Showing posts with label Online Newspaper. Show all posts
Showing posts with label Online Newspaper. Show all posts

Wednesday, 10 September 2014

It's Deepika Padukone vs Sonam Kapoor at the box office

वर्ष 2007 में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की फिल्म 'ओम शांति ओम' और सोनल कपूर की 'सावंरिया' एक साथ बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी। उस समय 'ओम शांति ओम' बड़ी हिट साबित हुई और दीपिका विजेता साबित हुई। अब सात साल बाद दोनों अभिनेत्रियां फिर आमने सामने हैं।

दोनों की फिल्में इस महीने एक सप्ताह के अंतर पर रिलीज हो रही हैं। दीपिका की 'फाइंडिंग फैनी' जहां 12 सितंबर को रिलीज हो रही है वहीं सोनम की 'खूबसूरत' 19 सितंबर को रिलीज होगी। दोनों ने ही अपनी फिल्मों के प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

फिल्मकार होमी अदजानिया की फिल्म फाइंडिंग फैनी अंग्रेजी और हिंदी भाषा में रिलीज होगी। रेस-2, ये जवानी है दीवानी, चेन्नई एक्सप्रेस और राम लीला जैसी एक के बाद एक चार सुपरहिट फिल्में करने के बाद फाइंडिंग फैनी जैसी फिल्म करना दीपिका के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहा। वहीं सोनम की फिल्म अभिनेत्री रेखा की वर्ष 1980 में आई सुपरहिट फिल्म खूबसूरत का रीमेक है।

Government estimates, 10 lakh people get jobs every month

कुशल मजदूरों के लिए शहर के चौराहों पर नहीं, बल्कि अब नौकरियां उनकी मुट्ठी में होंगी। मोबाइल पर ही नौकरियां खुद घंटी बजाकर उन्हें बुलाएंगी। रोजाना सुबह-सुबह शहर के लेबर चौक पर भटकना नहीं पड़ेगा। मैन्यूफैक्चरिंग और सेवा क्षेत्र कुशल मजदूरों की भारी कमी से जूझ रहा है, जिसे पूरा करने के लिए राष्ट्रीय कुशलता विकास एजेंसी ने योजना तैयार की है। सरकार को अनुमान है कि योजना के शुरू होने के साथ ही हर महीने कम से कम 10 लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराया जा सकेगा।

सरकार इसके लिए श्रमिकों के आंकड़ों से भरपूर राष्ट्रीय लेबर मार्केट सूचना तंत्र का गठन कर रही है। इससे बेरोजगार युवकों को जहां रोजगार उपलब्ध होगा, वहीं उद्योग क्षेत्र की भी जरूरतें पूरी हो जाएंगी। सरकार इसके लिए एक आधिकारिक प्लेटफार्म उपलब्ध कराएगा। यह जानकारी नेशनल स्किल डेवलपमेंट एजेंसी [एनएसडीए] के महानिदेशक जेपी राय ने दी। राय यहां सिविल सोसाइटी ग्रुप पीआरआइए के आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के बाद बोल रहे थे।

उद्योग व सेवा समेत अन्य क्षेत्रों में कुशल मजदूरों की कमी को पूरा करने के लिए सरकार की यह अनूठी योजना है। थोड़े पढ़े लिखे युवाओं को भी सरकार उनकी काबिलियत के हिसाब से प्रशिक्षण देकर कुशल बनाएगी। नौकरियां दिलाने वाली मानव संसाधन एजेंसियों को भी सरकार मान्यता देगी। आभूषण, चमड़ा, ऑटोमोबाइल व रबर उद्योग के लिए सेक्टर स्किल काउंसिल का गठन कर दिया गया है।

एनएसडीए महानिदेशक राय ने कहा कि सरकार की यह पहल महीने में 10 लाख लोगों को नौकरियां मुहैया कराएगी। खास बात यह है कि 90 फीसद से अधिक नौकरियां गैर कृषि क्षेत्र में मिल रही हैं। नक्सल प्रभावित जिलों के लिए सरकार ने विशेष कार्यक्रम तैयार किया है। इसके तहत आर्थिक रूप से वंचित लोगों पर खास जोर दिया जाएगा। यहां के युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका आर्थिक विकास संभव हो सके।

Sensex off record highs, down 45 pts in early trade

कारोबारी सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सेंसेक्स में 45 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इसमें मैटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल, बैंकिंग और रियलिटी सेक्टर की अहम भूमिका रही। आज तीस शेयरों वाला बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 45.92 अंकों की गिरावट के साथ 27273.93 अंकों पर खुला। इसमें यह गिरावट 0.17 फीसद की रही। सोमवार को सेंसेक्स अपने अधिकतम स्तर पर 27319.85 अंकों तक पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी मंगलवार को 15.10 अंकों की गिरावट के साथ 8158.80 पर खुला। इसमें यह गिरावट 0.18 फीसद की रही। सोमवार को निफ्टी भी 8180.20 के रिकार्ड स्तर तक पहुंचने के बाद सात अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था। 

Inspector sovereignty will end in Industrial unit

औद्योगिक इकाइंयों को इंस्पेक्टर राज से निजात दिलाने के लिए श्रम मंत्रालय श्रमायुक्त संगठन, इएसआइ, ईपीएफ और खान सुरक्षा महानिदेशालय को मिलाकर एकीकृत पोर्टल लांच करने जा रहा है। इसमें इकाइयों के पंजीयन और निरीक्षण के अलावा शिकायतें दर्ज कराने व उनका समाधान प्राप्त करने की ऑनलाइन व्यवस्था होगी।

केंद्रीय श्रममंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सरकार के सौ दिन पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी चार केंद्रीय एजेंसियों द्वारा औद्योगिक यूनिटों के सालाना पौने दो लाख निरीक्षण किए जाते हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें इसी को लेकर हैं, क्योंकि ये निरीक्षण मनमाने होते हैं। इनका कोई मापदंड नहीं होता। पोर्टल इस मनमर्जी को खत्म करेगा। इसमें निरीक्षण का ब्योरा दर्ज होगा और 72-120 घंटे के भीतर निरीक्षण रिपोर्ट दाखिल करनी जरूरी होगी। इसमें पंजीकरण कराने वाली 6-7 लाख इकाइयों में प्रत्येक को विशिष्ट एलआइएन नंबर प्रदान किया जाएगा। इससे मंत्रालय को पूरे देश में श्रम मामलों के पैटर्न व समस्या का पता चलेगा और वह निवारण के उपाय कर सकेगा।

श्रम मंत्री के अनुसार सरकार ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) के योगदान के लिए वेतन सीमा को 6,500 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया है। इससे 50 लाख और कामगारों के ईपीएफ के दायरे में आने की संभावना है। कर्मचारी पेंशन योजना के तहत न्यूनतम पेंशन राशि एक हजार रुपये किए जाने से 28 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। यूनिक अकाउंट नंबर (यूएएन) के साथ ईपीएफ ग्राहकों को बैंक खातों तथा 'आधार' के साथ संबद्ध कर ऑनलाइन किया गया है। इससे कर्मचारी ईपीएफ के मामले में सेवायोजक पर निर्भर नहीं रहेंगे। नौकरी बदलने पर भी उनका ईपीएफ न केवल सुरक्षित रहेगा, बल्कि नए सेवायोजक के साथ संबद्ध हो जाएगा। ईएसआइ (कर्मचारी राज्य बीमा) अस्पतालों में चिकित्सा खर्च सीमा को 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये तथा बीमा डॉक्टर के भुगतान को 150 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है। इससे अच्छे डॉक्टर ईएसआइ मरीजों को सेवाएं देने लगे हैं।

Landslide in Nainital

मंगलवार रात बारिश के साथ हुए भारी भूस्खलन से नैनीताल में आबादी को खतरा हो गया है। बलियानाला क्षेत्र में भूस्खलन की वजह से 14 परिवारों को शिफ्ट कर दिया गया। 25 परिवारों को वहां से हटने को नोटिस दिए गए हैं। उधर, पिथौरागढ़ में मलबा आने से टनकपुर-तवाघाट व थल-मुनस्यारी मार्ग सात-सात घंटे तक बंद रहे।

नैनीताल में हरिनगर रहीस होटल क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से डेंजर जोन घोषित है। बलियानाला की वजह से वहां हर बरसात में अक्सर भूस्खलन होता है। इस क्षेत्र में खतरे की जद में रहने वाले 36 परिवारों को पहले ही वहां से हटाया जा चुका है। 60 परिवार अभी भी इस क्षेत्र में रह रहे हैं। मंगलवार की रात बारिश के साथ भारी भूस्खलन हुआ। जिससे निचले हिस्से में बसे 14 परिवारों को जीआइसी व प्राइमरी स्कूल में शिफ्ट किया गया। 25 और परिवारों को वहां से तत्काल हटने को कहा गया है। मालूम हो कि बरसात के दिनों में भूस्खलन व उफान के चलते बलियानाला खासी तबाही मचाता है। बुधवार की सुबह से प्रशासन के निर्देशन में टीम लोगों को अलर्ट करने में जुटी रही।

उधर, सीमांत पिथौरागढ़ जिले में मलबा आने से टनकपुर-तवाघाट हाईवे और थल-मुनस्यारी मार्ग सात-सात घंटे तक बाधित रहे।

Delhi government formation: AAP leaders meet Lt Governor, ask him to dissolve Assembly

आम आदमी पार्टी [आप] ने बुधवार को उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात कर उन्हें स्टिंग ऑपरेशन 'पर्दाफाश' की सीडी सौंपी। आप ने इस दौरान उपराज्यपाल से भाजपा को सरकार बनाने के लिए निमंत्रण न देने की अपील की। आप ने उपराज्यपाल से दिल्ली विधानसभा भंग करने की भी मांग की।

आप संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास, मनीष सिसोदिया और आशुतोष आज उप राज्यपाल से मिलने उनके निवास स्थान पहुंचे। नजीब जंग से मुलाकात के बाद मनीष सिसोदिया ने बताया कि हमने उपराज्यपाल को स्टिंग ऑपरेशन की सीडी सौंपी और उनसे भाजपा को सरकार बनाने के लिए निमंत्रण नहीं देने की अपील की। सिसोदिया ने कहा कि भाजपा को सरकार बनाने का निमंत्रण देने का मतलब, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना होगा। इससे हार्स ट्रेडिंग को बढ़ावा मिलेगा। विधायकों को खरीदने के लिए चार करोड़ का ऑफर दिया जा रहा है। इस तरह विधायकों की खरीद-फरोख्त करके बनाई जाने वाली सरकार क्या ईमानदारी से काम कर पाएगी?

सिसोदिया ने कहा कि उनकी पार्टी को यह उम्मीद है कि उपराज्यपाल अपनी सिफारिशों की समीक्षा करेंगे। मनीष ने बताया कि आप नेताओं ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर के खिलाफ की गई स्टिंग 'ऑपरेशन पर्दाफाश' की एक सीडी भी उपराज्यपाल नजीब जंग को सौंपी है। उन्होंने बाद में ट्वीट कर कहा कि भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने में सफल नहीं हो पाएगी।

जंग से मुलाकात के दौरान आप नेताओं ने उपराज्यपाल से चार सितंबर को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भेजे गए पत्र में भी संशोधन करने की मांग की। इस पत्र में उपराज्यपाल ने सबसे बड़ी पार्टी [भाजपा] को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने की अनुमति मांगी थी। 

Iphone 6 and iphone 6 plus launched

लंबे इंतजार के बाद एपल ने आइफोन के दो नए वर्जन- आइफोन 6 (4.7 इंच स्क्रीन)और आइफोन 6 प्लस (5.5 इंच स्क्रीन) से पर्दा उठाया है। तेज प्रोसेसर, बेहतरीन कैमरा के साथ आने वाला यह फोन 64-बिट ए8 चिप से लैस है। 6.9 मिमी मोटाई वाले आइफोन 6 से आइफोन 6 एस थोड़ा अधिक मोटा यानि 7.1 मिमी का है। इस मौके पर एपल चीफ टीम कुक ने कहा, 'आइफोन के इतिहास में कंपनी ने अपने नए और आधुनिकतम डिवाइस के साथ अपनी उपलब्धि को दर्शाया है।'

129 ग्राम वजन वाले आइफोन 6 का डायमेंशन 138.1 गुणा 67 गुणा 6.9 मिमी है। इसमें 8 एमपी का रियर व 1.2 एमपी का फ्रंट कैमरा है। स्पेस ग्रे, सिल्वर व गोल्डन रंगों में आने वाले इस आइफोन में आइओएस 8 ऑपरेटिंग सिस्टम है। रेटिना एचडी डिस्प्ले के साथ आइफोन 6 का रेज्योलूशन 1334 गुणा 750 पिक्सल और आइफोन 6 प्लस का रेज्योलूशन 1920 गुणा 1080 पिक्सल है।

अमेरिकी ग्राहकों के लिए आइफोन 6 उसी कीमत पर उपलब्ध होगा जितने में पहले से आइफोन मिल रहे थे यानि इनकी कीमत 199 डॉलर ही होगी जबकि आइफोन 6 प्लस दो वर्ष के कांट्रैक्ट पर 299 डॉलर में उपलब्ध होगा।

कंपनी के अनुसार इस वर्ष के अंत तक ये डिवाइस 115 देशों में यूजर्स के लिए उपलब्ध होंगे। इस लांच के बाद एपल पहले से मौजूद आइफोन 5 एस व 5सी की कीमतों में कमी करेगा। लांच हुए बड़े स्क्रीन वाले नए आइफोन कंज्यूमर को अपनी ओर आकर्षित करेंगे।

सूत्रों के अनुसार आइफोन 6 और आइफोन 6 प्लस के लिए 12 सितंबर से प्रीआर्डर शुरू कर दिए जाएंगे।

2 वर्ष के कांट्रैक्ट के साथ आइफोन 6 के विभिन्न वर्जन की कीमत इस प्रकार है- 16 जीबी वर्जन- 199 डॉलर, 64 जीबी- 299 डॉलर और 128जीबी- 399 डॉलर। वहीं 2 वर्ष के कांट्रैक्ट के साथ आइफोन 6 प्लस की कीमतें इस प्रकार हैं- 16 जीबी वर्जन- 299 डॉलर, 64 जीबी वर्जन- 399 डॉलर और 128 जीबी -499 डॉलर।

लेकिन बिना कांट्रैक्ट के इन आइफोन की कीमतें काफी ज्यादा होंगी-

आइफोन 6 (16जीबी): 649 डॉलर

आइफोन 6 (64जीबी): 749 डॉलर

आइफोन 6 (128जीबी): 849 डॉलर

आइफोन 6प्लस (16 जीबी): 749 डॉलर

आइफोन 6 प्लस(64 जीबी): 849 डॉलर

आइफोन 6प्लस (128 जीबी): 949 डॉलर

इसके साथ ही एपल ने 2 वर्ष के कांट्रैक्ट के साथ आइफोन 5 एस के 16 जीबी वर्जन- 99 डॉलर और 128 जीबी 499 डॉलर की घोषणा कर दी है।

आइफोन 6 ओर आइफोन 6 प्लस यूएस, यूके, आस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, हांगकांग, जापान, प्यूर्टो रिको और सिंगापुर में 19 सितंबर को लांच किया जाएगा।

आइफोन 6 में 1810 एमएएच की बैट्री और आइफोन 6 प्लस में 2915 एमएएच की बैट्री लगायी गयी है। 

Hrithik Roshan’s open letter for raising donations for Jammu And Kashmir flood victims!

जम्मू कश्मीर में आई भयानक बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों की मदद के लिए बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन भी आगे आए हैं। रितिक ने बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए एक खुला खत भी लिखा है।

रितिक ने लिखा, 'मैं रितिक रोशन हूं। मैं न्यूज चैनलों पर जम्मू कश्मीर की बाढ़ की कवरेज देख रहा हूं और बहुत आहत हूं। बहुत सारे लोगों के घर और जिंदगियां बह गईं। मैं जम्मू कश्मीर कई बार जा चुका हूं और कुछ फिल्मों की शूटिंग भी कर चुका हूं। मैं समझता हूं कि वहां के लोग इस तबाही में किस तरह की दिक्कतों का सामना करेंगे। मैं उन लोगों की मदद के लिए कुछ करना चाहता हूं और जानता हूं कि मुझे चाहने वाले लोग भी उनकी मदद करना चाहेंगे।'

रितिक ने अपने खत में लिखा कि आइए सब मिलकर कश्मीर के लोगों के लिए फंड जुटाते हैं। रितिक ने उन किट के लिए पैसा जुटाने की अपील की है, जिसमें कंबल, तिरपाल, साबुन, टूथब्रश, टूथपेस्ट, सैनिट्री नैपकिन और दरी जैसी जरूरी चीजें हैं।

इस एक किट की कीमत लगभग पांच हजार रुपए है। रितिक का कहना है कि वो ऐसी 200 किट के लिए पैसा दान करेंगे।

NDRF jawan injured in attack by angry locals

घाटी में आई विनाशकारी बाढ़ की मार झेल रहे लोगों के राहत और बचाव में लगे राष्ट्रीय आपदा राहत बल के जवानों को भी स्थानीय लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। इसी कड़ी में बुधवार को बाढ़ प्रभावित इलाके में एनडीआरएफ का एक जवान एक स्थानीय नागरिक के हमले में घायल हो गया।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाके में राहत और बचाव कार्य में लगे राष्ट्रीय राहत आपदा बल के जवान जब गंभीर रूप से घायलों को बचाने में जुटे थे तभी स्थानीय नागरिक ने उस पर हमला कर दिया। दरअसल में वह बचाव दल के जवानों के जवाब से संतुष्ट नहीं था। यह व्यक्ति बचाव दल से एक खास जगह पर राहत कार्य को चलाने की बात कर रहा था, जबकि वह जवान अन्य जगहों पर भी राहत और बचाव कार्य को अंजाम देने की बात कर रहा था।

Source: News in Hindi and Newspaper

Azam Khan became Observer

सपा के कद्दावर नेता और संसदीय कार्य, नगर विकास और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. आजम खां अब 'आब्जर्वर' की भूमिका में नजर आएंगे। सुर्खियों में रहने वाले आजम खां अपनी इस भूमिका में विधान सभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय के साथ अफ्रीकी देश कैमरून की यात्रा पर जा रहे हैं। विधान सभा अध्यक्ष बुधवार को दिल्ली में होने वाली ब्रीफिंग में भाग लेंगे।

कैमरून की राजधानी याओंडे में दो अक्टूबर से कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन द्वारा 60वीं स्पीकर्स कांफ्रेंस हो रही है जिसमें लगभग 50 देशों के केंद्रीय विधायिका व राज्य सदनों के स्पीकर भाग ले रहे हैं। कॉमनवेल्थ स्पीकर्स कांफ्रेंस में स्पीकर और सचिव को ही मुख्य तौर पर पेपर पढ़ने होते हैं लेकिन चूंकि मामला पार्लियामेंट्री मामलों से जुड़ा होता है इसलिए उनके साथ इससे जुड़ा व्यक्ति भी जा सकता है और जो आब्जर्वर की भूमिका में होगा। संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते मोहम्मद आजम खां कैमरून की प्रस्तावित कांफ्रेंस में आब्जर्वर की हैसियत से भाग लेंगे।

Source: News in Hindi and Newspaper

Rohit Sharma ruled out of CLT20 due to fitness

चैंपियंस लीग टी20 से ठीक पहले आइपीएल की टीम मुंबई इंडियंस को करारा झटका लगा है। टीम के स्टार खिलाड़ी व कप्तान रोहित शर्मा चोटिल होने के कारण अब इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे। रोहित की कप्तानी में ही मुंबई ने अपना पहला आइपीएल खिताब जीता था।

दरअसल, रोहित को इंग्लैंड दौरे के दौरान कई चोटें आई हैं जिन्हें सही होने में अब वक्त लगेगा। उन्हें कंधे की दिक्कत के साथ-साथ टूटी हुई अंगुली की भी समस्या से जूझना पड़ रहा है। खबरों के मुताबिक हाल में रोहित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी गए थे जहां पर वहां के फीजियोथेरेपिस्ट ने उनकी जांच की और फिर उन्हें तकरीबन चार हफ्तों तक मैदान से दूर रहने के लिए कह दिया। देखना ये होगा कि क्या वो 8 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए फिट हो जाते हैं या नहीं।

रोहित के चोटिल होने से मुंबई के टीम मैनेजमेंट की परेशानी थोड़ी बढ़ गई है क्योंकि उन्हें एक अच्छा कप्तान चाहिए जो रोहित की जगह भर सके। फिलहाल बताया जा रहा है कि लसिथ मलिंगा, कीरोन पोलार्ड और हरभजन सिंह इस दौड़ में सबसे आगे होंगे। जहां हरभजन के पास अपनी अगुआई में मुंबई इंडियंस को 2011 में चैंपियंस लीग खिताब दिलाने का अनुभव है, वहीं मलिंगा और पोलार्ड अपने देश की घरेलू क्रिकेट लीग में अपनी-अपनी टीमों की अगुआइ करते आए हैं।

Aap leader kumar viswas became modi fan

आम आदमी पार्टी के मुखर नेता और चर्चित कवि कुमार विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सूरत में आयोजित होने जा रहे एक कार्यक्रम में कविता पाठ करेंगे।

एक चैनल से बातचीत में विश्वास ने कहा, मेरी कविता में कोई पार्टी या सरकार दखल नहीं दे सकती और अगर आम आदमी पार्टी उन्हें इस कार्यक्रम में जाने से रोकती है तो वह पार्टी छोड़ना पसंद करेंगे। विश्वास के इस बयान के बीच सूरत में कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि अभी तो उन्होंने उन्हें निमंत्रण ही नहीं भेजा है।

कुमार विश्वास ने मोदी सरकार के नीतिगत पंगुता से मुक्त होने का भरोसा जताते हुए बाढ़ग्रस्त जम्मू-कश्मीर में तत्काल दौरे के लिए मोदी की तारीफ भी की। उनके मुताबिक कश्मीर के लोगों को लग रहा है कि प्रधानमंत्री हमारे हैं।

इसके पहले कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह और गुलाम नबी आजाद भी जम्मू-कश्मीर के लोगों की मदद के मामले में मोदी की ओर से दिखाई गई तत्परता की तारीफ कर चुके हैं। मोदी की तारीफ के बावजूद कुमार विश्वास ने भाजपा में शामिल होने से इन्कार किया, लेकिन केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के फैसले की आलोचना कर डाली।

Jammu kashmir floods: Where have separatist leaders disappeared? ask Kashmiri people

कश्मीर के खिलाफ दुष्प्रचार करने का कोई भी मौका न गंवाने वाले अलगाववादी मुसीबत के समय में गुम हो गए हैं। कल तक जिस कश्मीर में सेना को वापस भेजने के नारे लगते थे आज वहां पर मरहम लगा रही सेना को लोग मदद के लिए आवाजें देकर बुला रहे हैं। बाढ़ग्रस्त कश्मीर में सेना मसीहा बन गई है। सैनिकों को देख लोगों में जीने की उम्मीद को बल मिल रहा है।

लोगों के हमदर्द होने का दम भर रहे अलगाववादी नेता लोगों को मझधार में छोड़ कर सिर्फ अपनी सुरक्षा पर ध्यान दे रहे हैं। सैन्य सूत्रों के अनुसार, अलगाववादी इस समय जान बचाने के लिए आम आदमी बन गए हैं। मसला देशवासियों की जान का है, इसलिए सेना के जवान बाढ़ में फंसे एक-एक कश्मीरी को बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा रहे हैं। चुनौती बहुत बड़ी है। इस समय कश्मीर में करीब चार लाख लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं। सेना लोगों को बचाने के लिए दिन-रात एक कर रही है लेकिन नौकाओं की कमी राहत अभियान में बाधा बनी हुई है। लोगों में अलगाववादी नेताओं और राज्य सरकार के प्रति काफी रोष है। ऑल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस का कोई भी नेता पिछले कई दिनों से जारी आपदा में सामने नहीं आया है। लोगों का कहना है कि कि उनके हितैषी होने का दम भरने वाले सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक, यासीन मलिक व शब्बीर शाह सुरक्षित स्थानों पर शरण ले अपनी जान बचा रहे हैं।

*****

कश्मीर में राहत के काम को देखते हुए क्या वे लोग अपनी गलती मानेंगे जो कहते थे कि भारत को कश्मीर की परवाह नहीं और मोदी को मुसलमानों की चिंता नहीं? -चेतन भगत का ट्वीट

we thought that life will end now...

'हम सब एक सरकारी क्वॉर्टर में थे। बाहर भारी बारिश हो रही थी। देखते ही देखते जलस्तर बढ़ने लगा। कब बेसमेंट में पानी भर गया, पता ही नहीं चला। हम जान बचाने के लिए भागकर दूसरी मंजिल पर पहुंच गए। पानी बीस फुट तक भर गया। हम तीसरी मंजिल पर जा चढ़े। मौत बिल्कुल सामने थी। न खाने को रोटी-न पीने को पानी। तीन दिन अल्लाह से दुआ करते रहे। सेना फरिश्ता बनकर आई और आज हम सकुशल लौट आए।' कश्मीर में बाढ़ में फंसी, जम्मू-कश्मीर पुलिस की सब इंस्पेक्टर महनाज उस तबाही के मंजर को याद नहीं करना चाहतीं।

सोमवार को सेना ने जब बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को बचाकर तकनीकी एयरपोर्ट जम्मू पहुंचाया तो महनाज की तरह सभी की आंखें आंसुओं से छलक पड़ीं। अपने कुछ अन्य परिजनों के साथ प्रलय की तरह आई तबाही को देख चुकीं महनाज और इशरत एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही अपने घरवालों से लिपट कर रोने लगीं। ऐसा लगा जिंदगी ने फिर गले लगा लिया है। महनाज राजौरी की रहने वाली हैं। उनके साथ इशरत भी थीं, जो कश्मीर विश्वविद्यालय में नियुक्त अपने पति प्रो. तसलीम आरिफ के पास गई थीं। इशरत ने बताया कि उनके पास खाने को कुछ नहीं था। बस दुआ कर रहे थे कि किसी तरह से जान बच जाए। कुछ पल के लिए तो उन्होंने हिम्मत हार दी थी। अचानक सेना के जवान उनके पास आए और कश्तियों से उन्हें बाहर ले आए।

सोनावर में एक किराये के मकान में रह रहे मुहम्मद अशरफ अपनी पत्नी नसरीन, चार वर्षीय बेटी सानिया तथा दो वर्षीय बेटे दानिश के साथ फंसे हुए थे। नसरीन ने बताया कि पानी ने इतना समय भी नहीं दिया कि कुछ सामान ही उठा लेते। वह खाने का कुछ सामान और पानी लेकर पहली मंजिल, फिर दूसरी और फिर तीसरी मंजिल पर भाग गए। उन्हें अपनी नहीं बस बच्चों की जान की परवाह थी। घर से बाहर देखते तो हर ओर पानी ही पानी नजर आता था। लगता था कि जिंदगी बस कुछ पल की ही मेहमान है। मगर दुआ ने काम किया और सेना ने उन्हें बचा लिया। बीस फुट से अधिक पानी में सब कुछ बह गया, अल्लाह का शुक्र है जिंदगी बच गई।

कश्मीरी पंडित मोती कौल और उनके परिवार को तो विश्वास ही नहीं हो रहा कि वे जिंदा हैं। चार दिनों तक भूखे प्यासे तीसरी छत पर रहे। पत्नी ललिता तथा भाई कन्हैया लाल उनके साथ थे। करीब 75 साल के अपने जीवनकाल में पहली बार जन्नत में देखे ऐसे जल प्रलय से रूह कांप उठी। एयरपोर्ट पर जब वे बाहर आए तो परिजनों से मिलकर अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। 63 लोग एक साथ जब एयरपोर्ट से बाहर निकले तो उनके लिए जिंदगी की नई शुरूआत थी। जम्मू में बैठे परिजनों के होठों पर मुस्कान और आंखों में नमी थी।

Adityantath says, if bjp gets 10 seats in byelection

हमीरपुर और महोबा की चरखारी विधानसभा क्षेत्रों की जनसभाओं में भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ ने एलान किया कि उपचुनाव में भाजपा को दस सीटें मिली तो प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2017 में नहीं बल्कि 2015 में ही हो जाएंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पुलिस अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि पुलिस सपा कार्यकर्ता जैसा बर्ताव बंद कर उगते सूरज (भाजपा) को प्रणाम करने की आदत डाल लें, अन्यथा कड़ा सबक सीखना पड़ेगा।

हमीरपुर के मौदहा और महोबा के चरखारी की सभाओं में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम मानवतावादी हैं, इसके बावजूद हमें सांप्रदायिक कहा जाता है। उन्होंने जम्मू और कश्मीर में आई बाढ़ की आफत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने वहां जाकर सबको बराबर राहत देने का भरोसा दिया ही पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भी मदद की पेशकश की है, जबकि प्रदेश की सपा सरकार मदद मजहब देख कर देती है। प्रदेश में भाजपा सत्ता में आई तो हिंदू, मुस्लिम, इसाई सभी बालिकाओं को समान कन्या विद्या धन मिलेगा।

महोबा की धरती से गुरु गोरखनाथ के जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने यहां पर आकर न केवल अंतिम हिंदू राजा पृथ्वीराज चौहान की प्राणों की रक्षा की, बल्कि आल्हा को अमरता का वरदान भी दिया था। दोनों जगह वह अयोध्या के विवादित ढांचे का जिक्र करना वह नहीं भूले।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई ने कहा कि मुलायम सिंह मुसलमानों का सम्मान नहीं बल्कि उनके वोटों की राजनीति करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मैनपुरी सीट पर लड़ाने के लिए उन्हें कोई कार्यकर्ता नहीं दिखा। परिवारवाद को बढ़ावा देते हुए उन्होंने भाई के पोते को टिकट थमा दिया।

उपचुनाव की जंग में जातिवादी दांव

उपचुनाव का प्रचार अब अंतिम दौर में है और बाजी जीतने को प्रमुख दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। जंग में जातिगत समीकरण मजबूत करने के लिए जातिवार नेताओं की टीम मैदान में उतारी गई है। अधिकतर सीटों पर सपा-भाजपा में सीधी टक्कर दिखने से मुकाबले रोचक हो रहे हैं।

मैनपुरी में बुधवार को भाजपा-सपा के दिग्गजों का जमघट रहेगा। सपा की ओर से मुलायम सिंह यादव के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनसभाएं करेंगे। वहीं भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य को ताकत देने के लिए सांसद योगी आदित्यनाथ और डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी मौजूद रहेंगे। सपा प्रत्याशी तेजप्रताप सिंह के समर्थन में मुलायम दोपहर एक बजे सभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पडरिया चौराहा और बेबर के रामलीला मैदान में सभाएं करेंगे। सपा प्रमुख व मुख्यमंत्री का मैनपुरी की चुनावी जंग में उतरना सपा की बेचैनी जता रहा है।

मैनपुरी में सपा की घेराबंदी पुख्ता करने के लिए सांसद योगी आदित्यनाथ के साथ मेंप्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी जन सभा करेंगे।

Sakshi Tanwar comes out in support of Shweta Basu

टीवी सीरियल 'कहानी घर-घर की' में श्‍वेता बसु की मां का रोल करने वाली साक्षी तंवर उनके बचाव में उतर आई हैं। श्‍वेता पिछले हफ्ते सेक्‍स रैकेट में हैदराबाद से गिरफ्तार हुई थीं।

श्वेता की मां का रोल निभाने वालीं साक्षी तंवर ने इस पर नाराजगी जताई है कि पुलिस ने श्वेता का नाम तो सार्वजनिक कर दिया, लेकिन उनके साथ पकड़े गए बिजनेसमैनों के बारे में मौन साध लिया। श्वेता ने गिरफ्तारी के बाद यह दावा किया था कि वेश्यावृत्ति में कई और अभिनेत्रियां भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी सफाई दी थी कि पैसे की तंगी के कारण वह इस पेशे में आने को मजबूर हुईं। श्वेता के बचाव में एक अंग्रेजी दैनिक में लिखे लेख में साक्षी ने सवाल उठाया है कि आखिर उसके साथ पकड़े गए व्यापारियों के नाम और फोटो क्यों नहीं जाहिर किए गए? क्या श्वेता को इसलिए निशाना बनाया गया कि वह एक अभिनेत्री है?

श्वेता ने बाल कलाकार की हैसियत से मकड़ी फिल्म में काम किया था। इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था। टीवी धारावाहिक कहानी घर-घर की में भी उनकी भूमिका थी। वेश्यावृत्ति के आरोप में तेलुगु फिल्मों की अभिनेत्री श्वेता बसु प्रसाद की सनसनीखेज गिरफ्तारी के बाद एक अन्य अभिनेत्री की भी सेक्स रैकेट में शामिल होने के आरोप गिरफ्तारी हुई है। पिछले हफ्ते श्वेता को हैदराबाद पुलिस ने बंजारा हिल्स स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया था, जबकि तेलुगु फिल्मों की ही एक दूसरी अभिनेत्री दिव्‍या श्री को गुंटूर जिले के एक घर से पकड़ा गया। इस अभिनेत्री ने तेलुगु की एक दर्जन से अधिक फिल्मों में काम किया है। इनमें से कुछ चर्चित फिल्में भी हैं।

Monday, 4 August 2014

Varun is capable for UP CM: Menka Gandhi

पीलीभीत से भाजपा की सांसद और केंद्र में महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने सुल्तानपुर के सांसद और अपने पुत्र वरुण गांधी को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के काबिल बताया है। उन्होंने यह बात पीलीभीत में एक सभा को संबोधित करते हुए कही। उनके इस बयान को यूपी की भाजपा इकाई के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने निजी बयान बताया है।

मेनका ने कहा है कि यदि वरुण गांधी मुख्यमंत्री बने तो पीलीभीत का और विकास होगा। सभा में उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में यूपी में मिली करारी हार के बाद सपा सरकार ने यहां के सभी विकास कार्यो को रोक दिया है। केबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र के साथ-साथ यदि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार होती तो हम यहां विकास कायरें शुरू कर पाते। यह तब और भी बेहतर होता, अगर वरुण राज्य में बीजेपी की सरकार चला रहे होते। यह पीलीभीत के लिए भी अच्छा होता।

उनके इस बयान को कांग्रेस से जोड़कर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उन्होंने यह बयान उस खबर के चलते दिया है जिसमें कांग्रेस में प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपे जाने या फिर राष्ट्रीय महासचिव बनाने की बात कही गई थी। फिलहाल वरुण भाजपा में राष्ट्रीय महासचिव की भूमिका में हैं। मेनका ने अपने इस बयान के जरिए एक ओर जहां यूपी सरकार पर निशाना साधने की कोशिश की है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस को जवाब देने की भी कोशिश की है। 

Source: Newspaper

High profile sex racket busted in lucknow

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सेक्स रैकेट तेजी से फैल रहा है। राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर में बीते माह ही एक रैकेट पकड़ा गया था। आज गोमतीनगर के ही यमुना अपार्टमेंट में पांच लड़कों तथा चार लड़कियों को इस रैकेट में पकड़ा गया है। रैकेट के संचालक अंकित दास नाम के युवक को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ में जुटी है। अंकित ने एक कद्दावर नेता का नाम लेकर पुलिस पर दबाव बनाने का भी प्रयास किया।

गोमतीनगर के यमुना अपार्टमेंट में सोमवार को करीब दस बजे एक सेक्स रैकेट को पकड़ा गया। यमुना अपार्टमेंट में पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर के फ्लैट में यह रैकेट लंबे समय से चल रहा था। अपार्टमेंट के लोगों ने इसका कई बार विरोध भी किया था। लखीमपुर में तैनात पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर सुनील शंखवार के फ्लैट पर आज यमुना अपार्टमेंट के अन्य निवासियों ने इस रैकेट की जानकारी मिलने पर पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस ने जब छापा मारा तो वहां पर पांच लड़के तथा चार लड़कियां मिली। सभी आपत्तिजनक अवस्था में थे। पुलिस इनको पकड़कर गोमतीनगर थाना ले आई है। इस रैकेट के संचालक अंकित दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपार्टमेंट के निवासियों में इस रैकेट के पकड़े जाने को लेकर काफी आक्रोश है। इनका कहना है कि यहां लंबे समय से यह काम हो रहा था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पानी सर के ऊपर निकलने के बाद आज सभी ने मिलकर अपने स्तर से अभियान चलाकर इनको पकड़ा।

Source: Newspaper

Pm Narendra Modi visits Pasupatinath temple in nepal

शिव की नगरी काशी से जीत हासिल कर नरेंद्र मोदी अब बाबा पशुपतिनाथ के दर पर पहुंचे हैं। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन कर रुद्राभिषेक किया। मंदिर में प्रधानमंत्री ने करीब एक घंटे तक पूजा-अर्चना की।

ये अजीब संयोग है कि आज श्रावण के आखिरी सोमवार के दिन काशी के विश्वनाथ मंदिर से लेकर काठमांडू के पशुपति नाथ मंदिर तक हर-हर भोले की आवाज गूंज उठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पावन अवसर पर बाबा पशुपति नाथ का रुद्राभिषेक कर उनकी पूजा की और 2500 किलोग्राम श्रीखंड चंदन भी चढ़ाया।

पशुपतिनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री की पूजा के लिए खास इंतजाम किये गए थे। उनकी पूजा के दौरान सुरक्षा कारणों से मंदिर को एक घंटे के लिए बंद कर दिया गया था। हालांकि अब प्रधानमंत्री के वहां से निकले के बाद मंदिर को आम लोगों के लिए भी खोल दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब काठमांडू के बाहरी इलाके में बागमती नदी के तट पर स्थित इस मुख्य मंदिर में जाएंगे और वहां भी शिवलिंग का पंचामृत स्नान कराकर पूजा अर्जना करेंगे। उन्हें मुख्य पुरोहित गणेश भट्टा से प्रसाद मिलेगा जो दक्षिण भारत के रहने वाले हैं। मंदिर में सदियों से दक्षिण भारत के ब्राह्मणों में से चार पुरोहित और एक मुख्य पुरोहित रखने की परंपरा है।

मोदी मुख्य मंदिर के दक्षिण में बासुकी मंदिर में भी प्रार्थना करेंगे। उनके यहां पहुंचने पर मंदिर के समीप के वेदविद्याश्रम के 108 युवा ब्राह्मण विद्यार्थी वैदिक मंत्रोच्चार कर उनका स्वागत करेंगे। गणमान्य अतिथियों के स्वागत में पारंपरिक नेवारी ड्रम धिमे और बांसुरी भी बजायी जाएगी।

पशुपतिनाथ मंदिर प्रशासन के अनुसार हिंदू कैलेंडर के मुताबिक श्रावण में सोमवार पावन समझा जाता है। भारत एवं नेपाल से करीब तीन लाख श्रद्धालु इस मंदिर में पहुंचते हैं। यह मंदिर दुनियाभर में शिव के अति महत्वपूर्ण मंदिरों में एक है और उसे यूनेस्को के धरोहर सूची में स्थान प्राप्त है।

Source: Newspaper

Priyanka Gandhi set to formally assume big role in Congress, Rahul’s leadership under question

कांग्रेस में लगातार प्रियंका गांधी को लाने की आवाजों के बीच अब यह बात सामने निकल कर आई है कि उन्हें उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष या फिर राष्ट्रीय संगठन में महासचिव बनाया जा सकता है। मीडिया में आई खबरों की मानें तो कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक उन्हें राष्ट्रीय महासचिव या फिर यूपी में पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

गौरतलब है कि काफी लंबे समय से प्रियंका को कांग्रेस में लाने की मांग उठ रही है। इस मांग को लोकसभा चुनाव में हुई करारी हार के बाद और हवा दी जा रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मानें तो इस बार इसका असर भी दिखाई देने लगा है। हालांकि उन्हें यह जिम्मेदारी इस वर्ष होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद दिए जाने की चर्चा है। लेकिन कांग्रेस को अभी इसमें कुछ दिक्कतें दिखाई दे रही हैं।

माना जा रहा है कि राष्ट्रीय संगठन और प्रदेश की इकाई में अहम पदों पर काबिज नेता इस फैसले पर नाराजगी जाहिर कर सकते हैं। हालांकि इस बाबत पार्टी की मुहर लगने के बाद भी इस पर अंतिम फैसला खुद प्रियंका को ही लेना है। लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की विफलता के चलते प्रियंका को संगठन में लाने की मांग जिस तेजी से जोर पकड़ती जा रही है उससे कहीं न कहीं राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व पर सवालिया निशान लग गया है।

कुछ नेता यह जरूर मानते हैं कि यदि प्रियंका संगठन में आ भी जाती हैं तो भी इससे राहुल के पद पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। यहां पर एक और बात ध्यान देने वाली यह है कि लोकसभा चुनाव से पूर्व भी इस तरह की मांग पर संगठन में विचार विमर्श किया गया था कि प्रियंका को यूपी की कमान सौंप देनी चाहिए। लेकिन उस समय इस पर सहमति नहीं बन सकी थी जिस वजह से इसे लागू नहीं किया गया था।

Source : Newspaper