Friday 29 August 2014

BJP tried to make me Delhi Chief Minister: Kumar Vishwas

आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने बड़ा खुलासा करते हुए भाजपा पर उन्हें सीएम पद का लालच देने का आरोप लगाया है। कुमार का कहना है कि दिल्ली में सरकार बनाने को आतुर भाजपा ने उन्हें अपने विधायक लाने के ऐवज में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर बिठाने का लालच दिया था। उन्होंने बताया है कि इस बारे में बात करने के लिए 19 मई भाजपा सांसद भी उनसे मिलने के लिए घर आए थे। इस बात की जानकारी कुमार ने केजरीवाल को भी दी थी।

कुमार के मुताबिक लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के तीन दिन के बाद उनके एक दोस्त और भाजपा सांसद उनसे घर पर मुलाकात करने आए थे। हालांकि उन्होंने इस सांसद का नाम नहीं बताया है। कुमार के इस दावे पर गुस्साई भाजपा ने भी अब कुमार पर उल्टा सवाल उठाना शुरू कर दिया है। भाजपा ने राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह ने कहा है कि वह इतने दिनों चुप क्यों थे? उन्होंने अब तक उस सांसद का नाम क्यों नहीं बताया है। सिंह ने कहा कि कुमार दिल्ली के वोटर तक नहीं हैं ऐसे में उनका खुलासा विश्वास करने से परे है। सिंह ने कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि अमेठी से वह बडे़ बेआबरू होकर घर लौटे हैं।

इस बड़े खुलासे के बाद दिल्ली का राजनीतिक पारा एक बार फिर से चरम पर पहुंच सकता है। गौरतलब है कि कुछ ही दिनों में सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली सरकार के गठन को लेकर आप की याचिका पर सुनवाई होनी है। माना जा रहा है कि इस सुनवाई में कोर्ट में कुछ न कुछ जरूर तय हो जाएगा। इससे पहले ही कुमार का यह खुलासा जरूर रंग दिखाएगा। शुक्रवार को आप नेता योगेंद्र यादव ने भी भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह सरकार बनाने के लिए आप विधायकों को लालच दे रही है।

उनका आरोप था कि कांग्रेस और आप सरकार बनाने को लेकर मना कर चुके हैं। लेकिन भाजपा इसके लिए आतुर है और बार-बार इसका दावा भी करती रही है। लेकिन अभी तक वह इस बात के पत्ते नहीं खोल रही है कि वह कैसे सरकार बनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आप विधायकों को अपने साथ मिलाने के लिए किस्म-किस्म के लालच दे रही है। ऐसे में यदि विधानसभा को भंग नहीं कर दिया जाता है तो यहां पर बड़े पैमाने पर विधायकों की खरीद-फरोख्त आएगी। 

No comments:

Post a Comment