Thursday, 21 November 2013

Bank will recruit security guard on every ATM

Indian Bank
नई दिल्ली [जयप्रकाश रंजन]। एटीएम पर ग्राहकों की सुरक्षा को अभी तक ताक पर रखने वाले बैंक जैसे सोते से जग गए हैं। बेंगलूर में एटीएम के भीतर एक महिला पर हुए जानलेवा हमले के बाद बैंक पहली बार अपनी एटीएम सुरक्षा को लेकर चिंतित हुए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) भी इस बारे में स्पष्ट दिशानिर्देश जारी करने की संभावना तलाश रहा है। बैंकों के साथ विचार-विमर्श कर जल्द ही इस बारे में फैसला करेगा।

दैनिक जागरण ने गुरुवार को एटीएम सुरक्षा को लेकर आइसीआइसीआइ, एचडीएफसी, एसबीआइ, पीएनबी, एक्सिस समेत कई बैंकों के अधिकारियों से बात की। अधिकांश बैंकों ने माना कि बेंगलूर घटना के बाद वे अपने एटीएम की सुरक्षा को लेकर नए सिरे से विचार-विमर्श कर रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा एटीएम लगाने वाले भारतीय स्टेट बैंक (अगस्त, 2013 तक 31,749) और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने यह सुनिश्चित करने का फैसला किया है कि उनके हर एटीएम पर एक गार्ड तैनात हो।
स्टेट बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनकी शाखाओं में स्थित एटीएम पर सुरक्षा कर्मी होते हैं। मगर ब्रांच से इतर ऑफ साइट एटीएम की सुरक्षा बाहरी एजेंसियों को दी जाती है। बैंक के ऐसे एटीएम की संख्या 14 हजार से ज्यादा है। इसी तरह से पीएनबी के ऑफ साइट (ब्रांच से दूर) 2,200 एटीएम हैं। पीएनबी ने पाया है कि ऐसे एटीएम पर सुरक्षाकर्मी नहीं है। अब दोनों बैंकों ने एटीएम पर सुरक्षा प्रदान करने वाली एजेंसियों को कहा है कि वे हर एटीएम पर सुरक्षाकर्मी तैनात करें।
निजी क्षेत्र के आइसीआइसीआइ बैंक के अधिकारी बताते हैं कि उन्होंने नए सुरक्षा मानकों वाले एटीएम देश में लगाने शुरू किए हैं। इसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एटीएम मशीन के पास सिर्फ एक ही व्यक्ति पहुंच सके। ग्राहक के एटीएम कार्ड को मशीन में डालते ही बाहर का दरवाजा लॉक हो जाएगा। यानी बाहरी कोई वहां नहीं पहुंच सकेगा।
एचडीएफसी बैंक के अधिकारी ने कहा कि बैंक सुरक्षा मानकों को लेकर सरकार के सभी मौजूदा नियमों का पूरी तरह से पालन करते हैं। बेंगलूर की घटना कानून-व्यवस्था की समस्या है, जो कभी भी और कहीं भी हो सकती है। इस बारे में आरबीआइ के अधिकारियों का कहना है कि एटीएम सुरक्षा को आने वाले दिनों में ज्यादा प्रमुखता से उठाया जाएगा। जिस तरह से नए एटीएम देश में खोले जा रहे हैं, उसे देखते हुए यह जरूरी है कि इनकी सुरक्षा को लेकर स्पष्ट व ठोस दिशानिर्देश हों। मार्च, 2013 में देश में कुल 1,14,014 एटीएम थे। इनकी संख्या अगस्त, 2013 में बढ़कर 1,26,950 हो गई है।

Source- Business Hindi News

No comments:

Post a Comment