कोच्चि [जेएनएन]। सचिन तेंदुलकर के बाद शतकों के मास्टर बनते जा रहे विराट कोहली गुरुवार को भले ही अपने 18वें शतक से महज 14 रन से चूक गए, लेकिन उनकी 86 रन की शानदार पारी की मदद से भारत ने पहले वनडे में वेस्टइंडीज पर छह विकेट की आसान जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज के अपने नए किरदार को बखूबी निभा रहे रोहित शर्मा ने भी 72 की आकर्षक पारी खेली, जिससे भारत ने 212 रन का लक्ष्य 88 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया। भारत की जीत में गेंदबाजों खासकर स्पिनरों की भी अहम भूमिका रही। बायें हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा और पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर सुरेश रैना ने तीन-तीन विकेट झटके, जिससे वेस्टइंडीज की टीम 48.5 ओवर में 211 रन पर ही सिमट गई। जडेजा ने 37 रन पर तीन विकेट, रैना ने 34 रन पर तीन विकेट और ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने 42 रन पर दो विकेट लेकर मेहमान टीम को टिकने का मौका नहीं दिया। वेस्टइंडीज की तरफ से डेरेन ब्रावो ने सर्वाधिक 59 रन और सलामी बल्लेबाज जॉनसन चार्ल्स ने 42 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने चौथे ओवर में ही शिखर धवन (05) का विकेट गंवा दिया। असमान उछाल के साथ स्पिनरों की मददगार पिच को देखते हुए लगा कि कैरेबियाई टीम भारत को लक्ष्य हासिल करने में दिक्कत पैदा करेगी, लेकिन अगले बल्लेबाज कोहली और रोहित ने दूसरे विकेट के लिए 21.4 ओवर में 6.13 की औसत से 133 रन बटोरते हुए मैच एकतरफा बना दिया। रोहित के जाने के बाद कोहली ने युवराज सिंह (नाबाद 16) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। भारत की जीत तय थी, दर्शकों को बस इंतजार था कोहली के शतक का। लक्ष्य छोटा होने की वजह से कोहली ने यह काम जल्दी पूरा करना चाहा, इसी चक्कर में वह होल्डर की गेंद को हवा में खेल गए जो नरेन के हाथों में जा समाई। आउट होने से ठीक पहले कोहली ने होल्डर की गेंद पर जोरदार छक्का जमाते हुए वनडे करियर में 5000 रन भी पूरे किए।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैरेबियाई टीम को पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर ही जोरदार झटका लगा जब गेंदबाज भुवनेश्वर ने रन चुराने की कोशिश कर रहे विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को खाता खोलने से पहले ही सीधे थ्रो पर रन आउट कर दिया। हालांकि चार्ल्स और मर्लोन सैमुअल्स (24) ने दूसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी करके टीम को इस झटके से उबारा। कैरेबियाई टीम एक समय 27 ओवर में तीन विकेट पर 142 रन बनाकर अच्छीच्स्थिति में दिख रही थी, लेकिन रैना, जडेजा और अश्विन ने इसके बाद कैरेबियाई टीम का सस्ते में पुलिंदा बांध दिया। तीन मैचों की सीरीज का अगला मैच रविवार को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।
Source- Cricket News in Hindi
No comments:
Post a Comment