नई दिल्ली। पार्श्व गायक कैलाश खेर ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को समर्पित एक विशेष गीत 'सचिन एंथम' तैयार किया है। महान बल्लेबाज सचिन अपना 200वां और अंतिम टेस्ट मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ 14 से 18 नवंबर तक खेलेंगे उसके बाद वह क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लेंगे।
'तेरी दीवानी', 'तौबा तौबा' और 'या रब्बा' जैसे सुपरहिट गीत गाने वाले 39 वर्षीय गायक के लिए सचिन लाखों में एक हैं। एक साक्षात्कार में खेर ने कहा, 'दुनियाभर में बहुत सारे अच्छे लोग हैं, जिनमें कुछ असाधारण हैं। मैं सचिन के खेल की भावना से काफी प्रभावित हूं। इस गीत का नाम हमने सचिन एंथम रखा है क्योंकि यह हमें इसके लिए सबसे उपयुक्त लगा। इस गीत में हमने यह बताने की कोशिश की है कि सचिन भारत की शान क्यों कहे जाते हैं। उनकी उपलब्धियों को गीत में शामिल किया गया है।' सचिन एंथम को कैलाश खेर की वेबसाइट पर ऑनलाइन सुना जा सकता है। हालांकि सचिन के प्रशंसक उनके संन्यास लेने के फैसले से काफी निराश हैं, लेकिन खेर को उम्मीद है कि इसके बाद उन्हें सचिन के साथ काम करने का मौका मिल जाएगा। बकौल खेर, 'संन्यास लेने के बाद मैं सचिन से अनुरोध करूंगा कि वे मेरे साथ किसी दिन एक गीत गाएं। यह काफी मजेदार अनुभव होगा। उन्होंने क्रिकेट में उल्लेखनीय रिकॉर्ड बनाए हैं। मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं। मैंने उन्हें सचिन एंथम की सीडी भेजी थी और इसे सुनकर वे काफी खुश हुए।'
Source- Cricket News in Hindi
No comments:
Post a Comment