Tuesday, 29 October 2013

Paes and bopanna in top-10 Ranking


Rohan Bopanna


नई दिल्ली। रोहन बोपन्ना और लिएंडर पेस विश्व टेनिस रैंकिंग के पुरुष डबल्स के शीर्ष दस में बने हुए हैं जबकि महेश भूपति को एक स्थान का फायदा हुआ है। बोपन्ना पांचवें स्थान पर काबिज हैं और भारतीय खिलाड़ियों में शीर्ष पर बने हुए हैं। उनके बाद पेस का नंबर आता है जो ओवरऑल दसवें स्थान पर हैं। भूपति अब 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दिविज शरण (70) और पूरव राजा (82) शीर्ष 100 में शामिल दो अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं।


भारत से केवल पेस और चेक गणराज्य के उनके जोड़ीदार रादेक स्टीपानेक एटीपी विश्व टूर फाइनल्स की दौड़ में सातवें स्थान पर बने हुए हैं। लंदन में होने वाले सत्र के इस आखिरी टूर्नामेंट में चोटी की आठ टीमें भाग लेंगी। एटीपी सिंगल्स रैंकिंग में सोमदेव देववर्मन एक पायदान नीचे 91वें स्थान पर खिसक गए हैं लेकिन डेविस कप में उनके साथी युकी भांबरी को दस स्थान का फायदा हुआ है और वह 277वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस बीच महिलाओं की डब्ल्यूटीए डबल्स रैंकिंग में सानिया मिर्जा पहले की तरह नौवें स्थान पर बनी हुई हैं। महिलाओं की सिंगल्स रैंकिंग में शीर्ष पांच खिलाड़ियों में बदलाव आया है। इस्तांबुल में डब्ल्यूटीए चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली चीन की खिलाड़ी ली ना अब दो पायदान आगे तीसरे नंबर पर काबिज हो गई हैं जबकि मारिया शारापोवा चौथे स्थान पर खिसक गई। इस्तांबुल की विजेता सेरेना विलियम्स शीर्ष पर बनी हुई हैं। उनके बाद विक्टोरिया अजारेंका का नंबर आता है। एटीपी सिंगल्स रैंकिंग में राफेल नडाल पहले और नोवाक जोकोविक दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।

No comments:

Post a Comment