Thursday, 21 November 2013

Google Unveils Prepaid Debit Card

Google

सैन फ्रांसिस्को। इंटरनेट दिग्गज गूगल इंक ने वित्तीय सेवा क्षेत्र में भी पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। कंपनी ने ऐसा प्रीपेड डेबिट कार्ड लांच किया है, जिससे ग्राहक न सिर्फ खरीदारी कर सकेंगे, बल्कि इसके जरिए एटीएम मशीन से अपनी रकम भी निकाल सकेंगे। कंपनी ने यह कार्ड फिलहाल सिर्फ अमेरिका में ही लांच किया है।
इस कार्ड के जरिए ग्राहक अपने गूगल वॉलेट अकाउंट में जमा रकम का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल कर सकेंगे। गूगल वॉलेट ऑनलाइन पेमेंट सुविधा उपलब्ध कराने वाला एक स्मार्टफोन एप है। इसमें ग्राहकों को खरीदारी करने और एक दूसरे को रकम ट्रांसफर करने की सुविधा मिलती है। गूगल ने एक बयान में कहा कि यह नया डेबिट कार्ड उन सभी जगहों पर स्वीकार किया जाएगा जहां मास्टर कार्ड स्वीकार किए जाते हैं। साथ ही एटीएम से भी इस कार्ड के जरिए रकम निकाली जा सकती है। कंपनी ने कहा कि ग्राहक इस नए वॉलेट कार्ड को अपने ऑनलाइन अकाउंट से जोड़कर इसमें रकम डाल सकेंगे। साथ ही किसी अन्य वॉलेट कार्ड से रकम ट्रांसफर किए जाने पर इसमें रकम हासिल कर सकेंगे।

गूगल ने अपने ब्लॉग पर एक बयान में कहा कि यह कार्ड पूरी तरह से मुफ्त है। कंपनी इसके लिए किसी तरह का मासिक या सालाना शुल्क नहीं लेगी। इस कार्ड से कंपनी को कारोबारी क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने और ग्राहकों की खरीदारी आदतों की बेहतर जानकारियां हासिल करने में मदद मिलेगी। इस बात की अटकलें लगाई जा रही थीं कंपनी पूरी तरह से अपना क्रेडिट कार्ड बाजार में उतार सकती है। कंपनी की यह कार्ड लांच करने की योजना तब खटाई में पड़ गई थी जब गूगल के वॉलेट एंड पेमेंट ग्रुप के प्रमुख ओसामा बेडियर ने मई में कंपनी छोड़ दी थी। गूगल के प्रवक्ता ने कहा किया कि नए वॉलेट कार्ड से की जाने वाली खरीदारी की जानकारी का उपयोग विज्ञापन सेवाओं के लिए किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment