लंदन। ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री निक क्लेग चंदे के बदले सम्मान मामले में फंस गए हैं। भारतीय मूल के दो करोड़पति उनकी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए सबसे अधिक चंदा देने वालों में शामिल हैं और पार्टी ने सम्मान के लिए उनके नामों की अनुशंसा की है।
कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की सहयोगी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ने संसद के ऊपरी सदन हाउस ऑफ लार्ड्स के सदस्य के लिए सुधीर चौधरी के नाम की अनुशंसा की है। चौधरी ने निजी रूप से लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी को 95000 पौंड (करीब 90 लाख रुपये) की राशि चंदे के रूप में दी है। जबकि उनकी पारिवारिक कंपनियों ने 2004 से 650000 पौंड (करीब छह करोड़ 40 लाख रुपये) की राशि चंदे में दी है। द संडे टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ वर्ष पहले तक चौधरी टैक्स बचाने के लिए ब्रिटेन में नहीं रह रहे थे। इस समय 65 वर्षीय चौधरी लंदन में ही रह रहे हैं। उनके नजदीकी सूत्रों ने अखबार को बताया कि वह दो साल पहले ब्रिटेन आए हैं और अब अपनी वैश्विक आमदनी पर ब्रिटेन के पूरे टैक्स का भुगतान कर रहे हैं।
आगामी कुछ सप्ताह में सम्मानित किए जाने वाले लोगों की संभावित सूची में एक अन्य भारतीय करोड़पति रुमी वर्जी का नाम भी शामिल हैं। वह डोमिनोज की पिज्जा चेन को ब्रिटेन लेकर आए थे। मई, 2010 से वह 77 0000 पौंड (करीब सात करोड़ 60 लाख रुपये) चंदे के रूप में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी को दे चुके हैं।
Source: News in Hindi
No comments:
Post a Comment