Thursday, 21 November 2013

Team kejriwal raising funds through illegal means

delhi election
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। चुनावी मौसम और आरोप-प्रत्यारोप के दौर में आम आदमी पार्टी (आप) के दामन पर भी भ्रष्टाचार के छींटे पड़ गए हैं। एक स्टिंग ऑपरेशन में पार्टी के उम्मीदवारों पर चुनावी खर्च के लिए बेनामी धन लेने पर रजामंदी जताने, अवैध संपत्ति विवादों में मदद के वादे जैसे आरोप लगाए गए हैं। वहीं, ताजा सीडी हमले पर तथ्यों की पड़ताल में जुटी आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं होगा और किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, उन्होंने इसे पार्टी के खिलाफ साजिश करार दिया।
मीडिया सरकार वेबसाइट ने खुफिया कैमरे पर दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप उम्मीदवार शाजिया इल्मी और पार्टी प्रवक्ता कुमार विश्वास समेत कई सदस्यों पर पैसों की हेरफेर पर सहमति जताने के आरोप लगाए हैं। मिशन लोकपाल नाम के स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े अनुरंजन झा ने आरोप लगाए कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी के दस फीसद प्रत्याशियों को भ्रष्टाचार से परहेज नहीं है। स्टिंग में आरके पुरम से पार्टी की उम्मीदवार शाजिया इल्मी को बेनामी धन चंदा स्वीकारने पर सहमति जताते हुए दिखाया गया है। वहीं, कोंडली से उम्मीदवार मनोज कुमार व संगम विहार प्रत्याशी दिनेश मोहनिया को अवैध संपत्ति विवाद में मनचाही मदद मुहैया कराने जैसे वादे करते हुए कैमरे पर कैद किया गया है।

पार्टी प्रवक्ता कुमार विश्वास को अपने कविता शो के लिए बिना अधिक पूछताछ के नकद धन स्वीकारते दिखाया गया है। हालांकि, विश्वास ने भ्रष्टाचार के आरोप खारिज करते हुए कहा कि अपने शो के लिए वह धन लेते भी हैं और आयकर भी देते हैं। स्टिंग हमले के बाद पार्टी ने आपात बैठक बुलाई है। आप संयोजक केजरीवाल ने सोशल नेटवर्किग साइट ट्विटर पर दी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि पार्टी सदस्य संजय सिंह व योगेंद्र यादव समेत अन्य लोग पड़ताल कर रहे हैं। अगर आरोप साबित हुए तो किसी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। हालांकि, इससे पहले केजरीवाल ने इसके पीछे मौजूद लोगों पर भी सवाल उठाए।

आप ने मांगा स्टिंग का पूरा वीडियो
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। स्टिंग ऑपरेशन में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अपने उम्मीदवारों पर कोई फैसला लेने से पहले आम आदमी पार्टी ने मीडिया सरकार वेबसाइट से उसका मूल वीडियो मांगा है। पार्टी ने आरोपों को गंभीर मानते हुए कहा कि इस बारे में कोई भी निर्णय तक पहुंचने के लिए उसे स्टिंग ऑपरेशन के कैमरे में कैद संपूर्ण वीडियो फुटेज चाहिए।

वेबसाइट द्वारा उजागर किए गए स्टिंग में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। आरोपों के मद्देनजर बुलाई गई आप की आपात बैठक के बाद पार्टी से जुड़े योगेंद्र यादव और संजय सिंह ने कहा कि वीडियो देखने के बाद यथासंभव शीघ्रता से इस बारे में फैसला लिया जाएगा। मीडिया से रू-ब-रू आप नेताओं का कहना था कि स्टिंग ऑपरेशन में लगे आरोपों को लेकर उसके उम्मीदवारों से भी बात की गई है। हालांकि सत्यता की पड़ताल के लिए जरूरी है कि खुफिया कैमरों का पूरा वीडियो देखा जाए। आप नेताओं ने उन्हें वीडियो उपलब्ध कराए जाने की भी अपील की।

शाजिया ने चुनाव न लड़ने की पेशकश की
नई दिल्ली। स्टिंग ऑपरेशन की चपेट में आई 'आप' प्रत्याशी शाजिया इल्मी ने विधानसभा चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की पेशकश की है। उनका कहना है कि वह नहीं चाहतीं कि उनकी वजह से पार्टी की बेदाग छवि को कोई नुकसान पहुंचे। जब तक इस पूरे मामले में वह पाक साफ नहीं करार दी जातीं, वह चुनाव नहीं लड़ेंगीं। स्टिंग में आरके पुरम से पार्टी की उम्मीदवार शाजिया को बेनामी धन चंदा स्वीकारने पर सहमति जताते हुए दिखाया गया है।

No comments:

Post a Comment