जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बसपा सांसद धनंजय सिंह की पत्नी डॉ. जागृति सिंह जिस तरीके से घरेलू सहायिका राखी व 17 वर्षीय घरेलू सहायक की बेरहमी से पिटाई करती थी, उसे जानकर हर किसी के रोंगटें खड़े हो सकते हैं। दोनों को सांसद ने एक साल पहले नौकरी पर रखा था।
राखी को जहां दक्षिण दिल्ली के एजेआर प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से रखा गया था, वहीं नाबालिग को परिचित के माध्यम से नौकरी पर रखा गया था। नाबालिग बनारस के पास एक गांव का रहने वाला है। इनके अलावा सांसद ने मीणा नाम की एक अन्य घरेलू सहायिका को भी नौकरी पर रखा हुआ था, जो राखी की हत्या किए जाने के बाद 4 नवंबर को भाग गई।
पुलिस के मुताबिक, वैसे तो विधायक की पत्नी नाबालिग की अकसर बेरहमी से पिटाई करती थी। लेकिन एक नवंबर से तीन नवंबर तक वह दोनों की नियमित पिटाई कर रही थी। दीपावली वाले दिन डॉ. जागृति ने राखी की लाठी से बुरी तरह पिटाई की थी। चोट लगने से जब वह बेहोश होकर गिर गई, तब उन्होंने मारना छोड़ दिया। कुछ देर बाद उन्होंने इलेक्ट्रोल पाउडर का घोल राखी को पिलाने की कोशिश की थी। उसके बेहोश होने से जब राखी ने मुंह नहीं खोला तो जागृति को लगा कि वह ड्रामा कर रही है। तब उन्होंने राखी के मुंह में जोर से चम्मच घुसेड़ दिया था, जिससे उसके कई दांत टूट गए थे। राखी की छाती पर चढ़कर दोनों पैर से कई बार दबाया था। जिससे वह और बुरी तरह घायल हो गई थी। देर रात ही तड़प-तड़प कर राखी ने दम तोड़ दिया था।
दिनभर सांसद ने दी धमकी
नाबालिग ने बयान में कहा है कि राखी की मौत होने पर सांसद व जागृति उसे दिनभर बैठाकर धमकी देते रहे कि अगर उसने किसी के पास भी मुंह खोला तो वे लोग उसके पूरे परिवार को खत्म करवा देंगे। जागृति ने दोनों को घर से कहीं भी बाहर निकलने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा था।
गर्म प्रेस से दाग दिया था
जब नाबालिग के बाल बढ़ जाते थे तब वह राखी से इस्तेमाल किया हुआ रेजर से उसके बाल मुड़वा देती थी। बात-बात में जागृति दोनों के गर्दन पकड़ नोंच डालती थी। नाबालिग ने बताया कुछ समय पूर्व जागृति ने उसके पैर व प्राइवेट पार्ट पर गर्म प्रेस से जला डाला था।
वह अकसर दोनों को डराती थी कि अगर वे घर से बाहर निकलेंगे तो उन्हें उनकी कोठी में तैनात नागालैंड पुलिस के जवान गोली मार देंगे। चौंकाने वाली बात यह है कि जागृति ने अपने घर में 20 सीसीटीवी कैमरे लगा रखी है। वह सर्वेट क्वार्टर के बाथरूम में भी सीसीटीवी कैमरे लगा रखी है। इसके पीछे उनका मकसद क्या था पुलिस उसका पता लगा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि कुछ समय पूर्व जागृति ने एक बार राखी व नाबालिग को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। तब उन्होंने दोनों की दिनभर पिटाई की थी।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment