नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को 70 में से आठ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा रोक दी है। बताया जा रहा है कि इन सीटों पर नामों को लेकर कुछ केंद्रीय नेताओं को एतराज है। अब केंद्रीय नेताओं की सहमति के बाद ही इन टिकटों की घोषणा की जाएगी।
बुधवार सुबह शुरू हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के अलावा सभी सदस्य शामिल थे, लेकिन जब दिल्ली के टिकटों पर विचार विमर्श की बारी आई तो राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी चले गए, जबकि केंद्रीय नेतृत्व में दिल्ली से आने वाले नेता सुषमा स्वराज और अरुण जेटली की उपस्थिति में प्रदेश के नेताओं को बुलाया गया। बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली के प्रभारी नितिन गडकरी भी शामिल हुए। यह बैठक बड़ी देर तक चली और इसमें एक-एक सीट पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
कुछ सीटों पर सहमति नहीं बन पाई, इनमें तिमारपुर, आदर्श नगर, बवाना, नांगलोई जाट, छतरपुर, ओखला, सीमापुरी और मुस्तफाबाद शामिल हैं। इनमें से एक सीट छतरपुर पर ब्रह्म सिंह को लेकर लगभग एक राय बन चुकी थी, लेकिन वरिष्ठ नेता अनंत कुमार ने उनके नाम पर एतराज जताया। जिसके चलते उनका टिकट रोक दिया गया। प्रदेश टीम अल्पसंख्यक बहुल सीट ओखला और मुस्तफाबाद पर भी कोई नाम तय नहीं कर पाई। बताया जाता है कि पार्टी ओखला से प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष आतिफ रशीद को लड़ाना चाहती है, लेकिन आतिफ अभी तैयार नहीं हैं।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment