंने भारतीय क्रिकेट को आगे पहुंचाया उसी तरह से भारतीय खेलों का भी विकास करें। उधर चंडीगढ़ में अपने जमाने के लिए मशहूर एथलीट मिल्खा सिंह ने भी इसी तरह की मांग की। उन्होंने कहा कि तेंदुलकर को खेल मंत्री बना देना चाहिए। उन्हें खेलों का पूरा ज्ञान है और इससे देश में खेलों का स्तर सुधारने में बहुत अधिक मदद मिलेगी। यदि वह मंत्री बनते हैं तो खेलों के स्तर में निश्चित तौर पर सुधार होगा। मुझे लगता है कि वह अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा सकता है। सरकार को उन्हें खेल मंत्री बनाने में किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए क्योंकि वह पहले ही राज्यसभा सदस्य हैं। वह बहुत विनम्र, सभ्य, ईमानदार और कड़ी मेहनत करते हैं। वह भावी प्रतिभा को अच्छी तरह से रास्ता दिखा सकते हैं।

इस बीच अमृतसर में क्रिकेटर से राजनीतिज्ञ बने नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि तेंदुलकर एक व्यक्ति नहीं बल्कि संस्था हैं। उन्होंने कहा कि सचिन जैसा खिलाड़ी कभी नहीं हुआ और ना कभी होगा।

Government may Consider Conferring Bharat Ratna on Sachin

Sachin Tendulkar
मुंबई। बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने संकेत दिए हैं कि सरकार संन्यास के बाद महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न देने पर विचार कर सकती है।

शुक्ला ने कहा कि पिछले दो-तीन साल से तेंदुलकर को भारत रत्न देने की मांग उठ रही है, लेकिन ऐसा नहीं हो सका क्योंकि इस दौरान सचिन क्रिकेट खेल रहे थे। अब वह संन्यास ले रहे हैं। अब हम कोशिश करेंगे कि इस सम्मान से उन्हें नवाजा जाए। उम्मीद है कि समिति इसका फैसला करेगी और सरकार इस पर विचार करेगी।
सचिन के जीवन में आएगा खालीपन : श्रीनाथ
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ का कहना है कि संन्यास लेने के बाद सचिन के जीवन में एक तरह का खालीपन आ जाएगा। 

श्रीनाथ ने कहा कि मैं चटगांव में वनडे मैच के दौरान रेफरी था, जब सचिन ने मुझे बुलाया और कहा कि मैं वनडे से संन्यास ले रहा हूं। मैंने उनसे कहा कि यह अच्छा फैसला है। मेरे लिए सिर्फ एक ही चिंता है कि अब सचिन आगे क्या करेंगे। 24 सालों तक शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेलने के बाद उन्हें खालीपन महसूस होगा।

Tuesday, 5 November 2013

Windies Win Toss and Elect to Bat First


Sachin Tendulkar

कोलकाता। भारत और वेस्टइंडीज के बीच सचिन तेंदुलकर की एतिहासिक टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले का शंखनाद हो चुका है। इस मैच के टॉस में विंडीज कप्तान सैमी विजयी साबित हुए और उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है।

गौरतलब है कि यह मैच सचिन तेंदुलकर के करियर का 199वां टेस्ट है और इसके बाद मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर 14-18 नवंबर को होने वाले उनके 200वें टेस्ट व सीरीज के दूसरे व अंतिम टेस्ट के साथ वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। पूरा कोलकाता जश्न-ए-सचिन में डूबा हुआ है और राज्य भर में तकरीबन 200 बड़ी स्क्रीन लगाकर इस मैच का प्रसारण किया जा रहा है। कुछ ही देर में मास्टर ब्लास्टर हाउस फुल इडेन गार्डन स्टेडियम पर दर्शकों की हुंकार के बीच मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ उतरेंगे। इस मैच में रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी अपने टेस्ट करियर का आगाज करेंगे।
टीमें:
भारत: महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), शिखर धवन, मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, प्रज्ञान ओझा।
वेस्टइंडीज: डेरेन सैमी (कप्तान), क्रिस गेल, कीरोन पॉवेल, डेरेन ब्रावो, मार्लन सैमुअल्स, शिवनारायण चंद्रपॉल, दिनेश रामदीन, शेन शिलिंगफोर्ड, वीरासैमी परमॉल, शेल्डन कॉटरेल, टीनो बेस्ट।