Friday, 1 November 2013

Police Respond to Shooting at Los Angeles Airport; Gunman Reported Shot

Police respond

लॉस एंजिलिस। अमेरिका के सर्वाधिक व्यस्त हवाई अड्डों में शुमार लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गोलीबारी की घटना के बाद सभी उड़ानें बंद कर दो टर्मिनलों को खाली करा लिया गया है। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत और चार के जख्मी होने की खबर है। 

सीएनएन की रिपोर्ट में कहा गया है कि हवाई अड्डे पर गोलीबारी के बाद एक संदिग्ध को पुलिसकर्मियों ने गोली मारी और उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार व्यक्ति बहुत शक्तिशाली राइफल लिए था। गोलीबारी की घटना में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं, जबकि एक परिवहन सुरक्षा प्रशासन (टीएसए) एजेंट की मौत हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की कोई घटना नहीं घटी है। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि राइफल से लैस एक व्यक्ति हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन के चेक प्वाइंट पर पहुंचा और एक परिवहन सुरक्षा प्रशासन एजेंट पर गोली चलाने लगा। वह सैनिक जैसे कपड़े पहने था और टर्मिनल के अंदर घुस आया।
संघीय उड्डयन प्राधिकरण ने कहा है कि गोलीबारी की घटना के बाद सभी उड़ाने रद कर दी गई हैं। टर्मिनल दो और तीन को खाली करा लिया गया। हवाई अड्डे पर कई एंबुलेंस देखी गई। 

Source- News in Hindi

People will foil Efforts to Disturb Peace: Nitish

Nitish Kumar

पटना। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के शांति व सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश हो रही है, लेकिन यहां के लोग तनाव की भट्ठी में नहीं जाएंगे। 'वो' जो भी करते हैं, करते रहें। जनता सबको खूब पहचानती है। लोग उनके विकास प्रक्रिया को पटरी से उतारने के मकसद वाले प्रयासों को नाकाम कर देंगे।
गौरतलब है कि मोदी 27 अक्टूबर को हुए सीरियल बम धमाकों में मारे गए छह लोगों को श्रद्धांजलि देने और घायलों से शनिवार को मिलने वाले हैं। नीतीश कुमार शुक्रवार को पटना एम्स से दीघा के बीच 11.90 किलोमीटर एलिवेटेड कारिडोर का कार्यारंभ करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। भाजपा की अस्थि कलश यात्रा और नरेंद्र मोदी के पटना आगमन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तनाव बिगाड़ने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। यह सबको मालूम है। पिछले कुछ महीनों से हम भी यह सब देख रहे हैं।
नीतीश ने कहा कि सद्भाव से ही विकास संभव है। तनाव की राजनीति करने वालों को यहां के लोग पहचानते हैं। तनाव फैलाने वालों पर हम लोगों की पूरी नजर है। मेरा पूरा विश्वास है कि बिहार की जनता एकजुट रहकर सांप्रदायिक सौहा‌र्द्र एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखेगी, विकास की पटरी पर बनी रहेगी। 

Source- News in Hindi

iPhone 5s launched in India, Rcom offers at Rs 2,999 a Month

iPhone 5s

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। एप्पल ने अपने नए आइफोन 5एस और 5सी की बिक्री भारत में शुरू कर दी है। मगर अमेरिका की तरह यहां यह सस्ता नहीं मिलेगा। यहां इसकी कीमत 41,900 रुपये से 71,500 रुपये रखी गई है। इस स्मार्टफोन का देश के लोगों खासकर युवाओं को कितना इंतजार था, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुछ शहरों में इसे खरीदने के लिए स्टोरों पर भारी भीड़ उमड़ी। अहमदाबाद में तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।

16 जीबी वाले 5सी की कीमत 41,900 रुपये और 32 जीबी वाले की कीमत 53,500 रुपये रखी गई है। वहीं, 16 जीबी वाला आइफोन 5एस 53,500 रुपये, 32 जीबी वाला 63,500 रुपये और 64 जीबी वाला 71,500 रुपये में मिलेगा। भारत में फिलहाल रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) और एयरटेल से एप्पल ने इसके लिए करार किया है। इसके अलावा देश में एप्पल के डिस्ट्रीब्यूटर इनग्राम माइक्रो के चार हजार आउटलेट पर ये फोन उपलब्ध होंगे। आरकॉम ने बिना किसी डाउन पेमेंट के 24 मासिक किस्तों के भुगतान पर इन दोनों मॉडलों को बेचने का ऑफर पेश किया है। 

16 जीबी वाले आइफोन 5एस के लिए 2,999 रुपये और 5सी के लिए 2,599 रुपये हर महीने देने होंगे। इस ऑफर में हैंडसेट की कीमत, 24 महीने के लिए असीमित लोकल व एसटीडी कॉल, एसएमएस, नेशनल रोमिंग और थ्रीजी डाटा शामिल हैं। हालांकि, 32 जीबी वाले 5सी के लिए ग्राहकों को 11,600 रुपये और 5एस के लिए 10,992 रुपये डाउनपेमेंट करना होगा। 64 जीबी वाले 5एस के लिए 19,992 रुपये डाउनपेमेंट करना होगा।
आरकॉम के प्रेसीडेंट व सीईओ (वायरलैस) गुरदीप सिंह ने कहा कि कंपनी को सबसे पहले देश में आइफोन 5सी और 5एस पेश करने का मौका मिला है। हम इस तरह के अनूठे ऑफरों से अपनी ग्राहक संख्या के विस्तार की कोशिश करेंगे। वहीं, एयरटेल इस तरह का कोई ऑफर तो नहीं दे रही मगर मासिक किराये में 50 फीसद छूट का जरूर प्रस्ताव कर रही है। 

I Feel good chasing targets: Kohli

Virat Kohli

बेंगलूर। विराट कोहली ने शुक्रवार को इशारा किया कि अगर भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शनिवार को होने वाले सीरीज के अंतिम और निर्णायक वनडे में टॉस जीतता है तो उनकी टीम लक्ष्य देने की जगह उसका पीछा करने को तरजीह देगी

कोहली ने मैच की पूर्वसंध्या पर कहा, 'निजी तौर पर मुझे लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छा लगता है क्योंकि आपको पता होता है कि आपको क्या हासिल करना है। हम बेहतर योजना बना सकते हैं और आकलन कर सकते हैं कि विभिन्न हालात में कैसे खेलें। आकलन करके खेलने में मुझे अच्छा लगता है, किस गेंदबाज को निशाना बनाना है और किस गेंद को हिट करना है। पहले बल्लेबाजी करते हुए हमें बल्लेबाजी हालात का आकलन करना होता है और बड़ा स्कोर बनाने के लिए बड़ी साझेदारी महत्वपूर्ण होती है। पहले बल्लेबाजी करो या बाद में टीम के लिए साझेदारी काफी अहम होती है।'
 
कोहली ने कहा कि दोनों टीमों के बीच यह सीरीज रोमांचक रही है विशेषकर जिस तरह से भारत ने मुश्किल हालात में वापसी की। कोहली ने कहा, 'निजी तौर पर मेरी फॉर्म मेरे लिएच्अच्छी रही है। उम्मीद करता हूं कि अंतिम मैच में मैं एक बार फिरच्अच्छा प्रदर्शन कर पाऊंगा। अब तक सीरीज में कड़ा मुकाबला देखने को मिला है और इसे जीतने के लिए हमें अपनी योजनाओं को अमलीजामा पहनाना होगा।'

जब यह कहा कि वह सचिन तेंदुलकर के कुछ वनडे रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं जो इस बल्लेबाज ने कहा, 'मैं वह करने का सपना देखता हूं जो सचिन ने 1998 में शारजाह में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अकेले दम पर किया था।' 

I am being introduced as Dracula : Asaram


rape case

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। यौन उत्पीड़न के आरोप में जेल में बंद आसाराम को शुक्रवार को एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट से निराशा ही हाथ लगी। आसाराम की ओर से दलील दी गई मीडिया कवरेज में उन्हें बच्चों का रक्त पीने वाले ड्रैकुला के रूप में पेश किया जा रहा है, लेकिन अदालत ने मीडिया कवरेज पर रोक लगाने की उनकी मांग खारिज कर दी। 

मुख्य न्यायाधीश पी. सतशिवम की पीठ ने आसाराम के बारे में मीडिया को खबर चलाने से रोकने का आदेश देने से इन्कार करते हुए कहा कि उन्होंने मीडिया में रिपोर्ट किए गये हर शब्द को देखा है और उन्हें उसमें दखल देने का कोई कारण नजर नहीं आता। पीठ का कहना था कि अदालत मीडिया को क्यों रोके? जब पुलिस और अन्य लोगों से वे सूचनाएं हासिल कर रहे हैं तो हम उन्हें कैसे रोक सकते हैं। 

इससे पहले आसाराम के वकील ने मीडिया पर आरोप लगाया कि वह उनके बारे में बढ़ा-चढ़ा कर खबरें दिखा रहा है। देश में इतने अखबार और चैनल हैं। वे किस-किस के खिलाफ मामला दाखिल करें, लेकिन पीठ इन दलीलों से प्रभावित नहीं हुई और मामले में दखल देने से इन्कार करते हुए कहा कि उनके पास और भी विकल्प हैं। इससे पहले भी एक बार कोर्ट मीडिया कवरेज पर रोक लगाने की आसाराम की मांग ठुकरा चुका है।

Source- News in Hindi

Taliban chief Mehsud killed in drone strike: Pak Media


Taliban chief Mehsud

पेशावर/इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में अमेरिकी ड्रोन हमले में छह तालिबान आतंकियों सहित संगठन का मुखिया हकीमुल्ला महसूद भी मारा गया। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआइए के ड्रोन हमले में महसूद के अलावा उसका चाचा, अंगरक्षक तारिक महसूद और ड्राइवर अब्दुल्ला महसूद भी मारे गए। 

पाकिस्तान तालिबान ने हकीमुल्ला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार दोपहर 3 बजे मीरानशाह इलाके में उसको सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

खुफिया सूत्रों के मुताबिक, दांडा दरपाखेल के जिस परिसर पर दो मिसाइलों से हमला किया गया, वह पूरी तरह नष्ट हो गया है। हमले के समय परिसर में तालिबान की अहम बैठक चल रही थी। अब तक अधिकारियों की ओर से महसूद के मारे जाने के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

गौरतलब है कि अमेरिका पाकिस्तान के आदिवासी इलाकों में आतंकियों पर लगातार ड्रोन हमले कर उनकी कमर तोड़ रहा है। हालांकि, इससे पहले भी पाकिस्तान के साथ ही अंतरराष्ट्रीय मीडिया में महसूद के मारे जाने के समाचार कई बार आ चुके हैं, लेकिन वह कुछ समय तक भूमिगत रहने के बाद फिर सामने आ जाता है।
पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ व नेताओं के साथ आज की घटना पर बैठक बुलाकर चर्चा की। चौधरी का दावा है कि ये हमले पाकिस्तान की शांति की कोशिशों पर पानी फेर रहे हैं। उनके मुताबिक शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल तालिबान से बात करने के लिए जाने वाला था। 

कुछ ही समय पहले अमेरिका के विशेष बल ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के उप-प्रमुख लतीफ महसूद को अफगानिस्तान में धर दबोचा था। शुक्रवार को किया गया हमला दो दिन में दूसरा ड्रोन अटैक था। गुरुवार के हमले में तीन संदिग्ध आतंकी मारे गए थे। पिछले महीने पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ की अमेरिका यात्रा के बाद भी यह दूसरा ड्रोन हमला था। 

सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को जिस परिसर को निशाना बनाया गया वह तालिबान पाकिस्तान का केंद्रीय कार्यालय था, जहां महसूद अक्सर आता था। बैतुल्ला महसूद के मारे जाने के बाद अगस्त, 2009 में हकीमुल्ला ने तहरीक-ए-तालिबान की कमान अपने हाथ में ली थी। 

Source- News in Hindi

Modi Flight Delay Due to Fog in Patna

narendra modi

पटना। भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह करीब 9:50 मिनट पर पटना से गौरीचक पहुंचे। वह यहां पर हुंकार रैली में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक वह कैमूर, गोपालगंज, सुपौल, बेगूसराय व नालंदा पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मिलेंगे और पांच लाख की सहायता राशि सौंपेंगे। भाजपा नेता गिरीराज सिंह ने नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि मोदी के आने पर बिहार सरकार ने प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। 

हालांकि पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें शनिवार सुबह सात बजे ही पटना से हैलीकॉप्टर से निकलना था, लेकिन कोहरे की वजह से उनकी इस यात्रा में देरी हो गई।

गौरतलब है कि मोदी विशेष विमान से शुक्रवार को करीब 11.04 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरे थे। यहां से कड़ी सुरक्षा में सफेद एंबेसेडर कार में बैठकर 52 गाड़ियों के काफिले के साथ मोदी राज्य अतिथि गृह पहुंचे और और विश्राम किया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व बिहार इकाई के प्रभारी धर्मेद्र प्रधान ने बताया कि इस दौरान मोदी मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का चेक सौंपेंगे। इससे पहले शुक्रवार को बिहार भाजपा ने 27 अक्टूबर को पटना में हुए ब्लास्ट में मारे गए लोगों की अस्थि कलश यात्रा निकाली।

गौरतलब है कि भाजपा ने इन मृतकों को शहीद का दर्जा दिया है। हालांकि इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा की अस्थि कलश यात्रा और नरेंद्र मोदी का पटना आगमन बिहार का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश है। तनाव फैलाने वालों पर हमारी पूरी नजर है। पटना के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बिहार की जनता एकजुट रहकर सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखेगी।

Source- News in Hindi