नई दिल्ली। भारत स्वदेशी रक्षा उत्पादों के लिए ग्राहक की तलाश में है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन [डीआरडीओ] के प्रमुख अविनाश चंद्र ने कहा कि भारत बेहतर कीमत और कम समय में हथियार मुहैया करा सकता है।
डीआरडीओ दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित एयरोस्पेस एवं रक्षा प्रदर्शनी [एडीईएक्स] में स्वदेशी तकनीक से विकसित हथियारों और रक्षा उपकरणों को विश्व के समक्ष पेश कर रहा है। चंद्र ने दक्षिण कोरियाई न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा कि विदेशी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए भारत पहली बार देश से बाहर जमीन से जमीन और जमीन से हवा में मार करने वाले मिसाइलों [प्रगति व आकाश] का प्रदर्शन कर रहा है। उनके मुताबिक यह शुरुआत भर है, इस दिशा में अभी बहुत कुछ करना बाकी है।
डीआरडीओ अध्यक्ष के मुताबिक भारत में वैश्विक रक्षा उत्पाद बाजार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की क्षमता है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक प्रदर्शनी में भारत अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराकर एशिया-प्रशांत क्षेत्र के रक्षा बाजार में अपनी पहुंच बनाने की जुगत मे है, जहां चीन मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment