Monday, 21 October 2013

Unparalleled danger from Australian bushfires: officials


Australia

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया इन दिनों चार दशकों की सबसे विकराल आग में झुलस रहा है। न्यू साउथ वेल्स राज्य के जंगलों में लगी भयानक आग लगातार विकराल होती जा रही है। इसे बुझाने के लिए दमकल कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आशंका जताई गई है कि आगे हालत और खराब हो सकती है। गर्म मौसम और तेज हवाएं आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। पिछले 40 सालों में वेल्स में इससे भीषण आग नहीं लगी। करीब 200 घर पहले ही खाक हो चुके हैं। सैंकड़ों लोग बेघर हैं। प्रांत के प्रीमियर बैरी ओ फेरेल ने रविवार को राज्य में आपात स्थिति की घोषणा कर दी। कई इलाकों को खाली कराया गया है। सिडनी का पश्चिमी इलाका ब्लू माउंटेंस पर्वत श्रृंखला क्षेत्र आग से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। वहां अब भी आग पर नियंत्रण नहीं किया जा सका है। ग्रामीण अग्नि सेवा कमिश्नर शोन फित्जसिमंस ने कहा कि रविवार से ही मौसम खराब हो रहा है। हमें आशंका है कि सोमवार और मंगलवार को स्थिति और खराब हो जाएगी। इस पूरे हफ्ते ब्लू माउंटेन पर्वत श्रृंखला के लिए काफी खतरनाक स्थिति बनी रहेगी। अपना घर बचाने की कोशिश में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि अब बेमौसम गर्मी होगी। तापमान 30 डिग्री या इससे ज्यादा पहुंचने की आशंका भी जताई गई है। राज्य के प्रीमियर ने बताया कि अग्निशमन टीम लगातार आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश में जुटी हुई है। रविवार सुबह ब्लू माउंटेंस के बेल गांव में को खाली कराने की कोशिश भी शुरू कर दी गई है। इस बीच माउंट विल्सन और माउंट इरविन के ग्रामीणों को घर में ही रहने का आदेश दिया गया। आग की वजह से सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। नजदीकी इलाके बिलपिन के निवासियों को भी घर खाली करने की चेतावनी दी गई थी। वहां की बिजली भी काटी जा रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त एलन क्लार्क ने कहा कि पहले जितनी भी आग लगने की घटनाएं हुईं, उनमें यह सबसे गंभीर है। राज्य में 37 हजार हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र आग के चंगुल में फंसा हुआ है। आगजनी की 15 घटनाओं को नियंत्रित नहीं किया जा सका है। जंगल की आग से फैले धुएं और राख से सिडनी में आसमान पूरी तरह से काला दिख रहा है। सेना फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोटकों का इस्तेमाल कर किए गए प्रशिक्षण अभ्यास की वजह से तो आग नहीं लगी। गौरतलब है कि ब्लू माउंटेन के लिथगो शहर में बुधवार को सेना ने अभ्यास कराया था।

Source: News in Hindi

No comments:

Post a Comment