Tuesday, 14 January 2014

Danesh irani's bank account get freeze

मुंबई। मुंबई पुलिस ने सवा चार सौ करोड़ रुपये के क्यूनेट घोटाले में घिरे बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी के बेटे दानिश का बैंक खाता फ्रीज कर दिया है। दानिश के खाते में 25 लाख रुपये जमा हैं। खाता फ्रीज होने के बाद अब वह इससे रकम नहीं निकाल पाएगा। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) इस घोटाले में दानेश की कथित संलिप्तता की जांच कर रही है।

इस घोटाले में आरोपी बिलिय‌र्ड्स के पूर्व विश्व चैंपियन माइकल फरेरा और ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी क्यूनेट के संस्थापक विजय ईश्वरम व उनके तीन सहयोगी फरार हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि दानिश के इस बैंक खाते में दो एफडी और नकदी मिलाकर कुल 25 लाख रुपये जमा हैं।

जांच में पता चला है कि वर्ष 2013 में क्यूनेट की ओर से दानिश को 40 लाख रुपये का भुगतान किया गया। पुलिस इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दानिश ने ऐसा क्या काम किया जिसके लिए क्यूनेट ने उसे इतनी बड़ी रकम दी।

शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह आनंद ने पिछले साल अगस्त में क्यूनेट के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई थी। गुरप्रीत ने हाल में ईओडब्ल्यू को दानिश के खिलाफ दो पेज की शिकायत सौंपी। इसमें क्यूनेट और दानेश के बीच कथित संपर्क का ब्योरा दिया गया है। गुरप्रीत का दावा है कि दानेश के खाते से 18 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। क्यूनेट ने कमीशन के तौर पर दानेश को अच्छी-खासी रकम दी।

No comments:

Post a Comment