मुंबई। बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी और धर्मेद्र की छोटी बिटिया अहाना की शादी तय हो गई है। खबर है कि अहाना की शादी की तारीख 2 फरवरी 2014 को होगी।
पिछले दिनों खबर आई थी कि धर्मेद्र और हेमा की छोटी बेटी अहाना की मंगनी दिल्ली के एक व्यवसायी वैभव वोरा से 22 अक्टूबर को हो गई। 28 वर्षीय अहाना मंगनी से कुछ महीने पहले से ही वैभव को डेट कर रही थीं। इनकी मंगनी परिवार के जुहू वाले बंगले पर निजी रूप से हुई थी, जिसमें सिर्फ परिवार के लोग शामिल थे।
एक अखबार से बातचीत में हेमा ने बताया कि वो और उनकी बड़ी बेटी ऐशा अभी से शादी की तैयारियों में जुट गए हैं। आने वाले चार महीने उनके लिए बहुत व्यस्त रहने वाले हैं।
हालांकि अहाना के शादी के कपड़े तो मुंबई का एक डिजाइनर डिजाइन करेगा और बाकी ड्रेस हेमा की पसंद के दक्षिण भारतीय स्टोर से लिए जाएंगे पर शादी की रस्मों के बारे में दोनों परिवारों ने अभी तक कुछ तय नहीं किया है।
हेमा कहती हैं कि शादी पंजाबी होगी या दक्षिण भारतीय, ये निर्णय लेना बाकी है। शादी मुंबई में होगी जिसके बाद एक बहुत बड़ा रिसेप्शन भी होगा। इसके बाद दिल्ली में भी एक कार्यक्रम होगा। कहा जाता है कि अहाना और वैभव पहली बार ऐशा की शादी में मिले थे और धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे को लेकर गंभीर हो गए और आगे चलकर दोनों ने शादी का फैसला कर लिया।
ओडिसी डांस में ट्रेन्ड अहाना शुरुआत में एक्टर या डायरेक्टर बनना चाहती थीं, पर बाद में डांस को ही उन्होंने अपना करियर बनाया। अहाना, मां और बड़ी बहन के साथ देश-विदेश में कई स्टेज शो कर चुकी हैं। शादी के बाद अहाना डांस करेंगी या नहीं ये पूछने पर हेमा भावुक होकर हां में जवाब देती हैं।
Source- Entertainment News in Hindi
No comments:
Post a Comment