पटना, जागरण संवाददाता। चारों ओर महंगाई के असर के बीच बृहस्पतिवार को बिहार में एक अफवाह के चलते नमक करीब 70 रुपये किलो तक बिका। बाद में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। प्रदेश के खाद्य एवं उपभोक्ता मामलात मंत्री श्याम रजक ने इस हरकत का आरोप भाजपा पर लगाया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।
खाद्य मंत्री ने बताया कि दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर व मधुबनी जिले में ऐसी सूचना फैलाई गई कि गुजरात से नमक के आवक में कमी आने की वजह से इसके दाम कई गुना बढ़ गए हैं। जल्द ही यह दुष्प्रचार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी फैल गया। घबराए लोगों ने 70 रुपये किलो तक नमक की खरीद कर डाली। उन्होंने कहा कि विभाग लोगों तक इस बात की सूचना पहुंचा रहा है कि सरकार के पास पर्याप्त मात्रा में नमक है। जानकारी के अनुसार तीन से चार घंटे तक बाजारों में यह अव्यवस्था फैली रही। लोगों ने पांच-पांच किलो तक नमक एक बार में खरीद लिया। इस दौरान पुलिस पेट्रोलिंग जीप से नमक के पर्याप्त भंडार होने की सूचना प्रसारित की जाती रही। मामले में बेतिया में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बिहार खुदरा विक्रेता संघ के महासचिव रमेश चंद्र तलरेजा ने बताया कि नमक की कमी नहीं है। कीमत भी नहीं बढ़ी है। लोग तय मूल्य से अधिक वसूलने वालों के खिलाफ प्रशासन से शिकायत करें। हाल में ओडिशा में भी अफवाह के चलते कुछ जगहों पर 60 रुपये किलो तक नमक की बिक्री हुई थी।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment