मैड्रिड। मौजूदा चैंपियन बार्सिलोना ने स्पेनिश फुटबॉल लीग मुकाबले में रीयल बेटिस को 4-1 से हरा दिया, लेकिन उसे मैच में ज्यादातर समय अपने स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी के बिना ही खेलना पड़ा। मेसी एक बार फिर से चोटिल हो गए। सत्र में यह तीसरा मौका है जब मेसी की चोट फिर उभर गई है।
रविवार देर रात खेले गए मुकाबले में 20 मिनट बाद ही मेसी को मैदान छोड़ना पड़ा और बार्सिलोना ने उसकी जगह आंद्रे इनिएस्ता को मैदान पर उतारा। 35वें मिनट में ब्राजीली स्टार खिलाड़ी नेमार ने सेस फाब्रेगास के पास पर मैच का पहला गोल दाग बार्सिलोना को 1-0 से आगे कर दिया। दो मिनट बाद ही पेड्रो रोड्रिग्ज ने गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके फाब्रेगास ने 63वें और 79वें मिनट में गोल कर बार्सिलोना को 4-0 से आगे कर दिया। मैच के अंतिम मिनटों में बार्सिलोना के डानी एल्वस को फाउल करने पर पीला कार्ड दिखाया गया और बेटिस को पेनाल्टी दी गई। जॉर्ज मोलिना ने पेनाल्टी को गोल में तब्दील करते हुए बेटिस की ओर से मैच का एकमात्र गोल दागा। रविवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में विलारीयल ने अंक तालिका में दूसरे नंबर पर चल रहे एटलेटिको मैड्रिड को 1-1 से बराबरी पर रोका, जबकि सेविला ने एस्पानेयोल को 3-1 से मात दी।
Source- Sports News in Hindi
No comments:
Post a Comment