राजनांदगांव, नई दुनिया ब्यूरो। पहले चरण के चुनाव की पूर्व संध्या पर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले में दो आइईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) धमाके हो गए। चुनाव में बाधा पहुंचाने के लिए रविवार को नक्सलियों ने बूथ जा रहे एक मतदान दल पर हमला कर दिया। बाघडोंगरी गांव में बनाए गए बूथ से थोड़ी दूर पहले कम तीव्रता का विस्फोट करने के बाद नक्सली भाग खड़े हुए। घटना में इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आइटीबीपी) के दो जवान जख्मी हो गए। दल के सभी सदस्यों के अलावा उनके साथ चल रही पूरी आइटीबीपी फोर्स सुरक्षित है।
मतदान दल औंधी क्षेत्र से करीब आठ किलोमीटर दूर बूथ नंबर 213 के लिए जा रहा था। दल में पीठासीन अधिकारी समेत चार सदस्य थे। उनकी सुरक्षा के लिए करीब डेढ़ सौ जवान थे। बताया जा रहा है कि नक्सली विस्फोट स्थल के आसपास घात लगाकर बैठे थे। उनका निशाना आइटीबीपी की टीम थी। विस्फोट के बाद नक्सलियों की ओर से कोई फायरिंग नहीं की गई। इस कारण फोर्स ने भी मोर्चा संभालने के बाद भी हथियार नहीं चलाया। हमले से दहशत में आए मतदान दल के सदस्य फोर्स के साथ पास के गांव मोरचूल लौट गए। अब उन्हें सोमवार तड़के बूथ तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने नक्सल बेल्ट में चौकसी और बढ़ा दी है।
18 सीटों पर मतदान आज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहले चरण की 18 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले जाएंगे। नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग व राजनांदगांव जिले की इन सीटों पर 143 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें राजनांदगांव से मुख्यमंत्री रमन सिंह सहित राज्य सरकार के तीन मंत्री भी शामिल हैं। सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment