मुंबई। अभिनेता जॉन अब्राहम 'मद्रास कैफे' की सफलता से बहुत खुश हूं और इसकी सफलता का पूरा क्रेडिट वे अपने दोस्तों को देते हैं। वे कहते हैं, 'अगर मेरे दोस्त नहीं होते, तो 'मद्रास कैफे' करना अकेले मेरे बस की बात नहीं थी। मैं कभी भी इस फिल्म को अपने दम पर नहीं बना सकता था। शूजीत जो फिल्म के निर्देशक हैं, उनके अलावा फिल्म के प्रोडक्शन हेड रॉनी लाहिड़ी और को-प्रोड्यूसर शील कुमार जैसे लोग किस्मत वालों को ही मिलते हैं। मैंने भी अब अपना एक मूलमंत्र बना लिया है कि मैं अपने दोस्तों के साथ फिल्में बनाऊंगा और दोस्तों के लिए ही फिल्मों में अभिनय भी करना चाहूंगा। अभी हाल ही में मैंने निशिकांत कामत की एक फिल्म पर काम करना शुरू किया है। साउथ की एक फिल्म थी 'मिर्ची' जो पूरी तरह ऐक्शन पैक थ्रिलर थी। उसके अधिकार हमने खरीदे हैं। इसके अलावा हमने एक कोरियन फिल्म के अधिकार भी खरीदे हैं जिसे हम मिलकर बनाएंगे। इस फिल्म का निर्देशन निशिकांत कामत करेंगे। मेरी और निशिकांत की जोड़ी 'फोर्स' के समय से है। मुझे लगता है कि 'फोर्स' के साथ ही मेरे करियर में भी एक फोर्स आया है। इसी वजह से मैंने निशिकांत के साथ आगे भी काम करने का प्लान बनाया है। 'वेलकम बैक' भी मैं अनीस बज्मी के साथ कर रहा हूं, जो पिछले सात सालों से मेरे साथ काम करने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने उनके साथ अभी तक काम नहीं किया तो इस चक्कर में मेरी उनकी दोस्ती हो गई है। अब मैं उनके साथ और भी काम करना चाहूंगा। इसके अलावा मैं 'दोस्ताना 2' को लेकर भी उत्साहित हूं। हालांकि अभी इस फिल्म के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हो पाई है, लेकिन मैं चाहूंगा कि करण जौहर जल्द ही इसके बारे में पब्लिक को बताएं।'
Source: Bollywood News
No comments:
Post a Comment