सैंकड़ों हिंदी फिल्मों में विलेन से लेकर कॉमेडियन तक की भूमिकाएं निभा चुके
शक्ति कपूर ने पिछले तीन दशक में लगभग हर बड़े एक्टर के साथ काम किया है। भले ही उनकी इमेज हीरो वाली न हो, लेकिन उनके चाहने वालों की कोई कमी नहीं है। अपनी एक्टिंग से लोहा मनवाने वाले शक्ति विवादों में भी फंसे रहे हैं।
बॉलीवुड अभिनेता शक्ति कपूर का जन्म तीन सितंबर, 1958 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से पूरी की। उनके पिता कनॉट प्लेस में एक टेलर थे। शक्ति ने पद्मिनी कोल्हापुरे की बहन शिवांगी से शादी की। उनके दो बच्चे हैं। उनके पुत्र सिद्धार्थ कपूर जो कि एक डीजे से सहायक निर्देशक और फिल्म अभिनेता बने और उनकी बेटी शारदा कपूर एक अभिनेत्री हैं।
1973 में शक्ति को पहली बार फिल्म कहानी किस्मत की मिली थी। हालांकि यह फिल्म कुछ खास नहीं चल पाई थी पर अपनी नकारात्मक भूमिका को निभा पाने की क्षमता की वजह से जल्द ही फिल्मकारों की पसंद बन गए। 1979 में शक्ति ने जानी दुश्मन और सरगम जैसी फिल्में की। साल 1980 में उनकी पहली हिट फिल्म आई कुर्बानी। कुर्बानी में शक्ति ने खलनायक की भूमिका में खूब सराहना बटोरी। अगले ही साल उन्हें रॉकी जैसी शानदार फिल्म भी मिली। इसके बाद उन्होंने सत्ते पे सत्ता, बाप नंबरी बेटा दस नंबरी, चालबाज जैसी फिल्में भी की।
शक्ति ने निगेटिव के साथ कई फिल्मों में कॉमेडियन किरदार भी निभाए, जिसमें राजा बाबू सबसे प्रसिद्ध रही। इस फिल्म के लिए शक्ति कपूर को बेस्ट कॉमेडियन का फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला था। शक्ति और कादर खान की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इन्होंने अब तक करीब 100 फिल्मों में एक साथ काम किया।
साल 2005 में एक न्यूज चैनल ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें शक्ति को एक लड़की से टीवी शो में रोल के बदले सेक्स करने का ऑफर देते हुए दिखाया गया था। हालांकि इस आरोप से शक्ति ने इनकार कर दिया था और कहा था कि वीडियो गलत है। इस वीडियो के आने के बाद से बॉलीवुड में कास्टिंग काउच का हल्ला ज्यादा हो गया। फिल्म एसोसिएशन ने कुछ समय के लिए शक्ति का बहिष्कार कर दिया था पर आरोप सिद्ध ना होने पर बहिष्कार वापस ले लिया था। इस विवाद की वजह से आज भी लोग शक्ति को शक की निगाहों से देखते हैं।
शक्ति कपूर बिग बॉस-5 में भी नजर आए थे।
Original Found Here.. http://www.jagran.com/entertainment/bollywood-happy-birthday-shakti-kapoor-10695112.html
No comments:
Post a Comment