Sunday, 5 January 2014

The color will look in Haridwar

हरिद्वार। गुलाबी शहर जयपुर की तर्ज पर हरिद्वार का भी एक रंग होगा। चौराहों के सौंदर्यीकरण में भी एकरूपता रहेगी। हरकी पैड़ी की गंगा आरती भव्य होने के साथ शहर के कोने-कोने में मां गंगा का गुणगान सुनाई देगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, प्रशासन व भेल की बैठक में शहर का कुछ इसी तरह का नया खाका खींचा गया। 

रोशनाबाद कलक्ट्रेट में डीएम डॉ. निधि पांडेय की अध्यक्षता में केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, भेल दिल्ली व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में जो रणनीति तय हुई उस पर अमल हुआ तो हरिद्वार शहर पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। नगर की दीवारों का रंग एक जैसा हो और शहर समान दिखे, इसके लिए प्रयास करने का निर्णय लिया गया। हरकी पैड़ी क्षेत्र में तख्त व छतरी को एकरूपता लाई जाएगी। कुंभ मेला क्षेत्र में पड़ने वाली सड़क के दोनों ओर छायादार वृक्ष लगेंगे। गंगा आरती को भव्य बनाने के लिए वीडियो स्क्रीन, उच्च गुणवत्ता वाले साउंड सिस्टम, हाई मास्क लाइट, एलईडी, सोलर लाइट का प्रयोग होगा। पैड़ी के घाटों की सफाई के दौरान गंदा पानी गंगा में न जाए इसके लिए जाली लगी ड्रेनेज सिस्टम का प्रयोग किया जाएगा। शहर के चौराहों का एकरूप सौंदर्यीकरण करने के साथ वहां सूचना देने के लिए इलेक्ट्रोनिक बोर्ड लगाए जाएंगे। 

डीएम ने बताया कि हरिद्वार शहर व हरकी पैड़ी के सौंदर्यीकरण के लिए कमेटी बनाई गई है, जिसका अध्यक्ष एडीएम (प्रशासन) जीवन सिंह नगन्याल को बनाया है। भेल, स्वयं सेवी संस्थाओं पर स्थानीय नागरिकों की सलाह पर सौंदर्यीकरण की डीपीआर बनाकर इसे केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेजा जाएगा। एडीएम प्रशासन के साथ ही डीएम की मेल आइडी पर भी लोग अपने सुझाव दे सकते हैं।

No comments:

Post a Comment