Thursday, 14 November 2013

India 157/2 at stumps on day 1 of 2nd Test

Mumbai
मुंबई। प्रज्ञान ओझा की जादुई फिरकी की बदौलत सचिन तेंदुलकर के विदाई टेस्ट मैच के पहले दिन बृहस्पतिवार को वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज को 182 रनों पर समेटने के बाद भारतीय टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 157 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अपना 200वां और आखिरी टेस्ट खेल रहे तेंदुलकर 38 और चेतेश्वर पुजारा 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत अभी भी वेस्टइंडीज से 25 रन पीछे है, जबकि उसके आठ विकेट अभी शेष हैं।

दर्शकों को भारतीय गेंदबाजी ने तो अभिभूत किया ही, पहले ही दिन तेंदुलकर को बल्लेबाजी करते देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। तेंदुलकर के क्रीज पर आने के बाद से मैच समाप्त होने तक लगातार दर्शक सचिन की हौसलाअफजाई में झूमते दिखे। निश्चित ही मैच के दूसरे दिन भी सभी की निगाहें तेंदुलकर पर ही टिकी रहेंगी। ओझा को कोलकाता टेस्ट में आशातीत सफलता नहीं मिली थी, लेकिन इस मैच में उन्होंने इसकी भरपाई करते हुए 11.2 ओवर में 40 रन देकर पांच विकेट झटके और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम किया। ओझा ने छठी बार पारी में पांच विकेट लिए। अश्विन ने ओझा का पूरा साथ देते हुए 15 ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट झटके।

पहले दिन दूसरे सत्र में ही वेस्टइंडीज की पारी समेटने के बाद भारतीय टीम ने सधी हुई शुरुआत की और पहले विकेट की साझेदारी में शिखर धवन (33) और मुरली विजय (43) ने 77 रन बनाए। धवन को शिलिंगफोर्ड ने चंद्रपॉल के हाथों आउट कराया। धवन ने 28 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके लगाए। धवन के बाद विजय भी उसी ओवर में डेरेन सैमी को कैच थमा बैठे। विजय ने 55 गेंदों में आठ चौके लगाए।

टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण चुनने के अपने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के निर्णय को सही साबित करते हुए प्रज्ञान ओझा और रविचंद्रन अश्विन ने वेस्टइंडीज की पहली पारी सस्ते में समेट दी। वेस्टइंडीज के लिए कीरेन पॉवेल (48) ने सर्वाधिक रन बनाए, जबकि अपना 150वां टेस्ट मैच खेल रहे शिवनारायण चंद्रपॉल 25 रन पर आउट हुए। वेस्टइंडीज के लिए शुरुआत में सब ठीक लग रहा था क्योंकि पॉवेल और क्रिस गेल लय में दिख रहे थे। लेकिन समी ने कोलकाता के अपने शानदार सफर को जारी रखते हुए 25 के कुल योग पर गेल को अपने जाल में फंसा लिया। गेल 11 रन के निजी योग पर स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों लपके गए। वेस्टइंडीज के लिए यह बड़ा झटका था, लेकिन डेरेन ब्रावो (29) और पॉवेल ने दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी करते हुए इसकी भरपाई करने की कोशिश की। दोनों काफी अच्छा खेल रहे थे, लेकिन अश्विन की फिरकी पर ब्रावो बल्ला लगा बैठे और धौनी ने उन्हें लपकने में कोई कोताही नहीं बरती। ब्रावो ने 63 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट 86 के कुल योग पर गिरा।
लंच तक दो विकेट गंवाने वाले वेस्टइंडीज ने दिन के दूसरे सत्र में आठ विकेट गंवा दिए। पॉवेल ने 80 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाया। चंद्रपॉल और सैमुअल्स के बीच दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी हुई। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। सैमुअल्स के जाने के बाद तो जैसे वेस्टइंडीज की पारी ताश के पत्तों का महल साबित हुई और आखिरी छह बल्लेबाज मिलकर 42 रन और जोड़ सके। वेस्टइंडीज के आखिरी चार बल्लेबाजों में तो तीन बिना खाता खोले लौट गए। भुवनेश्वर कुमार और मुहम्मद शमी को एक-एक विकेट हासिल हुए। दो मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है।
दूसरा टेस्ट : पहला दिन
वेस्टइंडीज (पहली पारी) : 182 रन, ऑलआउट
कीरेन पॉवेल 48 रन
प्रज्ञान ओझा 5/40
भारत (पहली पारी) : 157/2
मुरली विजय 43
सचिन तेंदुलकर 38*

No comments:

Post a Comment