Friday, 18 October 2013

Massive security in Ayodhya to foil VHP meeting


Sankalp sabha

अयोध्या/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिबंध के बावजूद विश्व हिंदू परिषद संकल्प सभा पर अड़ी हुई है। इसके मद्देनजर अयोध्या और आसपास के जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इस बीच विहिप कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का दौर जारी है। पुलिस ने शुक्रवार को बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली से वैशाली एक्सप्रेस से आ रहे बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ को गोंडा स्टेशन से निकलकर अयोध्या जाने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह और दूसरे बीजेपी नेता भी गिरफ्तार किए गए हैं।

गौरतलब है कि विश्व हिंदू परिषद ने शरद पूर्णिमा के मौके पर संकल्प सभा के आयोजन का एलान कर हिंदुत्व के उभार का चक्रव्यूह रचा तो इस कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगा राज्य सरकार ने उसे 'खुद को साबित' करने की चुनौती दे दी है। अयोध्या अब उसी चक्रव्यूह के मुहाने पर विहिप का इम्तिहान लेती नजर आ रही है।
विहिप ने महज दो माह के भीतर तीसरे कार्यक्रम का एलान कर राज्य सरकार को छकाने का दांव चला है। इस पर प्रतिबंध लगा सपा सरकार ने उसे अपनी शक्ति दिखाने की चुनौती दे दी है। विहिप ने पहले 25 अगस्त से 84 कोसी परिक्रमा का एलान किया लेकिन उसका प्रभावी असर छोड़ने में नाकामयाब रही। फिर पंचकोसी परिक्रमा से भी उसकी उम्मीदें परवान न चढ़ सकीं। देश भर में एक लाख स्थानों पर संकल्प सभा का एलान करने वाली विहिप ने अयोध्या को केंद्र बिंदु बनाया है। यहां 18 अक्टूबर को सभा करने की हुंकार भरी है। विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार हिंदुओं के दमन के चाहे जितने उपाय करे, विहिप झुकने वाली नहीं है। संकल्प सभा होकर रहेगी। 

वहीं, फैजाबाद के जिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी ने कहा कि विहिप की संकल्प सभा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा है, जिसका हरहाल में पालन कराया जाएगा। प्रशासन ने अभी तक 1223 लोगों को एहतियात के तौर पर गिरफ्तार किया है।

Source: News in Hindi

No comments:

Post a Comment