Sunday, 17 November 2013

World war Between Cong-BJP on Girl Detection

narendra modi
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस और भाजपा में छिड़ी चुनावी जंग अब नए मोड़ पर आ गई है। तीखे बयानों के बजाय इस बार महिला सुरक्षा और सम्मान के सवाल पर दोनों में घमासान छिड़ गया है। दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर घिरी कांग्रेस ने गुजरात में एक युवती की सरकारी जासूसी का मामला उछाल कर नरेंद्र मोदी की पीएम उम्मीदवारी पर भी सवाल खड़ा कर दिया है। भाजपा ने कांग्रेस की इस कोशिश को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। खुद मोदी ने कहा कि कांग्रेस उन्हें पचा नहीं पा रही है।

लगातार चौथी बार दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने की लड़ाई लड़ रहीं शीला दीक्षित के खिलाफ भाजपा ने महिला सुरक्षा को बड़ा मुद्दा बनाया है। यही वजह है कि बीते शुक्रवार को जब दो खुफिया पोर्टलों ने मोदी के नजदीकी और तत्कालीन गृह राज्य मंत्री अमित शाह के निर्देश पर गुजरात में एक आर्किटेक्ट युवती की जासूसी का खुलासा किया तो कांग्रेस उसे तूल देने में जुट गई। रविवार को कांग्रेस की महिला ब्रिगेड - केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास, जयंती नटराजन, उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा - ने सुप्रीम कोर्ट के जज से मामले की जांच की मांग की।

उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की बात सही साबित होती है तो मोदी को गुजरात में शासन करने और प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी बने रहने का नैतिक हक नहीं रह जाता। दिल्ली में चुनाव प्रचार करते हुए मुख्यमंत्री शीला दीक्षित भी मोदी पर निशाना साधने से नहीं चूकीं।

विधानसभा चुनावों के इस अहम चरण में उठे सवालों से सतर्क भाजपा ने कांग्रेस को ही कठघरे में खड़ा कर दिया। खुद मोदी ने बेंगलूर में कहा, 'कांग्रेस मोदी को पचा नहीं पा रही है. इसीलिए तरह-तरह के षड्यंत्र हो रहे हैं।' भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने कहा, 'युवती के मामले को जिस तरह से उछाला गया है वह गलत है। इस मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। इस निगरानी में कुछ भी गैरकानूनी नहीं था।

खुद युवती के पिता कह चुके हैं कि उनके आग्रह पर निगरानी हुई थी। युवती व उसके परिवार से कोई शिकायत नहीं की गई है, लेकिन एक वेबसाइट ने कांग्रेस के इशारे पर इसका खुलासा किया, ताकि गलत तरीके से राजनीतिक लाभ उठाया जा सके।'
''जासूसी की यह कार्रवाई एक महिला के निजता के अधिकारों और भारतीय टेलीग्राफ कानून का उल्लंघन है। सुप्रीम कोर्ट के जज से इसकी जांच कराई जानी चाहिए।''
-गिरिजा व्यास (केंद्रीय मंत्री)
---
''युवती के पिता कह चुके हैं कि उनके आग्रह पर निगरानी हुई थी। एक महिला के निजी मामले को राजनीतिक रंग देकर कांग्रेस खुद अपराधी हो गई है।''
- मीनाक्षी लेखी (भाजपा प्रवक्ता)

 Source- Hindi News

No comments:

Post a Comment