कोलकाता। सचिन तेंदुलकर की मैदान पर एकाग्रता से प्रेरित होकर उनके दोस्त और कलाकार सनातन डिंडा ने इस स्टार क्रिकेटर की एक पेंटिंग तैयार की है जिसमें उन्हें महाभारत के मशहूर पात्र अर्जुन के रूप में दिखाया गया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डेस में अपना 199वां टेस्ट मैच खेल रहे तेंदुलकर को इस तैलचित्र में भूरे रंग से रंगा गया है, जबकि उनके माथे पर नीले रंग के पैच हैं जो आसमान छूने के उनके सपनों और महत्वाकांक्षा के प्रतीक हैं। ईडन टेस्ट शुरू होने से दो दिन पहले स्केच तैयार करने वाले डिंडा ने कहा कि उनके दिमाग में अचानक ही यह चित्र बनाने का विचार आया। इससे पहले तेंदुलकर को अपनी पांच अन्य पेंटिंग को उपहार देने वाले डिंडा ने कहा कि मैं इसे बेचूंगा नहीं और यदि सचिन भी इसे चाहेंगे तो मैं उन्हें भी न कह दूंगा। मैं इसे अपने निजी संग्रहालय में रखना चाहता हूं।
तेंदुलकर के नाम वाले सामान की मांग
कोलकाता। सचिन तेंदुलकर की विदाई सीरीज को लेकर स्टेडियम के भीतर तो सचिन ही सचिन दिख रहे हैं। पर, बाहर का नजारा भी कुछ कम नहीं है। कोलकाता के खेल की दुकानों पर इस महान खिलाड़ी से जुड़े सामानों की जबरदस्त बिक्री हो रही है। सचिन के नाम वाले हैट, हेड बैंड, टीशर्ट और आर्मबैंड की जबरदस्त मांग है। ईडन के आसपास के इलाकों में सैकड़ों विक्रेता सामान बेचते देखे जा सकते हैं। यह अलग बात है कि ये सामान ब्रांडेड नहीं हैं। इसके बावजूद लोगों को ये पसंद आ रहे हैं।
सचिन की दूसरी पारी देखने को शाहरुख बेकरार
कोलकाता। वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की दूसरी पारी देखने के लिए सुपरस्टार शाहरुख खान बेकरार हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सुरक्षाकर्मियों से हाथापाई के बाद शाहरुख के प्रवेश पर प्रतिबंध है। इसलिए वह कोशिश करेंगे कि ईडन गार्डस में मास्टर ब्लास्टर के बल्ले का कमाल देख सकें। शाहरुख ने कहा, 'मैं एक फिल्म महोत्सव के सिलसिले में कोलकाता जा रहा हूं और कोशिश करूंगा कि वहां टेस्ट मैच देख सकूं। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि वहां जा जाकर उन्हें (सचिन को) शुभकामनाएं दे सकूं।' शाहरुख ने कहा कि उन्होंने क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है। उन्हें अब आराम और अनुकूल माहौल चाहिए, ताकि वह अपने परिवार के साथ खुशहाल समय बिता सकें
तेंदुलकर पर पवेलियन का नाम रखेगा एमआइजी क्लब
मुंबई। बांद्रा के एमआइजी क्रिकेट क्लब ने अपने ड्रेसिंग रूम सहित अपने पवेलियन का नाम महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम पर रखने का फैसला किया है। एमआइजी क्रिकेट क्लब के सचिव आशीष पटनाकर ने कहा कि छह से आठ महीने पहले उनसे बात की और उन्होंने इस पर सहमति जताई थी। पटनाकर ने कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद तेंदुलकर इस पवेलियन का उदं्घाटन करेंगे। क्लब अपनी आगे की दीवार पर इस सीनियर क्रिकेटर की 24 फुट लंबी और 12 चौड़ी पेंटिंग बनवाएगा। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि यह पेंटिंग दस नवंबर तक पूरी हो जाएगी। मैं मुंबई टेस्ट से पहले उन्हें यह पेंटिंग देखने के लिए आमंत्रित करूंगा।
Source- Cricket News in Hindi
No comments:
Post a Comment