लखनऊ। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी का फोबिया कांग्रेस के साथ-साथ समाजवादी पार्टी पर भी काफी असर दिखा रहा है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने आगरा के बटेश्वर मेले का उद्घाटन करने के बाद लोगों से कहा है कि लोकसभा चुनाव तक न तो वो कोई अखबार पढ़े और न ही कोई समाचार चैनल देखें।
प्रोफेसर यादव ने भाजपा तथा बसपा को कोसने के बाद मीडिया पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव तक आप लोग न्यूज चैनल मत देखना और अखबार न पढ़ना। मीडिया नरेंद्र मोदी को ज्यादा वजन दे रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रैली में पांच लाख की भीड़ को चैनल पांच मिनट दिखाते हैं और मोदी की रैली में एक लाख भीड़ हो, तो भी पूरा दिन दिखाते हैं। लिहाजा, ऐसे चैनल देखने और अखबार पढ़ने का कोई मतलब नहीं, जो सिर्फ एक आदमी के होकर रहे गए हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि देश के सभी घोटाले भाजपा की देन हैं, जबकि कांग्रेस ने उन्हें पाल-पोस कर बड़ा किया है।
केंद्रीय मंत्री अजित सिंह भी रामगोपाल के निशाने पर थे। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में अजित सिंह का कोई वजूद नहीं हैं। जबकि तीसरा मोर्चा के गठन को लेकर रामगोपाल काफी आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि तीसरा मोर्चा बनेगा, सपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और मुलायम सिंह प्रधानमंत्री बनेंगे। रामगोपाल ने सपा महासचिव नरेश अग्रवाल के उस बयान को भी खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि चाय बेचने वाला कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकता।
No comments:
Post a Comment