Thursday 28 August 2014

Railway Minister Gowda's son booked for rape

रेलमंत्री और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा को बुधवार को बेटे कार्तिक की सगाई के अवसर पर शर्मिदगी उठानी पड़ी। मॉडल से फिल्म अभिनेत्री बनी मैत्रेयी गौड़ा ने टीवी चैनलों पर यह दावा करना शुरू कर दिया कि कार्तिक से उसकी पहले ही शादी हो चुकी है और अब कार्तिक उसे धोखा दे रहा है।

कुशलनगर में स्वाति नाम की लड़की से कार्तिक की सगाई हो रही थी। रेलमंत्री के परिजनों ने मैत्रेयी और कार्तिक के बीच किसी भी तरह के संबंध से इन्कार किया है। रेलमंत्री ने इसे साजिश करार दिया है और कहा है कि वह इस आरोप से सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि यह ब्लैकमेल करने का प्रयास है। वह इस मुद्दे पर मैत्रेयी के बजाय सबसे पहले बेटे और परिवार के सदस्यों से बात करेंगे। मीडिया सहित सबके सामने सचाई सामने आएगी।

मैत्रेयी का कहना है कि वह कार्तिक को इस साल मई से ही जानती है। उसने दावा किया कि वह कार्तिक की मां से भी बात कर चुकी है। उसने दावा किया कि कार्तिक ने मंगलूर स्थित अपने आवास पर गोपनीय ढंग से शादी की थी और हल्दी वाला मंगलसूत्र भी पहनाया था, लेकिन 25 जुलाई से उससे बातचीत बंद कर दी। मैत्रेयी की मां ने भी दोनों के रिश्ते की पुष्टि की है। कार्तिक ने मैत्रेयी से किसी भी रिश्ते से इन्कार किया है। उसके साथ की अंतरंग तस्वीरों को उसने फर्जी बताया है।

मैत्रेयी ने अजय राव के साथ सूर्या द ग्रेट ,हृदय आइ मिस यू के अलावा तमिल फिल्म थीकुचि में भी काम किया है। कुछ टीवी चैनल मैत्रेयी को कांग्रेस कार्यकर्ता बता रहे हैं। मैत्रेयी के पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि वे कर्नाटक राज्य महिला आयोग जाने की तैयारी कर रहे हैं। 

No comments:

Post a Comment