कानपुर, निज संवाददाता : शहर में जाम की समस्या लोगों में जागरूकता से ही दूर हो सकती है। यह कहना है, आईजी जोन सुनील कुमार गुप्ता का। यातायात माह का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि अक्सर चालक जल्दबाजी में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं, जिससे वाहनों की कतार लग जाती है।
सिविल लाइंस स्थित मर्चेट चेंबर सभागार में शुक्रवार को यातायात माह के उद्घाटन मौके पर ट्रैफिक पुलिस के कई प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई। आईजी ने पुलिस कर्मियों को ट्रिपल-ई (इंजीनियरिंग, एजूकेशन और इनफोर्समेंट) की जानकारी देते हुए कहा कि इनके समन्वय से ही जाम की समस्या काबू में आ सकती है। एसपी ट्रैफिक एमआर सिंह ने बताया यातायात माह के दौरान स्कूल-कालेजों में ट्रैफिक नियमों पर सेमिनार व प्रश्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। नरोना चौराहे पर बस, आटो, ट्रक चालकों के लिए नेत्र चिकित्सा शिविर लगेगा। मोबाइल वैन में लगी बिग स्क्रीन पर रोड सेफ्टी से जुड़ी फिल्में दिखाई जाएंगी। सिनेमा हॉल में ट्रैफिक नियमों पर स्लाइड प्रदर्शन होगा। ड्रंकन ड्राइव नाके में लोगों को वाहन चलाते समय नशीले पदार्थो से दूर रहने की सलाह दी जाएगी। एनसीसी कैडेट्स को भी अभियान में जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में डीआईजी रेंज आरके चतुर्वेदी, डीएम समीर वर्मा, एडीएम सिटी अविनाश सिंह, एसपी पश्चिम भारत सिंह के अलावा व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, एसपीओ व शांति समिति सदस्य भी उपस्थित थे।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment