Tuesday, 29 October 2013

Vettel secures third straight Indian GP pole


Sebastian Vettel

अभिषेक त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा । पिछली दो इंडियन ग्रांप्रि में पोल पोजीशन हासिल करते हुए जीत दर्ज करने वाले रेड बुल के जर्मन ड्राइवर सबेस्टियन वीटल ने शनिवार को तीसरी इंडियन ग्रांप्रि की क्वालीफाइंग रेस में सर्वश्रेष्ठ लैप निकालकर पोल पोजीशन हासिल की। वीटल चौथी बार विश्व चैंपियन बनने से एक कदम दूर हैं। अगर वह रविवार को होने वाली मुख्य रेस जीतने में सफल रहते हैं तो वह लगातार चार बार विश्व चैंपियन खिताब जीतने वाले इतिहास के तीसरे फॉर्मूला वन ड्राइवर बन जाएंगे। 

इस सत्र में वीटल की यह सातवीं और कुल 43वीं पोल पोजीशन है। उनसे ज्यादा पोल पोजीशन माइकल शूमाकर और आर्यटन सेना (65) ने ही हासिल की हैं। वीटल ने इस साल अब तक हुई 15 में से नौ और करियर में 35 रेसें जीती हैं। वीटल की टीम रेड बुल भी यहां टीम चैंपियनशिप अपने नाम कर सकती है।
पोल पोजीशन हासिल करने के बाद वीटल रविवार को होने वाली फाइनल रेस में पहले स्थान से शुरुआत करेंगे। पिछली पांच रेस जीतकर यहां आए वीटल को खिताब के लिए कड़ी टक्कर दे रहे फेरारी के फनरंडो अलोंसो आठवें नंबर पर रहे। अलोंसो रविवार को आठवें नंबर से रेस शुरू करेंगे और इस कारण वीटल के खिताब जीतने की संभावना बढ़ गई हैं। वीटल अगर फाइनल रेस में पांचवें नंबर पर भी रहते हैं तो वह इस साल के चैंपियन बन जाएंगे। वीटल ने पहली क्वालीफाइंग रेस में 1:25.943 मिनट का, दूसरी क्वालीफाइंग रेस में 1:24.568 मिनट का और तीसरी क्वालीफाइंग रेस में 1:24.119 मिनट का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला। 

रोजबर्ग और हैमिल्टन देंगे टक्कर : वीटल को फाइनल रेस में मर्सिडीज के दोनों ड्राइवर टक्कर देंगे। मर्सिडीज के जर्मन ड्राइवर निको रोजबर्ग 1:24.871 मिनट के सर्वश्रेष्ठ लैप समय के साथ दूसरे और ब्रिटिश ड्राइवर लुइस हैमिल्टन 1:24.941 मिनट के साथ तीसरे नंबर पर रहे। वीटल के ऑस्ट्रेलियाई साथी मार्क वेबर चौथे नंबर पर रहे। 

इंडिया का फोर्स गायब : भारतीय लिहाज से यह रेस अच्छी नहीं रही। सहारा फोर्स इंडिया के दोनों ड्राइवर टॉप-10 में जगह नहीं बना पाए। फोर्स इंडिया के जर्मन ड्राइवर एड्रियन सुतिल 13वें और ब्रिटिश ड्राइवर पॉल डि रेस्टा 12वें स्थान पर रहे। दोनों रविवार को इन्हीं स्थानों से मुख्य रेस शुरू करेंगे। सॉबर और फोर्स इंडिया में इस समय टीम लीडरबोर्ड में छठे स्थान पर रहने के लिए कड़ी टक्कर चल रही है। फोर्स इंडिया के पूर्व और सॉबर के वर्तमान ड्राइवर निको हल्केनबर्ग क्वालीफाइंग रेस में सातवें नंबर पर रहे। फेरारी के फेलिप मासा पांचवें, लोटस के किमी राइकोनेन छठे, मैक्लॉरेन के सर्गियो परेज नौवें और जेंसन बटन 10वें नंबर पर रहे। 

 Source- News in Hindi

No comments:

Post a Comment