वाशिंगटन। राजधानी वाशिंगटन में सबसे सघन सुरक्षा वाले व्हाइट हाउस से महज पांच किमी दूर स्थित नौसेना मुख्यालय की इमारत के बाहर फायरिंग में 12 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। घायलों में कई की हालत गंभीर है। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने नौसैनिक अड्डे को घेर लिया है। एक अमेरिकी नौसेना अधिकारी ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एक हमलावर को भी मार गिराया गया है, जबकि बाकी दो की तलाश जारी है।
इमारत के नजदीक की गलियों को बंद करने के साथ ही रीगन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सभी उड़ानों को स्थगित कर दिया गया है। वाशिंगटन पोस्ट ने पुलिस सूत्रों के हवाले से कहा है कि हमलावरों की संख्या तीन थी और इनमें से एक सैनिक की वर्दी पहने था। वाशिंगटन पुलिस प्रमुख कैथी लैनियर ने बताया कि एक श्वेत और एक अश्वेत हमलावर फरार होने में कामयाब हो गया, जिनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। पेंटागन के प्रवक्ता जॉर्ज लिटिल ने बताया कि राजधानी के सभी सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
नौसेना ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह करीब 8.20 मिनट पर नेवल सी सिस्टम कमांड हेडक्वाटर्स में हुई। इस इमारत में करीब 3000 लोग काम करते हैं। वाशिंगटन नेवी यार्ड अमेरिकी नौसेना का सबसे पुराना और पांच बड़े ठिकानों में एक है। फायरिंग में मरने और घायल हुए लोगों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन घटना में 12 लोगों की मौत की बात कही जा रही है। रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि फायरिंग में कई लोग घायल हुए हैं।
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं होती रही हैं। इससे पहले पिछले एक दशक की कुछ बड़ी गोलीबारी की घटनाओं पर एक नजर..
-14 दिसंबर, 2012 : न्यूटन में एक प्राथमिक स्कूल में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर करीब 30 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। मरने वालों में अधिकांश बच्चे।
-20 जुलाई, 2012 : कोलोराडो के एक सिनेमाघर में एक बंदूकधारी ने गोलियां बरसाकर करीब 12 लोगों को मार दिया। 24 वर्षीय हमलावर जेम्स होम्स को पकड़ लिया गया।
-5 नवंबर, 2009 : मेजर निदा मलिक हसन ने फोर्ट हुड, टेक्सास में गोलीबारी कर 13 लोगों की हत्या कर दी। उस हमले में 32 लोग घायल हो गए। हसन को पकड़ लिया गया।
-3 अप्रैल, 2009 : अप्रवासी समुदाय केंद्र की एक बिल्डिंग में एक हमलावर ने 13 को गोलियों से भूना। बाद में उसने भी खुदकुशी कर ली।
-10 मार्च, 2009 : अलाबामा में एक 28 वर्षीय युवक ने 10 की गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। मरने वालों में उसकी मां, दादा-दादी और चाचा-चाची शामिल।
-16 अप्रैल, 2007 : वर्जीनिया टेक कैंपस में 23 वर्षीय छात्र ने दो स्थानों पर गोलियां बरसाकर 32 को मार दिया। उसने भी आत्महत्या कर ली।
Original.. http://www.jagran.com/news/world-washington-navy-yard-shooting-naval-officials-report-several-deaths-10730371.html
No comments:
Post a Comment